Brain Health: दिमाग तेज करने की बात आते ही अक्सर सलाह मिलती है कि रोज सुबह भीगे हुए बादाम खाएं। बेशक बादाम पौष्टिक हैं, लेकिन क्या केवल इन्हें खाने से याददाश्त अच्छी रह सकती है? इसका जवाब सटीक हां नहीं है। दरअसल, हमारा दिमाग चौबीसों घंटे काम करता है। इसलिए उसे किसी एक ‘जादुई’ चीज की नहीं, बल्कि बैलेंस्ड डाइट के साथ ही बैलेंस्ड रुटीन की भी जरूरत है।
दिल्ली के सीके बिड़ला हॉस्पिटल के न्यूरोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. के. के. जिंदल ने दिमाग को लंबे समय तक दुरुस्त रखने की कुछ जरूरी बातें बताई हैं। उनका कहना है कि दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ रखने का कोई एक जादुई फूड नहीं होता। रोजमर्रा की छोटी-छोटी अच्छी आदतें उम्र बढ़ने के साथ ब्रेन को स्वस्थ रखने और याददाश्त कम होने के खतरे को घटाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।
आइए डॉक्टर की इस सलाह से समझते हैं कि बादाम के अलावा दिमाग को दुरुस्त रखने के लिए आपकी प्लेट और रुटीन में और क्या क्या शामिल होना चाहिए।
1. अखरोट और सीड्स भी खाएं
बादाम के साथ अखरोट, अलसी, चिया सीड्स और कद्दू के बीज भी दिमाग को शार्प रखने में मदद करते हैं। इनमें हेल्दी फैट सहित ऐसे पोषक तत्व मिलते हैं, जो दिमाग की वर्किंग को बनाए रखने में मदद करते हैं। हालांकि इनको एक दिन में ही बहुत ज्यादा खाने के बजाय थोड़ी मात्रा में नियमित रूप से लें।
2. ओमेगा-3 को नजरअंदाज न करें
डॉ. जिंदल के अनुसार, ब्रेन हेल्थ के लिए ओमेगा-3 से भरपूर चीजें उपयोगी हैं। मछली खाने वाले लोग इसे अपने भोजन में शामिल कर सकते हैं। वहीं शाकाहारी लोग अखरोट, अलसी और चिया सीड्स जैसे विकल्प चुन सकते हैं।
3. थाली में हरी सब्जियां बढ़ाएं
पालक, मेथी, सरसों, बथुआ और दूसरी हरी पत्तेदार सब्जियां केवल शरीर ही नहीं, दिमाग के लिए भी अच्छी हैं। मौसम के अनुसार अलग-अलग रंगों की सब्जियां खाएं ताकि शरीर को कई तरह के पोषक तत्व मिल सकें।
4. रंग-बिरंगे फल खाएं
बेरीज को नियमित तौर पर अपने खाने में शामिल करें। इनके अलावा जामुन, अमरूद, अनार, संतरा और दूसरे मौसमी फल भी अच्छे विकल्प हो सकते हैं। फलों का जूस निकालने के बजाय उन्हें साबुत खाना बेहतर है।
5. साबुत अनाज चुनें
हर समय मैदा और अत्यधिक प्रोसेस्ड चीजें खाने के बजाय गेहूं, जौ, बाजरा, ज्वार, रागी और ओट्स जैसे साबुत अनाज चुनें। ये शरीर को ऊर्जा देते हैं और संतुलित आहार का अहम हिस्सा हैं।
6. प्रोटीन और हेल्दी फैट जरूरी हैं
अंडे खाने वाले लोग इन्हें अपनी डाइट में रख सकते हैं। शाकाहारी भोजन में दाल, चना, राजमा, सोयाबीन और पनीर शामिल किए जा सकते हैं। खाना बनाने के लिए तेल की मात्रा सीमित रखें। उपयुक्त होने पर ऑलिव ऑयल जैसे विकल्प भी लिए जा सकते हैं।
7. चलने से दिमाग करें मजबूत
दिमाग को तेज करने के लिए रोज करीब 30 मिनट टहलना जरूरी है। इसी के साथ हल्की एक्सरसाइज करना या योग करना भी जरूरी है। हां, ये ध्यान रखें कि अपनी उम्र और स्वास्थ्य के अनुसार गतिविधि चुनें।
8. सात से आठ घंटे सोएं
देर रात तक मोबाइल देखते रहने और अधूरी नींद का असर अगले दिन एकाग्रता पर दिखाई दे सकता है। कोशिश करें कि सोने और जागने का समय तय हो तथा रोज सात से आठ घंटे की अच्छी नींद मिले।
9. दिमाग को नया काम दें
किताब पढ़ें, पहेलियां सुलझाएं, कोई नई भाषा सीखें, संगीत का अभ्यास करें या कोई नया कौशल अपनाएं। दिमाग को एक्टिव रखने के लिए हर दिन कुछ नया सीखना जरूरी है। परिवार और दोस्तों के साथ बातचीत और मेलजोल बनाए रखना भी उतना ही अहम है।
10. बीपी, शुगर और तनाव संभालें
ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल को अनदेखा न करें। नियमित जांच कराएं और डॉक्टर की दवाएं अपनी मर्जी से बंद न करें। धूम्रपान से दूरी रखें, शराब सीमित करें और पर्याप्त पानी पिएं। तनाव ज्यादा हो तो ध्यान, गहरी सांस या किसी अपने से बातचीत की मदद लें।
यानी सुबह के बादाम खाते रहिए, लेकिन ब्रेन हेल्थ की पूरी जिम्मेदारी उन पर मत डालिए। दिमाग को स्वस्थ रखने का असली रास्ता आपकी पूरी थाली और रोज की आदतों से होकर जाता है।
