हेल्थ

Phone Hand: 'फोन हैंड' बन रहा नई परेशानी, ज्यादा स्मार्टफोन चलाने से उंगलियों और कलाई पर पड़ रहा बुरा असर

Phone Hand: क्या लंबे समय तक मोबाइल चलाने से आपके हाथ, अंगूठे या कलाई में दर्द होता है? बता दें कि यह कोई छोटी समस्या नहीं, बल्कि आज के समय में एक गंभीर स्थिति बनती जा रही है, जिसे 'फोन हैंड' क्या है। यहां डॉक्टर से जानें आखिर क्या है ये नई समस्या।

Image

ज्यादा मोबाइल का यूज कैसे डाल रहा हाथ और कलाई पर असर।

Phone Hand: आज के समय में मोबाइल फोन हमारी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। सुबह आंख खुलते ही लोग फोन देखने लगते हैं और रात तक घंटों स्क्रीन पर लगे रहते हैं। कोई सोशल मीडिया चला रहा है, कोई गेम खेल रहा है तो कोई लगातार चैटिंग कर रहा है। लेकिन क्या आपने कभी महसूस किया है कि ज्यादा देर मोबाइल चलाने के बाद अंगूठे, उंगलियों या कलाई में दर्द होने लगता है? कई लोगों को हाथ सुन्न पड़ने, झनझनाहट या पकड़ कमजोर होने जैसी परेशानी भी होने लगी है।

डॉक्टर अब इस समस्या को आसान भाषा में 'फोन हैंड' कह रहे हैं। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद में सीनियर कंसल्टेंट और ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. कृष्ण सुभ्रमण्यम का कहना है कि जरूरत से ज्यादा स्मार्टफोन (Smartphone side effects) इस्तेमाल करने से हाथों की नसों और मांसपेशियों पर लगातार दबाव पड़ता है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह परेशानी धीरे-धीरे बढ़ सकती है।

मोबाइल पकड़ने का तरीका भी बन सकता है वजह

कई लोग घंटों एक ही हाथ से फोन पकड़कर स्क्रॉल करते रहते हैं। कुछ लोग लेटकर या गर्दन झुकाकर मोबाइल चलाते हैं। ऐसा करने से हाथों और कलाई पर ज्यादा दबाव पड़ता है। बड़े स्क्रीन वाले फोन को लंबे समय तक पकड़ने से अंगूठे और उंगलियां जल्दी थकने लगती हैं। यही आदत धीरे-धीरे दर्द और अकड़न की वजह बन सकती है।

इन संकेतों को हल्के में न लें

अगर मोबाइल चलाते समय अंगूठे में दर्द हो, कलाई भारी लगे या उंगलियों में झनझनाहट महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार सुबह उठने पर हाथ अकड़ा हुआ लगता है। कुछ लोगों को फोन पकड़ते समय हाथ कमजोर महसूस होता है। लंबे समय तक मोबाइल चलाने के बाद उंगलियों में थकान और जलन जैसा एहसास भी हो सकता है।

छोटी उंगली पर भी पड़ रहा असर

आजकल बहुत से लोग फोन को छोटी उंगली के सहारे पकड़ते हैं। लगातार ऐसा करने से छोटी उंगली में दर्द या निशान जैसा महसूस हो सकता है। इसे लोग स्मार्टपोन पिंकी 'Smartphone Pinky' भी कहने लगे हैं। यह कोई बड़ी बीमारी नहीं है, लेकिन यह इस बात का इशारा जरूर है कि फोन पकड़ने का तरीका सही नहीं है।

गर्दन और कंधे भी हो रहे परेशान

मोबाइल को लगातार नीचे देखकर चलाने से गर्दन और कंधों में दर्द की शिकायत भी बढ़ रही है। देर रात तक बिना ब्रेक फोन चलाने से शरीर की नसों और मांसपेशियों पर असर पड़ता है। यही वजह है कि आजकल कम उम्र के लोगों में भी हाथ और गर्दन दर्द की समस्या बढ़ती जा रही है।

कैसे करें बचाव

डॉक्टर सलाह देते हैं कि हर थोड़ी देर में मोबाइल से ब्रेक लेना जरूरी है। कोशिश करें कि फोन दोनों हाथों से इस्तेमाल करें। बहुत देर तक लगातार स्क्रॉलिंग करने से बचें। हाथ और कलाई को थोड़ा आराम दें और हल्की स्ट्रेचिंग करें। जरूरत हो तो वॉइस टाइपिंग या ईयरफोन का इस्तेमाल करें। अगर दर्द या सुन्नपन लंबे समय तक बना रहे, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article