स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उन्हें मुंबई के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का साथ मिला है। एकनाथ शिंदे ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे कांबली के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। विनोद कांबली ने अपने परिवार के साथ एकनाथ शिंदे से मुलाकात की, इस दौरान शिंदे ने उनके इलाज का पूरा खर्च और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की बड़ी जिम्मेदारी स्वीकार करने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान एकनाथ शिंदे ने कांबली परिवार के साथ खड़े रहने की स्पष्ट गारंटी दी। शिंदे के इस कदम को एक बार फिर उनकी संवेदनशीलता और मददगार स्वभाव से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि वे पहले भी कई जरूरतमंदों की सहायता करते रहे हैं और कई बार तो अपना काफिला रोककर लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं।
आर्थिक तंगी में कांबली का परिवार
गौरतलब हो कि दिग्गज क्रिकेटर विनोद कांबली इन दिनों आर्थिक तंगी और स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतों के दौर से गुजर रहे हैं, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर उनके वीडियो वायरल होते रहते हैं। हाल ही में एक केयर सेंटर से उनका वीडियो सामने आने के बाद फैंस के बीच उनकी हालत को लेकर काफी चिंता देखी गई थी। केयर सेंटर से गायब होने की भी खबरे आईं थी, जिसने फैंस की चिंताएं बढ़ा दी थी।
केयर सेंटर में रह रहे कांबली
फिलहाल विनोद कांबली ठाणे के घोडबंदर रोड स्थित कासारवडवली के निदान सेंटर फॉर एल्डरली केयर में रह रहे हैं और वहीं अपना उपचार करा रहे हैं। इस केंद्र में उन्हें जरूरी देखभाल और सुविधाएं मिल रही हैं। बीच के समय में कांबली की सेहत काफी बिगड़ गई थी और उन्हें चलने-फिरने में भी खासी परेशानी हो रही थी, जबकि कमजोर आर्थिक स्थिति ने उनकी चुनौतियों को और बढ़ा दिया।
