हेल्थ

Heatwave में जिम और रनिंग करना कितना सुरक्षित, गर्मी में ज्यादा कसरत बन सकती है खतरा, इन बातों का रखें ध्यान

Heatwave workout tips Hindi: गर्मी में हीटवेव यानी लू के दौरान जिम में एक्सरसाइज या घर से बाहर रनिंग आदि करना काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में आपको कुछ जरूरी बातों का खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। चलिए डॉक्टर से जानते हैं हीटवेव में वर्कआउट करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

Image

हीटवेव में हैवी एक्सरसाइज करने सेहत पर पड़ सकता है भारी

Heatwave workout tips Hindi: सेहतमंत रहने के लिए लोग एक्सरसाइज जरूर करते हैं। इसके लिए कुछ सुबह-शाम जिम जाते हैं, या फिर रनिंग करते हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो पार्क जाकर हल्के वर्कआउट करते हैं। लेकिन क्या गर्मी और हीटववे के दौरान ऐसा करना सुरक्षित है? एक्सपर्ट्स की मानें तो जब बाहर गर्म हवाएं यानी लू चल रही हो, तो फिट रहने के लिए जरूरी मानी जाने वाली एक्सरसाइज भी परेशानी का सबब बन सकती है। कई बार हम देखते हैं कि लोग बिना सोचे-समझे धूप में दौड़ लगाते रहते हैं या घंटों जिम में भारी वर्कआउट करते हैं। इससे शरीर जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाता है और कमजोरी, चक्कर या लू जैसी दिक्कत हो सकती है।

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर, फिजिशियन और डायबिटीज एक्सपर्ट डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी कहते हैं कि गर्मियों में एक्सरसाइज बंद करने की जरूरत नहीं है, लेकिन इस समय थोड़ी सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। भीषण गर्मी में एक्सरसाइज करने का सही समय, सही तरीका और शरीर के संकेत समझना बेहद जरूरी है। चलिए डॉक्टर से ही जानते हैं हीटवेव में एक्सरसाइज करने से जुड़ी जरूरी सावधानियां...

गर्मी में ज्यादा एक्सरसाइज क्यों पड़ सकती है भारी

डॉ. बताते हैं कि जब हम कोई फिजिकल एक्टिविटी करते हैं जैसे दौड़ना, जिम करते हैं या ज्यादा मेहनत वाला काम करते हैं, तब शरीर के अंदर गर्मी बढ़ती है। आम दिनों में पसीना निकलकर शरीर को ठंडा कर देता है। लेकिन हीटवेव में बाहर का तापमान पहले से बहुत ज्यादा होता है, इसलिए शरीर खुद को जल्दी ठंडा नहीं कर पाता। ऐसे में ज्यादा देर तक एक्सरसाइज करने से हालत बिगड़ सकती है।

Heatwave Safety Tips

एक्सरसाइज करें मगर ये लक्षण अनदेखा न करें

शरीर दे ये संकेत तो तुरंत रुक जाएं

एक्सरसाइज करते समय आपको कुछ जरूरी संकेतों को समझना और उनका ध्यान रखना बहुत जरूरी है जैसे:

  • अगर वर्कआउट करते समय चक्कर आने लगे
  • सिर भारी लगे
  • बहुत ज्यादा पसीना आए
  • दिल तेजी से धड़कने लगे
  • या अचानक कमजोरी महसूस हो

तो इस तरह की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर कहते हैं कि ये शरीर के ज्यादा गर्म होने के संकेत हो सकते हैं। ऐसी हालत में तुरंत आराम करें, छांव या ठंडी जगह पर जाएं और पानी पिएं।

किन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत

डॉ. रेड्डी के मुताबिक जिन लोगों को शुगर, दिल की परेशानी, सांस की दिक्कत, मोटापा या ब्लड प्रेशर की समस्या है, उन्हें गर्मी में ज्यादा संभलकर एक्सरसाइज करनी चाहिए। छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर भी गर्मी का असर जल्दी होता है, इसलिए इनके लिए तेज धूप में दौड़ना या ज्यादा मेहनत करना सही नहीं माना जाता।

सुबह-शाम का समय है ज्यादा बेहतर

दोपहर में जब धूप सबसे ज्यादा तेज होती है, उस समय बाहर दौड़ना या भारी वर्कआउट करना आपके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में कोशिश करें कि सुबह जल्दी या शाम को हल्की ठंडक होने पर ही एक्सरसाइज करें। इससे शरीर पर कम असर पड़ता है और थकान भी कम होती है।

पानी पीना और हल्के कपड़े पहनना भी जरूरी

बता दें कि गर्मियों में सिर्फ एक्सरसाइज करना ही काफी नहीं है, शरीर में पानी की कमी न हो इसका भी ध्यान रखना बहुत जरूरी है। हमेशा ध्यान रखें कि वर्कआउट से पहले और बाद में पानी जरूर पिएं, चाहे प्यास लगे या नहीं। साथ ही ढीले और हल्के कपड़े पहनें, ताकि शरीर को हवा मिलती रहे और ज्यादा गर्मी महसूस न हो।

फिटनेस से ज्यादा जरूरी है सेहत

हमें यह समझने की जरूरत है कि हर मौसम में शरीर की जरूरत अलग होती है। गर्मियों में जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने की बजाय शरीर को समझना ज्यादा जरूरी है। अगर बहुत ज्यादा गर्मी हो, तो हल्का वर्कआउट करना ही बेहतर है। ध्यान रखें कि थोड़ी सी सावधानी आपको बीमार होने से बचा सकती है और फिट भी रख सकती है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article