हेल्थ

सिर्फ Heatwave नहीं, आपकी ये 7 आदतें भी बढ़ा रही हैं Body Heat, 90% लोग नॉर्मल समझ रोज करते हैं ये गलती

Daily Habits That Increase Body Heat: क्या आप जानते हैं गर्मी में सिर्फ मौसम नहीं, आपकी रोज की कुछ आदतें भी शरीर की गर्मी बढ़ा सकती हैं। जानिए रोज की ऐसी ही कुछ आम गलतियां जिन्हें लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

Image

शरीर की गर्मी सिर्फ गर्म हवाओं से नहीं बढ़ती, आप रोज ये 7 गलतियां भी करते हैं।

Daily Habits That Increase Body Heat: गर्मी आते ही लोग कहते हैं कि मौसम बहुत खराब है, इसलिए शरीर में गर्मी बढ़ रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार सिर्फ धूप या हीटवेव (Heatwave) या लू ही इसकी वजह नहीं होती, बल्कि हमारी रोज की कुछ छोटी-छोटी आदतें भी शरीर को अंदर से गर्म करने लगती हैं। परेशानी की बात ये है कि ज्यादातर लोग इन्हें आम बात समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। फिर इसकी वजह से धीरे-धीरे सिर भारी लगना, ज्यादा पसीना आना, मुंह सूखना, बेचैनी और थकान जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। अच्छी बात यह है कि अगर समय रहते इन आदतों को बदल लिया जाए तो गर्मियों में शरीर को काफी हद तक ठंडा और आराम में रखा जा सकता है।

कम पानी पीना पड़ सकता है भारी

बहुत लोग दिनभर काम में लगे रहते हैं और पानी पीना भूल जाते हैं। जब शरीर में पानी कम होने लगता है तो शरीर गर्म महसूस होने लगता है। कई बार लोग सिर्फ प्यास लगने पर पानी पीते हैं, जबकि गर्मियों में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना जरूरी होता है। इससे शरीर को ठंडक मिलती रहती है।

ज्यादा मसालेदार खाना भी बढ़ाता है गर्मी

तेज मिर्च-मसाले वाला खाना खाने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। बाहर का तला-भुना खाना पेट को भी परेशान करता है। गर्मियों में हल्का खाना खाना ज्यादा अच्छा माना जाता है। दही, फल और घर का सादा खाना शरीर को राहत देता है।

चाय-कॉफी और कोल्ड ड्रिंक की ज्यादा आदत

कई लोग गर्मी में बार-बार ठंडी बोतल या ज्यादा चाय-कॉफी पीते रहते हैं। इससे कुछ देर राहत जरूर मिलती है, लेकिन शरीर में पानी की कमी भी होने लगती है। यही वजह है कि शरीर अंदर से ज्यादा गर्म महसूस करने लगता है।

नींद पूरी न होना भी है वजह

अगर रोज अच्छी नींद नहीं मिलती तो शरीर थका-थका लगता है। कम सोने से चिड़चिड़ापन और बेचैनी भी बढ़ सकती है। गर्मियों में शरीर को आराम देना बहुत जरूरी होता है, इसलिए पूरी नींद लेना जरूरी माना जाता है।

तेज धूप में ज्यादा देर रहना

दोपहर की तेज धूप में ज्यादा देर तक घूमना शरीर पर बुरा असर डाल सकता है। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढककर निकलें और पानी साथ रखें। खाली पेट धूप में निकलना भी सही नहीं माना जाता।

टाइट और मोटे कपड़े पहनना

गर्मियों में ऐसे कपड़े पहनने चाहिए जिनमें हवा आसानी से लग सके। बहुत टाइट या मोटे कपड़े पहनने से पसीना ज्यादा आता है और शरीर गर्म महसूस करता है। हल्के और सूती कपड़े गर्मी में ज्यादा आराम देते हैं।

हर समय तनाव लेना भी ठीक नहीं

ज्यादा चिंता और तनाव लेने का असर सिर्फ दिमाग पर नहीं, शरीर पर भी पड़ता है। कई लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान रहते हैं, जिससे बेचैनी और गर्मी ज्यादा महसूस हो सकती है। इसलिए खुद को शांत रखना भी जरूरी है।

गर्मी के मौसम में सिर्फ मौसम को दोष देना सही नहीं है। हमारी रोज की कई आदतें भी शरीर की गर्मी बढ़ाने का काम करती हैं। अगर खानपान और दिनचर्या में थोड़े बदलाव कर लिए जाएं तो गर्मियों में काफी राहत मिल सकती है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article