Israel National Unity Government: इजरायल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने के लिए विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव पर आइजेनकोट ने भी सकारात्मक रुख दिखाया है।
उन्होंने कहा है कि वह अगले 24 घंटों के भीतर यह परखने के लिए तैयार हैं कि नेतन्याहू वास्तव में एकता सरकार बनाना चाहते हैं या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को जल्द से जल्द बातचीत शुरू करने का न्योता दिया है।
नेतन्याहू के प्रस्ताव पर आइजेनकोट का जवाब
विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट ने शनिवार शाम सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए नेतन्याहू के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी की बातचीत करने वाली टीम को शनिवार रात से ही वास्तविक और तेज बातचीत शुरू करने का न्योता दिया।
आइजेनकोट के मुताबिक, बातचीत में सरकार के बुनियादी सिद्धांतों और प्रमुख नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह अगले 24 घंटों में यह जांचने के लिए तैयार हैं कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू एक राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने को लेकर कितने गंभीर हैं।
नेतन्याहू को पहले ही भेजा जा चुका है प्रस्ताव
आइजेनकोट ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू के अनुरोध पर एक गोपनीय माध्यम के जरिए रविवार को उन्हें नीतिगत मुद्दों से जुड़ा एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था। हालांकि, अभी तक उन्हें इस प्रस्ताव पर नेतन्याहू की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।
उन्होंने कहा, ''करीब तीन सप्ताह से हम वास्तविक, ईमानदार और तेज बातचीत की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमें इनकार और टालमटोल का सामना करना पड़ा है।'' आइजेनकोट ने यह भी स्पष्ट किया कि एकता सरकार बनाने के लिए वह राजनीतिक समझौते करने को तैयार हैं। उनके मुताबिक, इजरायल में एकजुटता देश की राष्ट्रीय सुरक्षा का एक बुनियादी हिस्सा है।
नेतन्याहू भी सत्ता में साझेदारी को तैयार
इससे पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि वह इस सिद्धांत को भी छोड़ने के लिए तैयार हैं कि सबसे बड़ी पार्टी का नेता ही सरकार का प्रमुख बने।
नेतन्याहू के मुताबिक, उनकी पार्टी लिकुड को आइजेनकोट की पार्टी याशार (Yashar) से करीब 2.5 लाख ज्यादा वोट मिले थे। इसके बावजूद वह आइजेनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनने का मौका देने के लिए तैयार हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, सरकार के कार्यकाल की शुरुआत में आइजेनकोट प्रधानमंत्री होंगे, जबकि नेतन्याहू वैकल्पिक प्रधानमंत्री (Alternate Prime Minister) की भूमिका निभाएंगे। नेतन्याहू ने भी एकता सरकार के गठन के लिए बातचीत तेज करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए दूसरे पक्ष को भी इसी तरह समझौते करने होंगे। सैन्य भर्ती जैसे अहम मुद्दों पर भी सहमति बनाना जरूरी होगा।
चुनाव के बाद सरकार गठन का पेच
दरअसल, 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में नेतन्याहू के गुट और गादी आइजेनकोट के गुट में से किसी को भी संसद में बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने आइजेनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। आइजेनकोट के पास सरकार बनाने के लिए 6 दिसंबर तक का समय है। जरूरत पड़ने पर वह 14 दिनों की अतिरिक्त मोहलत भी मांग सकते हैं।
