शहर

Delhi Traffic Advisory: रोहिणी में आज RSS का 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम, छात्रों और यात्रियों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Delhi Traffic Advisory Today:रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल (DDA ग्राउंड) में 29 नवंबर 2026 को 'राष्ट्र वंदनम' और 'अतिरुद्र महायज्ञ' के आयोजन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुबह 7 से शाम 4 बजे तक कई रास्तों पर पाबंदियां रहेंगी।

Image

रोहिणी में आज दिनभर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक

Delhi Traffic Advisory Rohini: राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल (DDA ग्राउंड) में आज यानी 29 नवंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े कार्यक्रम 'राष्ट्र वंदनम' और 'अतिरुद्र महायज्ञ' का आयोजन किया जा रहा है। इस विशाल धार्मिक-सामाजिक आयोजन में भारी जनसैलाब और बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रोहिणी सेक्टर-23, 24 और आसपास के जापानी पार्क सर्कल क्षेत्र में सुबह 7:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक यातायात प्रतिबंधित और डायवर्ट रहेगा।

ये रास्ते रहेंगे सबसे ज्यादा प्रभावित

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे सुबह 7:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच निम्नलिखित प्रमुख सड़कों पर जाने से बचें या वैकल्पिक मार्गों का चयन करें:

  • भगवान महावीर मार्ग
  • के.एन. काटजू मार्ग
  • कराला-कंझावाला रोड
  • रोहिणी सेक्टर-23 और 24 की आंतरिक सड़कें
  • बरवाला से दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) मार्ग
  • UER-2 रोड
  • मंगोलपुरी और निठारी की तरफ से आने वाली सड़कें

प्रमुख भीड़भाड़ वाले चौराहे: महादेव चौक, मधुबन चौक और सियाराम चौक पर भारी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना जताई गई है।

छात्रों और परीक्षार्थियों के लिए विशेष सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। ट्रैफिक जाम और देरी की संभावना को देखते हुए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने परीक्षा केंद्रों के लिए समय से काफी पहले निकलें, ताकि अंतिम समय की परेशानी और देरी से बचा जा सके।

आम यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस के निर्देश और सुझाव

ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से बचने के लिए यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन से यात्रा कर रिठाला मेट्रो स्टेशन पर उतरना सबसे सुगम विकल्प रहेगा। विशेषकर रोहिणी सेक्टर 8, 20, 21, 22, 23, 24 और 25 की ओर यात्रा करने वाले लोग अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों, डाइवर्टेड रूट के संकेतों और नियमों का सख्ती से पालन करें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों और हेल्पलाइन के जरिए ट्रैफिक स्थिति के ताजा अपडेट्स प्राप्त करते रहें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article