हेल्थ

हर साल 1 जुलाई को क्यों मनाया जाता है National Doctors Day, जानिए 2026 की थीम और इस खास दिन का महत्व

National Doctors Day: हर साल 1 जुलाई को नेशनल डॉक्टर्स डे क्यों मनाया जाता है? जानिए क्यों यह दिन सिर्फ डॉक्टरों का सम्मान ही नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य और मानसिक तनाव पर भी ध्यान देने का संदेश देता है।

Image

नेशनल डॉक्टर्स डे क्यों मनाया जाता है, जानि इसका महत्व

National Doctors Day: जब भी घर में कोई बीमार होता है, तो सबसे पहले डॉक्टर की याद आती है। डॉक्टर सिर्फ दवा नहीं देते, बल्कि सही सलाह और समय पर इलाज से कई लोगों की जान भी बचाते हैं। उनके इसी योगदान को सम्मान देने के लिए भारत में हर साल 1 जुलाई को नेशनल डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। यह दिन हमें डॉक्टरों की मेहनत, जिम्मेदारी और सेवा भावना को याद करने का मौका देता है। साथ ही यह भी बताता है कि जो डॉक्टर दिन-रात मरीजों की देखभाल करते हैं, उनकी सेहत और मानसिक स्थिति का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। आइए जानते हैं कि 1 जुलाई को ही यह दिन क्यों मनाया जाता है, 2026 की थीम क्या है और इसका महत्व क्या है।

क्यों मनाया जाता है नेशनल डॉक्टर्स डे

भारत में नेशनल डॉक्टर्स डे (doctors day) हर साल 1 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन देश के प्रसिद्ध डॉक्टर और भारत रत्न से सम्मानित डॉ. बिधान चंद्र रॉय की याद में मनाया जाता है। खास बात यह है कि उनका जन्म और निधन, दोनों 1 जुलाई को ही हुआ था। उन्होंने लोगों के इलाज के साथ-साथ देश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। उनके सम्मान में साल 1991 से भारत में 1 जुलाई को नेशनल डॉक्टर्स डे मनाने की शुरुआत हुई।

नेशनल डॉक्टर्स डे 2026 की थीम क्या है

साल 2026 के लिए नेशनल डॉक्टर्स डे की थीम है "Behind the Mask: Who Heals the Healers?" यानी 'जो दूसरों का इलाज करते हैं, उनकी देखभाल कौन करेगा?' इस साल की थीम का मकसद लोगों का ध्यान इस ओर दिलाना है कि डॉक्टर भी इंसान हैं। लगातार काम, इमरजेंसी ड्यूटी और जिम्मेदारियों की वजह से उन्हें भी शारीरिक और मानसिक थकान होती है। इसलिए उनकी सेहत का ख्याल रखना भी जरूरी है।

इस दिन का महत्व क्या है

नेशनल डॉक्टर्स डे सिर्फ डॉक्टरों को धन्यवाद कहने का दिन नहीं है। यह हमें यह भी याद दिलाता है कि डॉक्टर समाज का एक बहुत अहम हिस्सा हैं। कोरोना महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने देखा कि डॉक्टरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की। इसलिए इस दिन उनके काम और समर्पण को सम्मान दिया जाता है।

हम डॉक्टरों का सम्मान कैसे कर सकते हैं

डॉक्टरों का सम्मान सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। इलाज के दौरान उनके बताए नियमों का पालन करें, उनके साथ सम्मान से पेश आएं और उनके काम की सराहना करें। कई बार एक सच्चा धन्यवाद भी डॉक्टरों के लिए सबसे बड़ा सम्मान बन जाता है। यही नेशनल डॉक्टर्स डे का असली संदेश है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article