हेल्थ

राष्ट्रीय डेंगू दिवस: डेंगू होने पर कितने दिन में दिखते हैं लक्षण, अगर हो ये बुखार तो कैसे मिलेगा आराम

National Dengue Day: डेंगू बुखार के बढ़ते खतरों को देखते हुए हर साल 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य डेंगू के लक्षणों, समय पर इलाज और रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करना है। डेंगू डे पर जानें कि संक्रमण के कितने दिन में लक्षण दिखते हैं।

Image

National Dengue Day : 16 May

National Dengue Day: डेंगू बुखार इस समय मच्छर जनित खतरनाक बीमारियों में गिना जाता है। थोड़ी सी लापरवाही या इलाज में देरी से बात जान पर बन सकती है। लिहाजा आम जन को जागरूक करने के लिए 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है।

डेंगू कैसे फैलता है

गर्मियों और बरसात के मौसम में मच्छरों का आतंक हर घर, हर गली में देखने को मिलता है। इस दौरान कई खतरनाक बीमारियों के फैलने का खतरा रहता है। इनमें से एक है डेंगू। यह एक जानलेवा वायरल संक्रमण है जो एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द, त्वचा पर चकत्ते और कमजोरी इसके मुख्य लक्षण हैं। समय पर इलाज न हो तो यह प्लेटलेट्स की संख्या घटाकर स्थिति को गंभीर बना सकता है।

इस कड़ी में केंद्र और राज्य सरकारें भी कड़े कदम उठा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स पोस्ट में डेंगू से बचने के लिए स्वच्छता के नियमों का पालन करने की अपील की।

यूपी सीएम ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा- डेंगू एक गंभीर बीमारी है किंतु स्वच्छता के नियमों का पालन कर इससे बचा जा सकता है। आइए, इस 'राष्ट्रीय डेंगू दिवस' पर हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि स्वच्छ परिवेश व सतर्क जीवनशैली अपनाकर एक जागरूक समाज का निर्माण करेंगे तथा डेंगू जैसी बीमारी को मात देंगे।

कितना बड़ा है डेंगू का खतरा

राष्ट्रीय डेंगू दिवस का दिन हमें याद दिलाता है कि रोकथाम इलाज से बेहतर है। क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, हर साल लगभग 400 मिलियन लोग डेंगू से ग्रसित होते हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में लक्षण नहीं नजर आते। इसलिए जरूरी है कि समय रहते सही उपचार अपना लिया जाए।

डेंगू की रोकथाम कैसे करें

घर के आसपास पानी जमा न होने देना, पूरी बाजू के कपड़े पहनना और मच्छरदानी का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, जैसे- कूलर, फूलदान, टंकी, या कोई भी खुला बर्तन जिसमें पानी जमा हो।

डेंगू को लेकर सतर्कता जरूरी है

डेंगू को लेकर सतर्कता जरूरी है

डेंगू के मच्छर की जानकारी

डेंगू का मच्छर काले रंग का होता है और उसके शरीर पर सफेद धारियां होती हैं। मच्छर के काटने के चार से सात दिन बाद डेंगू के लक्षण दिखने लगते हैं। इसमें कभी-कभी प्लेटलेट्स की संख्या बहुत कम हो जाती है, जिससे खून बहने की समस्या हो सकती है। यह स्थिति गंभीर हो सकती है और समय पर इलाज न मिले तो जानलेवा भी बन सकती है।

डेंगू होने पर क्या करें

अगर किसी को डेंगू हो जाए, तो उसे ज्यादा से ज्यादा पानी, नींबू पानी, नारियल पानी, जूस, सूप और तरल चीजें देते रहना चाहिए। डॉक्टर की सलाह से पैरासिटामॉल दिया जा सकता है, जिससे बुखार और दर्द में राहत मिलती है। मच्छरदानी का इस्तेमाल जरूर करें। कुछ घरेलू उपाय जैसे पपीते के पत्ते का रस या गिलोय का काढ़ा लोग लेते हैं, हालांकि ये पूरी तरह कारगर है इसके प्रमाण नहीं मिले हैं। इन्हें लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

डेंगू से पीड़ित मरीज बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न लें और तला-भुना खाने से परहेज करें।

Input: आईएएनएस

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article