हेल्थ

Monsoon में पेट की बीमारियों की असली वजह सिर्फ बाहर का खाना नहीं, घर की किचन में भी छिपे हो सकते हैं ये खतरे

Monsoon Stomach Problems: मॉनसून में पेट की बीमारियों का कारण सिर्फ बाहर का खाना नहीं होता। घर की किचन में मौजूद गीले मसाले, दूषित पानी और फ्रिज में गलत तरीके से रखा खाना भी संक्रमण बढ़ा सकते हैं। जानिए बारिश के मौसम में पेट को स्वस्थ रखने के आसान और जरूरी उपाय।

Image

किचन में ही छिपी है बारिश में पेट खराब होने की असली वजह

Monsoon Stomach Problems: बारिश का मौसम आते ही पेट खराब होने, दस्त, उल्टी और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। ज्यादातर लोग मानते हैं कि इसकी वजह सिर्फ बाहर का खाना या स्ट्रीट फूड होता है। लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। कई बार खतरा हमारे अपने घर की किचन में भी छिपा होता है। मॉनसून में नमी बढ़ने से कीटाणु तेजी से पनपते हैं और अगर खाने-पीने की चीजों को सही तरीके से न रखा जाए तो पेट से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में सिर्फ बाहर का खाना छोड़ना ही काफी नहीं है, बल्कि घर की किचन की कुछ छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान देना जरूरी है।

गीले मसाले बिगाड़ सकते हैं सेहत

बारिश के दिनों (Monsoon ) में मसालों में सीलन आना आम बात है। कई बार मसाले देखने में ठीक लगते हैं, लेकिन उनमें नमी के कारण खराबी शुरू हो जाती है। ऐसे मसालों का इस्तेमाल खाने का स्वाद तो खराब करता ही है, साथ ही पेट की परेशानी भी बढ़ा सकता है। इसलिए मसालों को हमेशा सूखी और अच्छी तरह बंद डिब्बियों में रखें।

दूषित पानी भी बन सकता है बीमारी की वजह

मॉनसून में पानी जल्दी दूषित हो सकता है। अगर पीने या खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला पानी साफ नहीं है, तो पेट में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हमेशा साफ और सुरक्षित पानी का इस्तेमाल करें। अगर शक हो तो पानी को उबालकर पीना बेहतर रहता है।

फ्रिज में रखा खाना भी नुकसान पहुंचा सकता है

कई लोग बचा हुआ खाना कई दिनों तक फ्रिज में रखकर खाते रहते हैं। लेकिन बारिश के मौसम में ऐसा करना ठीक नहीं है। अगर खाना सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो उसमें खराबी आ सकती है। कोशिश करें कि ताजा खाना खाएं और लंबे समय से रखा हुआ खाना इस्तेमाल करने से बचें।

किचन की सफाई पर भी दें ध्यान

किचन का सिंक, कपड़ा, स्पंज और खाना काटने वाला बोर्ड अक्सर गीले रहते हैं। मॉनसून में इनमें गंदगी और कीटाणु जल्दी जमा हो सकते हैं। इसलिए इन चीजों को नियमित रूप से साफ और सूखा रखना जरूरी है। छोटी-सी लापरवाही भी पेट की परेशानी का कारण बन सकती है।

स्वस्थ रहने के लिए अपनाएं ये आदत

बारिश के मौसम में सिर्फ बाहर के खाने को दोष देना सही नहीं है। घर की किचन में मौजूद गीले मसाले, दूषित पानी और गलत तरीके से रखा खाना भी पेट की बीमारियों का कारण बन सकते हैं। थोड़ी-सी सावधानी और साफ-सफाई की आदत अपनाकर आप खुद को और अपने परिवार को इन समस्याओं से काफी हद तक बचा सकते हैं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article