हेल्थ

बारिश के मौसम में जिम इक्विपमेंट और योगा मैट से फैल सकते हैं इंफेक्शन, एक्सपर्ट से जानिए कैसे रहें सुरक्षित

Monsoon Gym Equipment Yoga Mat Infection: क्या आप जानते हैं बारिश के मौसम में जिम इक्विपमेंट और योगा मैट पर बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनप सकते हैं। जानिए जिम में इंफेक्शन से बचने के आसान और जरूरी उपाय।

Image

जिम इक्विपमेंट और योगा मैट से फैल सकते हैं इंफेक्शन

Monsoon Gym Equipment Yoga Mat Infection: बारिश का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन इस दौरान नमी बढ़ने की वजह से कीटाणु भी तेजी से फैल सकते हैं। अगर आप रोज जिम जाते हैं या योग करते हैं, तो इस मौसम में थोड़ी ज्यादा सावधानी बरतना जरूरी है। जिम की मशीनें, डंबल, एक्सरसाइज बेंच और योगा मैट जैसी चीजों का इस्तेमाल कई लोग करते हैं। अगर इन्हें समय-समय पर साफ न किया जाए, तो त्वचा से जुड़ी परेशानियां होने का खतरा बढ़ सकता है। एनीटाइम फिटनेस, लाजपत नगर की फिटनेस कोच और स्पोर्ट्स पर्सन स्वेतांगिनी गुप्ता बताती हैं कि कुछ आसान आदतें अपनाकर बारिश के मौसम में भी बिना चिंता के अपनी फिटनेस रूटीन जारी रखी जा सकती है।

बारिश में क्यों बढ़ जाता है संक्रमण का खतरा

बारिश के दिनों में हवा में नमी ज्यादा रहती है। ऐसे माहौल में गंदगी और पसीने के साथ कीटाणु जल्दी पनप सकते हैं। जिम में एक ही मशीन और उपकरण का इस्तेमाल कई लोग करते हैं। अगर इन्हें नियमित रूप से साफ न किया जाए, तो दाद, खुजली, त्वचा पर लाल चकत्ते या दूसरे त्वचा संबंधी संक्रमण होने की संभावना बढ़ सकती है।

जिम की मशीन और योगा मैट साफ रखना जरूरी

स्वेतांगिनी गुप्ता के अनुसार, वर्कआउट शुरू करने से पहले और खत्म होने के बाद मशीनों को सैनिटाइजर या डिसइन्फेक्टेंट वाइप्स से साफ करना अच्छी आदत है। अगर आप योग करते हैं, तो अपनी योगा मैट का इस्तेमाल करना सबसे बेहतर रहता है। अगर जिम की मैट इस्तेमाल करनी पड़े, तो पहले उसे साफ करें और बाद में भी साफ करके रखें।

अपनी चीजें किसी के साथ शेयर न करें

जिम में तौलिया, पानी की बोतल और ग्लव्स जैसी निजी चीजें किसी और के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। वर्कआउट के बाद ज्यादा देर तक पसीने वाले कपड़ों में रहने के बजाय नहा लें और साफ व सूखे कपड़े पहनें। इससे त्वचा साफ रहती है और संक्रमण का खतरा भी कम हो जाता है।

लॉकर रूम में भी बरतें सावधानी

जिम के लॉकर रूम और शॉवर एरिया का फर्श अक्सर गीला रहता है। ऐसे में वहां नंगे पैर चलने से पैरों में संक्रमण हो सकता है। इसलिए हमेशा चप्पल पहनकर ही जाएं। अगर त्वचा पर खुजली, दाने, लाल निशान या कोई दूसरी परेशानी दिखाई दे, तो खुद इलाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें और पूरी तरह ठीक होने के बाद ही जिम जाएं।

यह भी रखें ध्यान

बारिश के मौसम में फिट रहना मुश्किल नहीं है, बस थोड़ी-सी सावधानी जरूरी है। स्वेतांगिनी गुप्ता के अनुसार, साफ-सफाई का ध्यान रखना, अपनी निजी चीजें साझा न करना और वर्कआउट के बाद शरीर को साफ रखना जैसी छोटी-छोटी आदतें आपको संक्रमण से बचाने में मदद कर सकती हैं। इससे आप पूरे मानसून में सुरक्षित रहते हुए अपनी फिटनेस पर ध्यान दे सकते हैं।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article