बच्चे के जन्म के शुरुआती छह महीने माता-पिता के लिए बेहद खास होते हैं। इस दौरान मां का दूध या डॉक्टर की सलाह के अनुसार फॉर्मूला मिल्क बच्चे के पोषण का मुख्य आधार होता है। लेकिन जैसे ही बच्चा छह महीने का होता है, उसकी खाने की जरूरतें धीरे-धीरे बदलने लगती हैं। अब उसे दूध के साथ कुछ ऐसे खाद्य पदार्थों की भी जरूरत होती है, जो शरीर की ग्रोथ के साथ दिमागी विकास में भी मदद करें।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - एक पैर छोटा, दूसरा बड़ा! पैरों की लंबाई अलग क्यों होती है और इससे क्या परेशानी हो सकती है?
हालांकि, पहली बार बच्चे को खाना खिलाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। घर के बड़े-बुजुर्ग अपनी सलाह देते हैं तो इंटरनेट पर भी तरह-तरह के सुझाव मिल जाते हैं। कोई बच्चे को दाल का पानी देने की सलाह देता है तो कोई दूध में बिस्किट मिलाकर खिलाने को अच्छा मानता है। लेकिन क्या ये सभी चीजें असल में बच्चे के लिए फायदेमंद हैं? हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. सलीम जैदी ने अपने एक वीडियो में कुछ आम खाद्य पदार्थों की खूबियों और कमियों के बारे में बताया है। आइए जानते हैं उनकी बताई लिस्ट में कौन-सी चीजें बच्चे की डाइट में शामिल की जा सकती हैं।
Top 6 Best to Worst for Your Baby
अंडा
डॉ. सलीम जैदी के अनुसार, छह महीने के बाद बच्चे को अंडा देना अच्छा विकल्प हो सकता है। अंडे में प्रोटीन, विटामिन डी और कोलीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। कोलीन मस्तिष्क के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शुरुआत में बच्चे को अच्छी तरह पका हुआ अंडा थोड़ी मात्रा में मैश करके दिया जा सकता है।
गाय का दूध
डॉ. जैदी एक साल से कम उम्र के बच्चों को गाय का दूध देने से बचने की सलाह देते हैं। हालांकि, इसकी वजह केवल एलर्जी नहीं है। गाय के दूध में प्रोटीन और मिनरल्स की मात्रा छोटे बच्चे की किडनी के लिए अधिक हो सकती है। इसलिए पहले साल में मां का दूध या इन्फेंट फॉर्मूला ही मुख्य दूध होना चाहिए।
मैश्ड केला
केला बच्चों को खिलाने के लिए आसान फलों में से एक है। इसे अच्छी तरह मैश करके बच्चे को दिया जा सकता है। इसमें पोटेशियम और फाइबर मिलता है। इसकी नरम बनावट के कारण इसे शुरुआती आहार में शामिल करना आसान रहता है।
दूध में बिस्किट
डॉ. सलीम जैदी दूध में बिस्किट मिलाकर बच्चे को खिलाने के तरीके को अच्छा विकल्प नहीं मानते। बाजार में मिलने वाले ज्यादातर बिस्किट में मैदा और अतिरिक्त चीनी होती है। इनसे बच्चे को जरूरी पोषण नहीं मिलता। इसलिए इसकी जगह घर का बना पौष्टिक खाना देना बेहतर है।
दाल का पानी
दाल का पानी देखने में भले ही पौष्टिक लगे, लेकिन इसमें प्रोटीन की मात्रा पूरी दाल के मुकाबले काफी कम होती है। बच्चे को दाल का पानी देने के बजाय अच्छी तरह पकी हुई गाढ़ी दाल मैश करके देना अधिक उपयोगी हो सकता है।
वेजिटेबल प्यूरी
गाजर, लौकी और आलू जैसी सब्जियों को अच्छी तरह पकाकर मैश या प्यूरी बनाकर दिया जा सकता है। इससे बच्चे को अलग-अलग स्वाद और पोषक तत्व मिलते हैं। शुरुआत में थोड़ी मात्रा दें और धीरे-धीरे खाने की बनावट बदलें।
याद रखें कि छह महीने के बाद भी मां का दूध या फॉर्मूला बंद नहीं करना चाहिए। नए खाद्य पदार्थ थोड़ी मात्रा में शुरू करें और बच्चे की ग्रोथ पर ध्यान दें। नमक, चीनी और शहद से बचें। यदि बच्चे को पहले से एलर्जी या कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो डाइट में बदलाव करने से पहले बाल रोग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हेल्थ यूट्यूबर डॉ. सलीम जै़दी के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
