हेल्थ

भारत में एनीमिया के मामले घटे, फिर भी हर दूसरी महिला खून की कमी से परेशान, ICMR सर्वे में सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर

ICMR के नए SAMPADA सर्वे में भारत में एनीमिया के मामलों में कमी के संकेत मिले हैं, लेकिन महिलाओं, किशोरियों और छोटे बच्चों की स्थिति अब भी चिंताजनक है। जानिए सर्वे के आंकड़े, एनीमिया के कारण और इससे जुड़ी जरूरी बातें।

Image

ICMR के नए SAMPADA सर्वे के आंकड़े, एनीमिया के कारण और इससे जुड़ी जरूरी बातें

ICMR SAMPADA Survery: खून की कमी यानी एनीमिया को अक्सर लोग थकान, कमजोरी या चक्कर आने की सामान्य वजह समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन लंबे समय तक शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी रहना सेहत के लिए गंभीर परेशानी बन सकता है। भारत में इस समस्या को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जो राहत और चिंता दोनों की तस्वीर दिखाती है। ICMR के SAMPADA 2023-2025 सर्वे के मुताबिक, देश में एनीमिया के केसेस पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में कम हुई है।

हालांकि, महिलाओं, किशोरियों और छोटे बच्चों में इसकी मौजूदगी अब भी काफी ज्यादा है। इस सर्वे में दो लाख से अधिक लोगों को शामिल किया गया और हजारों परिवारों से जानकारी जुटाई गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि प्रजनन आयु की आधी से ज्यादा महिलाएं अब भी एनीमिया से प्रभावित हैं। आइए जानते हैं इस सर्वे के आंकड़े क्या बताते हैं और किन लोगों को सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।

दो लाख से ज्यादा लोगों पर हुआ सर्वे

ICMR के SAMPADA सर्वे 2023-2025 में भारत के 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों को शामिल किया गया। इसके तहत 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों की जांच हुई। हीमोग्लोबिन की स्थिति जानने के लिए 1.7 लाख से अधिक ब्लड सैंपल लेकर उनकी जांच की गई।।

महिलाओं और बच्चों में एनीमिया की स्थिति चिंताजनक

सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि अलग-अलग एज ग्रूप में एनीमिया की समस्या मौजूद है। 12 से 59 महीने के 42 प्रतिशत छोटे बच्चे इससे प्रभावित पाए गए। वहीं, 10 से 19 साल की किशोरियों में इसका आंकड़ा 46 प्रतिशत रहा।

सबसे ज्यादा चिंता प्रजनन आयु की महिलाओं को लेकर है। इस वर्ग में एनीमिया के विस्तार का दर 56 प्रतिशत दर्ज किया गया। दूसरी ओर, किशोर लड़कों और 20 से 59 साल के पुरुषों में यह आंकड़ा 22 से 23 प्रतिशत के बीच रहा।

ज्यादातर लोगों में हल्का एनीमिया

सर्वे की एक अहम बात यह भी है कि एनीमिया के सभी मामले गंभीर नहीं हैं। प्रभावित महिलाओं, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में करीब आधे मामले हल्के एनीमिया के पाए गए। पुरुषों और किशोर लड़कों में लगभग तीन-चौथाई मामले हल्के थे। ज्यादातर आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया के फैलने का दर 2 प्रतिशत से कम रहा।

सिर्फ आयरन की कमी नहीं है वजह

एनीमिया का नाम आते ही सबसे पहले आयरन की कमी का ख्याल आता है। सर्वे के अनुसार, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के लगभग आधे मामलों के पीछे आयरन की कमी जिम्मेदार है। इसके अलावा संक्रमण, आनुवंशिक हीमोग्लोबिन संबंधी विकार और पुरानी बीमारियों से जुड़ी सूजन भी इसके कारण हो सकते हैं। विटामिन B12 और फोलेट की कमी का संबंध हालांकि सीमित पाया गया।

इन आंकड़ों से साफ है कि एनीमिया के खिलाफ जागरूकता और सही पोषण पर ध्यान देना अभी भी जरूरी है। थकान, कमजोरी या चक्कर आने जैसी परेशानियों को लगातार नजरअंदाज न करें। डॉक्टर की सलाह से हीमोग्लोबिन की जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर सही इलाज लें।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article