देश

दुश्मनों के नापाक इरादों का होगा खात्मा, स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' तैयार; पोखरण में सफल परीक्षण

Bhargavastra Anti-Drone System: भारत ने दुश्मनों के नापाक ड्रोन के झुंड से निपटने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने स्वदेशी 'भार्गवास्त्र' का सफल परीक्षण किया।

Image

स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' का सफल परीक्षण

Bhargavastra Anti-Drone System: भारत ने दुश्मनों के नापाक ड्रोन के झुंड से निपटने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने स्वदेशी वाहन-आधारित काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण 20 से 24 नवंबर तक पोखरण के फील्ड फायरिंग रेंज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भार्गवास्त्र की खासियत

एसडीएएल ने 'भार्गवास्त्र' को डिजाइन और विकसित किया है। 'भार्गवास्त्र' देश का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित दो-स्तरीय वाहन-आधारित काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम है। यह दुश्मन के ड्रोन झुंड से निपटने के लिए एयर डिफेंस रॉकेट और गाइडेड माइक्रो मिसाइल का इस्तेमाल करता है। 'भार्गवास्त्र' की सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि ये एक साथ कई ड्रोनों का पता लगाने, उन्हें ट्रैक करने और निशाना बनाने की क्षमता रखता है।

रडार, सेंसर और AI तकनीक से लैस है भार्गवास्त्र

'भार्गवास्त्र' में कई तरह के सेंसर और हथियार प्रणालियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया गया है। इसके RF डिटेक्टर और सर्विलांस रडार दुश्मन के ड्रोनों का पता लगाने और उनकी गतिविधियों को ट्रैक करने में सक्षम हैं। वहीं, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (EO) सिस्टम दिन और रात दोनों समय लक्ष्य पर लगातार नजर रखने में मदद करता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित इंटीग्रेटेड C4I सिस्टम सेंसर, ट्रैकिंग और हथियारों के इस्तेमाल के बीच समन्वय स्थापित करता है।

इस प्रणाली के दोनों संस्करणों में 64-64 लॉन्च ट्यूब की क्षमता दी गई है। संस्करण-1 में 64 रॉकेट लॉन्चर ट्यूब हैं, जबकि संस्करण-2 में 64 माइक्रो मिसाइल लॉन्चर ट्यूब लगाए गए हैं।

सेना की जरूरतों के तहत किया विकसित

इस सिस्टम का विकास रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग की ओर से 9 जुलाई 2024 को जारी प्रोजेक्ट स्टडी ऑर्डर (PSO) के तहत भारतीय सेना की निर्धारित तकनीकी जरूरतों के अनुसार किया गया है। इसके लिए मेक-II (बाय इंडियन-IDDM) श्रेणी के तहत कई निजी कंपनियों को संस्करण-1 विकसित करने का अवसर दिया गया था।

भारतीय सेना की शुरुआती जरूरत रॉकेट आधारित संस्करण-1 प्रणाली की थी। इसके तहत एक प्रोटोटाइप और उसके सफल प्रदर्शन के बाद 12 अन्य सिस्टम की आपूर्ति का प्रावधान किया गया है। परियोजना की निर्धारित समयसीमा 31 मार्च 2027 है। हालांकि, SDAL ने इस शुरुआती जरूरत से आगे बढ़कर इसका उन्नत संस्करण-2 भी स्वतंत्र रूप से विकसित किया है। इसमें गाइडेड माइक्रो मिसाइल शामिल की गई हैं, जो स्वायत्त गाइडेंस और इन्फ्रारेड (IR) सीकर तकनीक की मदद से लक्ष्य को सटीकता से निशाना बना सकती हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article