हेल्थ

मॉनसून में अस्पतालों में सबसे ज्यादा किस वजह से पहुंचते हैं मरीज, डॉक्टर से जानिए किन बीमारियों से रहें सावधान

Monsoon Common Disease: बहुत से लोग अक्सर पूछते हैं कि बारिश के मौसम में अस्पतालों में सबसे ज्यादा कौन-सी बीमारियों के मरीज पहुंचते हैं? आइए डॉक्टर से ही जानते हैं इन बीमारियों के बारे में..

Image

बरसात में इन बीमारियों का रहता है सबसे ज्यादा खतरा

Monsoon Common Disease: बारिश का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन यही मौसम कई बीमारियों को भी साथ लेकर आता है। थोड़ी-सी लापरवाही आपको अस्पताल तक पहुंचा सकती है। बारिश में गंदा पानी, खुले में रखा खाना और बढ़ी हुई नमी की वजह से संक्रमण तेजी से फैलता है। यही कारण है कि इस समय अस्पतालों में बुखार, पेट खराब होना, टाइफाइड, किडनी और पेशाब के संक्रमण जैसे मामलों की संख्या बढ़ जाती है। फोर्टिस हॉस्पिटल, शालीमार बाग, दिल्ली के कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. भानु मिश्रा बताते हैं कि अगर समय रहते सावधानी बरती जाए तो इन बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।

बारिश में टाइफाइड का खतरा क्यों बढ़ जाता है

डॉ. भानु मिश्रा के अनुसार, मॉनसून में टाइफाइड के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह गंदा पानी और दूषित खाना होता है। अगर कई दिनों तक तेज बुखार रहे, सिर दर्द हो, शरीर में कमजोरी महसूस हो और भूख कम लगने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखने पर जल्द डॉक्टर से जांच करानी चाहिए, क्योंकि देर होने पर बीमारी गंभीर हो सकती है।

पेट की परेशानी सबसे आम समस्या

बारिश के मौसम में पेट खराब होना बहुत आम बात है। दस्त, उल्टी, पेट दर्द या खराब खाना खाने से होने वाली दिक्कतों के कारण बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचते हैं। बाहर का खुला या बासी खाना और साफ पानी की जगह गंदा पानी पीना इसकी बड़ी वजह है। अगर बार-बार दस्त या उल्टी हो रही हो तो शरीर में पानी की कमी भी हो सकती है, इसलिए समय पर इलाज जरूरी है।

किडनी और पेशाब के संक्रमण को हल्के में न लें

डॉ. भानु मिश्रा बताते हैं कि इस मौसम में किडनी और पेशाब के संक्रमण के मामले भी बढ़ जाते हैं। खासकर जिन लोगों को पहले से किडनी की समस्या है, उन्हें ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होती है। पेशाब करते समय जलन, कमर में दर्द, बार-बार पेशाब आना या शरीर में सूजन जैसे लक्षण दिखें तो बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लें।

साफ पानी और साफ-सफाई ही सबसे बड़ा बचाव

बारिश के मौसम में हैजा, डायरिया और पीलिया जैसी पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इनसे बचने का सबसे आसान तरीका है कि हमेशा साफ या उबला हुआ पानी पिएं, ताजा और अच्छी तरह पका हुआ भोजन खाएं और हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखें। अगर बुखार या पेट से जुड़ी कोई परेशानी हो तो अपनी मर्जी से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें।

छोटी सावधानी से बड़ी सुरक्षा

डॉ. भानु मिश्रा का कहना है कि मॉनसून में छोटी-छोटी आदतें आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती हैं। साफ पानी पीना, बाहर का खुला खाना न खाना, शरीर को साफ रखना और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करना सबसे जरूरी है। समय पर सही इलाज और थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर आप बारिश के मौसम का आनंद भी ले सकते हैं और अस्पताल जाने की नौबत से भी बच सकते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article