देश

कल होगी मोदी कैबिनेट की बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा संभव, मंत्रियों को भेजी गई सूचना

केंद्र सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को बुलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को प्रस्ताव भेजा है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस बाबत जानकारी दी है।

Image

मोदी कैबिनेट

Photo : PTI

केंद्र की मोदी सरकार ने संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके लिए सभी मंत्रियों से दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में मौजूद रहने को कहा गया है। सूत्रों का कहना है कि बैठक में महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाले विधेयक पर चर्चा की जाएगी। सरकार इसमें कुछ संशोधन भी कर सकती है।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए सभी मंत्रियों को सूचना भेज दी गई है। सरकार की कोशिश है कि संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र में इस विधेयक को दोबारा पेश करने का रास्ता तैयार किया जाए।

30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

बता दें कि केंद्र सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को बुलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को प्रस्ताव भेजा है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस बाबत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दोनों सदनों की कार्यवाही कारोबारी जरूरतों के आधार पर तीन दिसंबर तक चल सकती है।

यह बैठक संसद के मानसून सत्र का ही विस्तार होगी। दरअसल, मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था,लेकिन उसका औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था। इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिपरिषद की बैठक में मंत्रियों को संसद सत्र की संभावित तैयारियों के मद्देनजर उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर के अपने कार्यक्रम टालने की सलाह दी थी।

543 से बढ़कर 850 हो सकती है लोकसभा की क्षमता

सरकार के प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन का उद्देश्य लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करना है। इसके लिए परिसीमन की प्रक्रिया में बदलाव का प्रस्ताव है। सरकार की योजना इसी प्रक्रिया के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करने की है। यह व्यवस्था 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने के उद्देश्य से लाई जा रही है।

विधेयक पारित कराने के लिए 361 वोटों की चुनौती

इस संवैधानिक संशोधन को लोकसभा में पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। मौजूदा सदन की पूरी सदस्य संख्या के आधार पर इसके लिए 361 वोट जरूरी होंगे। हालांकि, विधेयक पर मतदान के समय सदन में व्यवस्था बनाए रखना भी अहम होगा।

इससे पहले अप्रैल में विशेष सत्र के दौरान सरकार यह विधेयक पारित नहीं करा पाई थी। उस समय जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण प्रस्ताव गिर गया था। सूत्रों के अनुसार, विपक्षी खेमे से 26 सांसदों के अलग होने के बाद संसद का राजनीतिक गणित बदला है। इसके बावजूद एनडीए के करीब 320 सांसद होने के कारण सरकार को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में 22 सांसदों वाली डीएमके और आठ सांसदों वाली शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article