High Blood Pressure Causes: जब भी किसी का ब्लड प्रेशर (BP) बढ़ता है तो सबसे पहले यही कहा जाता है कि नमक कम खाइए। यह सलाह सही भी है, क्योंकि ज्यादा नमक खाने से कई लोगों का BP बढ़ सकता है। लेकिन आपने ऐसे लोगों को भी देखा होगा जो पहले से ही कम नमक खाते हैं, फिर भी उनका ब्लड प्रेशर सामान्य नहीं रहता। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर वजह क्या है?
हेल्थ इंफ्लुएंसर और न्यूट्रिशनिस्ट अक्षय एस शेट्टी के मुताबिक, हाई BP की वजह (high bp reasons) सिर्फ नमक नहीं होती। हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें, बढ़ता वजन, तनाव और शरीर के अंदर होने वाले कुछ बदलाव भी इसमें अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए अगर BP को सही रखना है तो सिर्फ नमक कम करना ही नहीं, बल्कि पूरी लाइफस्टाइल पर ध्यान देना जरूरी है।
बढ़ी हुई शुगर भी हो सकती है वजह
अक्षय एस शेट्टी के बताते हैं कि अगर शरीर में लंबे समय तक इंसुलिन का स्तर ज्यादा बना रहता है, तो इसका असर ब्लड प्रेशर पर भी पड़ सकता है। आसान भाषा में समझें तो जब हम जरूरत से ज्यादा कैलोरी खाते हैं, वजन बढ़ जाता है या शरीर शुगर को ठीक से इस्तेमाल नहीं कर पाता, तब यह समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में शरीर ज्यादा नमक और पानी रोककर रखने लगता है, जिससे कुछ लोगों का BP बढ़ सकता है। इसलिए सिर्फ नमक कम करना काफी नहीं है, खानपान और वजन पर भी ध्यान देना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शरीर पर बढ़ता फैट सिर्फ लुक्स नहीं बिगाड़ता, 19 तरह के कैंसर का खतरा भी बढ़ा सकता है, जानिए कैसे
दिनभर बैठे रहना और बढ़ता वजन दिल पर डालता है दबाव
अगर दिनभर बैठकर काम करते हैं और शरीर की कोई खास गतिविधि नहीं होती, तो धीरे-धीरे दिल और रक्त वाहिकाएं पहले जैसी मजबूत नहीं रह पातीं। यही वजह है कि नियमित टहलना, साइकिल चलाना या हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करना दिल के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसके साथ ही बढ़ता वजन भी ब्लड प्रेशर बढ़ाने का एक बड़ा कारण है। एक्सपर्ट के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति अपने शरीर का सिर्फ 5 से 10 प्रतिशत वजन भी कम कर ले, तो BP में अच्छा सुधार देखने को मिल सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का 8और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
शरीर को सही पोषण मिलना भी उतना ही जरूरी है
हम जो खाना खाते हैं, उसका सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। अगर रोज के खाने में हरी सब्जियां, दालें, फल, साबुत अनाज, मेवे और बीज कम हैं, तो शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। अक्षय एस शेट्टी के मुताबिक, मैग्नीशियम नाम का एक जरूरी खनिज (मिनरल) रक्त वाहिकाओं को सामान्य तरीके से काम करने में मदद करता है। जिन लोगों में इसकी कमी होती है, उनमें कुछ मामलों में ब्लड प्रेशर बढ़ने की संभावना ज्यादा देखी गई है। इसलिए संतुलित और घर का बना खाना खाने की आदत फायदेमंद हो सकती है।
हर समय तनाव में रहना भी बढ़ा सकता है BP
अगर कोई व्यक्ति लगातार चिंता, काम का दबाव या मानसिक तनाव झेल रहा है, तो इसका असर सिर्फ दिमाग पर नहीं बल्कि दिल पर भी पड़ता है। लंबे समय तक तनाव रहने पर शरीर ऐसे हार्मोन बनाता है जो ब्लड प्रेशर बढ़ा सकते हैं। इसलिए अच्छी नींद लेना, रोज थोड़ा समय खुद के लिए निकालना, गहरी सांस लेने की एक्सरसाइज करना और नियमित टहलना जैसी छोटी-छोटी आदतें भी काफी मददगार साबित हो सकती हैं।
रोज की अच्छी आदतें भी हैं सबसे बड़ा इलाज
अक्षय एस शेट्टी के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अगर लंबे समय तक BP कंट्रोल में न रहे तो आगे चलकर स्ट्रोक, हार्ट की बीमारी, किडनी की परेशानी और आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए समय-समय पर सही तरीके से BP की जांच कराएं, डॉक्टर की सलाह के बिना दवा बंद न करें और रोजमर्रा की अच्छी आदतों को अपनाएं।
बैलेंस डाइट, रोज कम से कम 30 मिनट चलना या व्यायाम करना, स्वस्थ वजन बनाए रखना, तनाव कम करना और पर्याप्त नींद लेना ऐसी आदतें हैं जो लंबे समय तक दिल को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी हेल्थ इंफ्लुएंसर और न्यूट्रिशनिस्ट अक्षय एस शेट्टी के द्वारा साझा की गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पर आधारित है। यदि आपका ब्लड प्रेशर लगातार 140/90 mmHg या उससे अधिक रहता है, या अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लें। अपनी दवाओं या इलाज में कोई भी बदलाव केवल डॉक्टर की सलाह पर ही करें।
