हेल्थ

Monsoon में आपके शरीर को वास्तव में क्या चाहिए होता है, आयुर्वेद के अनुसार कैसा होना चाहिए समर रुटीन, एक्सपर्ट से जानिए

Monsoon Health Tips Ayurveda: मॉनसून में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आयुर्वेद क्या कहता है? आइए आयुर्वेदाचार्य से ही जानते हैं बारिश के मौसम में हेल्दी रहने के आसान उपाय, जो आपको पूरे सीजन फिट और ऊर्जावान बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।

Image

मॉनसून के दौरान कैसा हो आपका रूटीन, आयुर्वेदाचार्य से जानिए

Monsoon Health Tips Ayurveda: आपने अक्सर नोटिस किया होगा कि बारिश का मौसम आते ही गर्मी से राहत तो मिलती है, लेकिन साथ ही कई छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याएं भी शुरू हो जाती हैं। कभी पेट खराब हो जाता है, कभी सुस्ती महसूस होती है, तो कभी बिना वजह थकान रहने लगती है। ऐसे में सिर्फ छाता और रेनकोट ही नहीं, अपनी दिनचर्या और खानपान पर भी ध्यान देना जरूरी है।

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट और स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा के मुताबिक, हर मौसम की अपनी जरूरत होती है और हमारा शरीर भी उसी हिसाब से खुद को ढालने की कोशिश करता है। मॉनसून में शरीर को हल्का भोजन, थोड़ी अतिरिक्त देखभाल और संतुलित दिनचर्या की जरूरत होती है। अगर मौसम के अनुसार अपनी आदतों में छोटे-छोटे बदलाव कर लिए जाएं, तो कई परेशानियों से बचा जा सकता है।

सुबह की शुरुआत आराम से करें

बारिश के मौसम में बहुत ज्यादा मेहनत वाले वर्कआउट करने की जरूरत नहीं होती। डॉ. चंचल शर्मा सेठ कहती हैं कि इस समय हल्की एक्सरसाइज, योग या सुबह की सैर काफी होती है। इससे शरीर भी सक्रिय रहता है और थकान भी महसूस नहीं होती। दिन की शुरुआत कुछ मिनट शांत बैठकर या गहरी सांस लेने की आदत से करें, इससे मन भी हल्का महसूस करता है।

इस मौसम में पेट का खास ख्याल रखना जरूरी है

मॉनसून में अक्सर लोगों को गैस, पेट फूलने या अपच जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। इसलिए बाहर का तला-भुना खाना कम से कम खाएं। घर का ताजा और गर्म भोजन बेहतर रहता है। खाने में जीरा, सौंफ, धनिया और अदरक जैसी चीजें शामिल करने से भोजन आसानी से पचने में मदद मिल सकती है।

मौसमी सब्जियां और सादा खाना बनाएं दोस्त

बारिश के मौसम में लौकी, तोरी, भिंडी, पालक जैसी सब्जियां शरीर को जरूरी पोषण देती हैं। वहीं दाल, चावल और घर का बना साधारण भोजन पेट पर ज्यादा बोझ नहीं डालता। डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार, जितना ताजा और सादा खाना होगा, शरीर उतना ही अच्छा महसूस करेगा।

पानी कम न पिएं भले ही प्यास कम लगे

बारिश में अक्सर लोगों को प्यास कम लगती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि शरीर को पानी की जरूरत नहीं है। पूरे दिन थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। छाछ, सौंफ वाला पानी या घर के बने हल्के पेय भी शरीर को तरोताजा रखने में मदद कर सकते हैं।

मन को भी आराम चाहिए

बारिश का मौसम सिर्फ शरीर ही नहीं, मन पर भी असर डालता है। कई बार लोग बिना वजह आलस या चिड़चिड़ापन महसूस करते हैं। ऐसे में खुद को लगातार काम में झोंकने के बजाय थोड़ा आराम भी दें। परिवार के साथ समय बिताएं, पसंद का काम करें और खुद को थोड़ा रिलैक्स रखें।

मौसम के साथ चलेंगे तो शरीर भी साथ देगा

आयुर्वेद का सीधा सा नियम है कि मौसम के हिसाब से अपनी आदतों को बदलना चाहिए। मॉनसून में हल्का भोजन, पर्याप्त पानी, थोड़ी एक्सरसाइज और भरपूर आराम आपको पूरे मौसम स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। शरीर जब जो संकेत दे, उसे समझिए और उसी के अनुसार अपनी दिनचर्या बनाइए। यही अच्छी सेहत का सबसे आसान रास्ता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article