Times Now Navbharat
live-tv
Premium

क्या Heatwave में हेयर फॉल बढ़ सकता है, जानिए पसीना-धूप और डिहाइड्रेशन का बालों पर क्या पड़ता है असर

Heatwave and Hair Fall: आपने अक्सर देखा होगा कि तपती गर्मी में लोगों को बालों के झड़ने की समस्या काफी परेशान करती है। ऐसे में अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि क्या इसकी वजह हीटवेव हो सकती है? आइए डॉक्टर से ही जानते हैं तेज धूप, ज्यादा पसीना और शरीर में पानी की कमी का बालों और स्कैल्प पर क्या असर पड़ता है। यह कैसे बालों की सेहत से जुड़ा हो सकता है।

Image
हीटवेव और हेयर फॉल के बीच कनेक्शन को समझिए
Authored by: Vineet
Updated Jun 9, 2026, 13:52 IST
Follow on Google News

Heatwave and Hair Fall: हम सभी महसूस कर रहे हैं कि इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। आजकल तो घर से बाहर निकलते ही तेज धूप, गर्म हवाएं और पसीने से हालत खराब हो जाती है। ऐसे मौसम में बहुत से लोग एक और परेशानी से जूझते हैं - बालों का ज्यादा झड़ने की समस्या। बहुत से लोगों को ऐसा लगता है कि शायद शैंपू बदलने या तेल न लगाने की वजह से उनके साथ ऐसा हो रहा है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसके पीछे का कारण हीटवेव यानी लू भी हो सकती है?

हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि लू या हीटवेव सीधे बालों को नहीं गिराती, लेकिन गर्मी की वजह से शरीर और सिर की त्वचा में जो बदलाव होते हैं, वे बालों को कमजोर जरूर बना सकते हैं। लगातार पसीना आना, शरीर में पानी की कमी होना और तेज धूप का असर मिलकर बालों की सेहत बिगाड़ सकते हैं। आइए जानते हैं ये कैसे आपके बालों की सेहत को प्रभावित करते हैं..

क्या हीटवेव में सचमुच ज्यादा झड़ते हैं बाल

अगर आपको भी लग रहा है कि गर्मियों में कंघी करते समय पहले से ज्यादा बाल निकल रहे हैं, तो आप अकेले नहीं हैं, बल्कि ज्यादातर लोग इस समस्या का सामना करते हैं।

यशोदा अस्पताल, हैदराबाद के. जनरल फिजिशियन और सीनियल कंसल्टेंट डॉक्टर सेशी किरण बताते हैं कि गर्म मौसम में सिर की त्वचा पर पसीना ज्यादा आता है। इसके साथ धूल-मिट्टी और गंदगी भी चिपक जाती है। ऐसे में अगर सिर की सफाई ठीक से न हो तो बालों की जड़ों पर असर पड़ सकता है। इसलिए गर्मी के मौसम में सिर की त्वचा को साफ और स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि यहीं से बालों को मजबूती मिलती है।

ज्यादा बाल झडने का कारण हीटवेव है क्या

ज्यादा बाल झडने का कारण हीटवेव है क्या

पसीना कैसे बढ़ा सकता है परेशानी

अमृता अस्पताल, फरीदाबाद के इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट और सीनियरल कंसल्टेंट डॉ. धर्मेन्द्र कुमार कहते हैं कि पसीना आना शरीर की एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन जब सिर लंबे समय तक पसीने से भीगा रहे तो दिक्कत शुरू हो सकती है। पसीने के कारण सिर में चिपचिपाहट बढ़ जाती है। इस पर धूल और गंदगी आसानी से जमा हो जाती है। ऐसे में कई लोगों को खुजली, रूसी या सिर में छोटे-छोटे दाने जैसी समस्या भी होने लगती है। जब सिर की त्वचा बार-बार परेशान होती है तो बाल कमजोर महसूस होने लगते हैं और टूटने की समस्या बढ़ सकती है।

शरीर में पानी की कमी का असर भी बालों पर पड़ता है

हीटवेव के दौरान सबसे बड़ा खतरा डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी का होता है। जब हम पर्याप्त पानी नहीं पीते तो इसका असर सिर्फ शरीर ही नहीं, आपके बालों स्वास्थ्य पर भी दिखाई दे सकता है।

डॉ. बताते हैं कि पानी की कमी होने पर बाल रूखे और बेजान लग सकते हैं। उनकी चमक कम हो सकती है और वे जल्दी टूट सकते हैं। इसलिए गर्मियों में सिर्फ प्यास लगने पर ही नहीं, बल्कि पूरे दिन थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना जरूरी है।

क्या तेज धूप है बालों की असली दुश्मन

क्या तेज धूप है बालों की असली दुश्मन

तेज धूप भी बालों की दुश्मन बन सकती है

हम अक्सर चेहरे और हाथों को धूप से बचाते हैं, लेकिन बालों के बारे में भूल जाते हैं। लंबे समय तक तेज धूप में रहने से बालों की ऊपरी परत को नुकसान पहुंच सकता है।

इससे बाल अपनी प्राकृतिक नमी खो सकते हैं। वे खुरदरे, रूखे और उलझने वाले हो सकते हैं। अगर आपने बालों में कलर या कोई केमिकल ट्रीटमेंट कराया है तो नुकसान और ज्यादा हो सकता है।

नींद और तनाव का भी है कनेक्शन

बहुत ज्यादा गर्मी में लोगों को रात के समय अच्छी नींद नहीं आती है। इस दौरान कई लोग बेचैनी और थकान महसूस करते हैं। बता दें कि लगातार खराब नींद और तनाव का असर भी बालों की सेहत पर पड़ सकता है।

यही वजह है कि गर्मियों में कुछ लोगों को हेयर फॉल पहले से ज्यादा महसूस होता है। इसलिए डॉक्टर भी यह सलाह देते हैं कि सिर्फ बालों की देखभाल ही नहीं, बल्कि हेयर हेल्थ बनाए रखने के लिए अच्छी नींद और तनाव कम करना भी जरूरी है।

गर्मी में हेयर फॉल से कैसे बच सकते हैं

गर्मी में हेयर फॉल से कैसे बच सकते हैं

गर्मी में बालों को झड़ने से बचाने के लिए क्या करें

डॉक्टर्स की मानें तो गर्मी के मौसम में कुछ छोटी-छोटी बातें आपके बालों को काफी हद तक सुरक्षित रख सकती हैं। ऐसे में आप इन सरल टिप्स को फॉलो कर सकते हैं:

  • दिनभर भरपूर पानी पिएं।
  • नारियल पानी, छाछ और मौसमी फलों को खान-पान में शामिल करें।
  • तेज धूप में निकलते समय टोपी, दुपट्टा या स्कार्फ का इस्तेमाल करें।
  • बहुत ज्यादा पसीना आने पर सिर को साफ रखें।
  • संतुलित और पौष्टिक भोजन खाएं।
  • अच्छी नींद लें और तनाव कम करने की कोशिश करें।
  • जरूरत से ज्यादा हेयर ड्रायर या हीट वाले उपकरणों का इस्तेमाल न करें।

कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए

अगर अचानक बहुत ज्यादा बाल झड़ने लगें, सिर में लगातार खुजली हो, लालपन दिखाई दे या कई हफ्तों तक समस्या बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होगा।

ध्यान रखें कि हीटवेव अकेले हेयर फॉल की वजह नहीं होती, लेकिन यह ऐसी परिस्थितियां जरूर पैदा कर सकती है जो बालों को कमजोर बना दें। इसलिए गर्मी के दिनों में सिर्फ त्वचा ही नहीं, बालों का भी खास ख्याल रखें। सही खान-पान, पर्याप्त पानी और थोड़ी-सी सावधानी आपके बालों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने में मदद कर सकती है।

End of Article