फोन से शुरू हुई ये साइलेंट महामारी, चुपचाप शरीर को पहुंचा रही नुकसान, सेहत पर कैसे भारी पड़ रहा मोबाइल
- Authored by: Vineet
- Updated Jan 19, 2026, 01:09 PM IST
Mobile Phone Addiction Silent Epidemic: क्या आप जानते हैं, जो मोबाइल फोन आप दिनभर यूज करते हैं अब सिर्फ आदत नहीं रही, बल्कि सेहत के लिए एक साइलेंट खतरा बनता जा रहा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि ज्यादा स्क्रीन टाइम चुपचाप शरीर को नुकसान पहुंचा रहा है, खासकर युवाओं को। जानिए कैसे मोबाइल से शरीर में साइलेंट बीमारियों की शुरुआत हो रही है और यह आदत सेहत पर भारी पड़ रही है।
अब फोन से फैल रही साइलेंट महामारी
Mobile Phone Addiction Silent Epidemic: आज के समय में मोबाइल फोन हमारी जिंदगी का हिस्सा नहीं, बल्कि आदत बन चुका है। सुबह आंख खुलते ही फोन और रात को सोने से पहले आखिरी नजर भी स्क्रीन पर। इसी आदत के बीच एक साइलेंट महामारी पनप रही है, जो बिना शोर किए शरीर को नुकसान पहुंचा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि मोबाइल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल खासकर बच्चों और युवाओं के शरीर पर तेजी से बुरा असर डाल रहा है। यह नुकसान तुरंत नजर नहीं आता, लेकिन धीरे-धीरे शरीर कमजोर होने लगता है।
मोबाइल और बिगड़ता बॉडी पोस्चर
फोन देखते समय झुकी गर्दन और गोल होती पीठ अब आम बात हो गई है। डॉक्टर बताते हैं कि लंबे समय तक फोन नीचे रखकर देखने से गर्दन की मांसपेशियों पर ज्यादा दबाव पड़ता है। इससे टेक नेक जैसी समस्या बढ़ रही है, जिसमें गर्दन दर्द, कंधों में जकड़न और रीढ़ की हड्डी पर असर पड़ता है। कम उम्र में ही पीठ दर्द होना इसी आदत का नतीजा है।
आंखों पर पड़ता सीधा असर
लगातार स्क्रीन देखने से आंखें थकने लगती हैं, जलन, सूखापन और धुंधला दिखना आम हो गया है। डॉक्टरों के अनुसार, मोबाइल की नीली रोशनी आंखों के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदेह है। बच्चे और युवा जब घंटों फोन पर रहते हैं, तो उनकी आंखों की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं।
नींद और दिमाग की सेहत पर हमला
रात को सोने से पहले फोन चलाना नींद का सबसे बड़ा दुश्मन बन चुका है। स्क्रीन से निकलने वाली रोशनी दिमाग को यह संकेत देती है कि अभी दिन है। इससे नींद का हार्मोन मेलाटोनिन प्रभावित होता है और नींद पूरी नहीं हो पाती। धीरे-धीरे चिड़चिड़ापन, तनाव और ध्यान लगाने में दिक्कत शुरू हो जाती है।
हड्डियां और मांसपेशियां क्यों हो रही कमजोर
कम उम्र में ही जोड़ों का दर्द और मांसपेशियों में जकड़न बढ़ रही है। डॉक्टर मानते हैं कि लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठकर फोन चलाने से शरीर की प्राकृतिक मूवमेंट कम हो जाती है। इससे हड्डियों की मजबूती पर असर पड़ता है और शरीर जल्दी थकने लगता है।
बच्चे और युवा सबसे ज्यादा खतरे में
डॉक्टरों की चेतावनी है कि यह साइलेंट महामारी सबसे ज्यादा बच्चों और युवाओं को प्रभावित कर रही है। उनका शरीर अभी विकसित हो रहा होता है और ज्यादा स्क्रीन टाइम उनकी शारीरिक और मानसिक ग्रोथ को रोक सकता है। अगर समय रहते आदतें नहीं बदली गईं, तो इसका असर लंबे समय तक झेलना पड़ सकता है।
जरूरी है समय पर जागरूकता
मोबाइल को पूरी तरह छोड़ना मुश्किल है, लेकिन उसका सही इस्तेमाल बहुत जरूरी है। बीच-बीच में ब्रेक लेना, सही पोस्टचर रखना और स्क्रीन टाइम सीमित करना छोटे कदम हैं, जो इस साइलेंट महामारी से बचा सकते हैं। सेहत चुपचाप बिगड़ती है, इसलिए इसे चुपचाप नजरअंदाज करना सबसे बड़ी गलती हो सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।