शहर

जयपुर में फिल्मी अंदाज में सनसनीखेज गैंगवार, सड़क पर हिस्ट्रीशीटर की कुल्हाड़ी-डंडों से बेरहमी से हत्या

जयपुर में बुधवार रात हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी, डंडों और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने पहले उसकी फॉर्च्यूनर कार को बोलेरो कैंपर से टक्कर मारी, फिर घेरकर हमला किया।

Image

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या

Photo : Times Now Digital

Jaipur Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार रात फिल्मी अंदाज हुई एक खूनी गैंगवार ने पूरे इलाके को दहला दिया है। करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की बदमाशों ने सरेराह घेरकर कुल्हाड़ियों, पत्थरों और डंडों से बेरहमी से हत्या कर दी।हमलावरों ने पहले उसकी फॉर्च्यूनर कार को टक्कर मारी और फिर सड़क पर घेरकर उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो भी सामने आया है।

बदमाशों ने घेरकर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, विजय बाजिया जोबनेर से अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार में जयपुर आ रहा था। बुधवार रात करीब 8 बजे जगदंबा नगर में पहले से घात लगाकर बैठे दूसरे गुट के 4 से 6 बदमाश महिंद्रा बोलेरो कैंपर में सवार होकर पहुंचे। उन्होंने पीछे से विजय की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉर्च्यूनर का संतुलन बिगड़ गया।

अपनी जान बचाने के लिए विजय कार से उतरकर भागा, लेकिन हमलावरों ने कुछ दूरी पर घनी आबादी के बीच उसे घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने पत्थरों, डंडों और कुल्हाड़ियों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। महज पांच मिनट के भीतर इस खूनी खेल को अंजाम देकर आरोपी कैंपर गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए। हमलावरों की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क पर पड़े विजय के शव के सिर में कुल्हाड़ी धंसी हुई मिली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

छतों से लोगों ने बनाया वीडियो

इस खूनी संघर्ष के दौरान आसपास मौजूद लोग डर के मारे चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन हमलावरों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। कई लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने घरों की छतों से मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके सामने आने के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है।

आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी

घटना की सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 'ए-श्रेणी' की नाकाबंदी कराई गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article