Seoni News: पुलिस को अक्सर आम लोगों की दोस्त के तौर पर पेश किया जाता है। लेकिन पुलिसकर्मी आम जनता के कितने करीब आते हैं और उनसे कितनी दोस्ती रखते हैं, यह हमेशा से ही सवालों के घेरे में रहा है। अब मध्य प्रदेश के सिवनी में हुई एक घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी होटल कर्मचारियों से युवक के बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी को एक्टिव ड्यूटी से हटाकर पुलिस लाइन में अटैच कर दिया है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वायरल वीडियो में कथित तौर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को एक होटल में बातचीत करते देखा जा सकता है। इस दौरान एक अधिकारी होटल कर्मचारियों से कहते सुनाई दे रहे हैं, 'इसके बैग में थोड़ा गांजा रख दो'। बातचीत में कथित तौर पर होटल परिसर में नशीला पदार्थ रखकर युवक को ड्रग्स के मामले में फंसाने की योजना पर चर्चा हो रही है।
इस फुटेज के सामने आने से पुलिस की भूमिका और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वीडियो में होटल में ठहरने वाले एक युवा जोड़े का संदर्भ सामने आया है। इससे आपसी सहमति से होटल में ठहरने वाले बालिग जोड़ों की निजता और उनके साथ पुलिस के कथित व्यवहार को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
SP ने थाना प्रभारी को किया लाइन हाजिर
वीडियो सामने आने के बाद सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन अटैच करने का आदेश दिया और पूरे मामले की जांच शुरू करा दी है।
एसपी कृष्ण लालचंदानी ने प्रमुख अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। शुरुआती कार्रवाई के तहत थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है। पुलिस अब होटल के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) और वायरल फुटेज की जांच करेगी।
वीडियो की प्रामाणिकता की भी होगी जांच
फिलहाल वायरल वीडियो की वास्तविकता और उसमें दिखाई गई बातचीत की तारीख की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, DVR की रिकॉर्डिंग और वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही साफ हो पाएगा कि वीडियो कब का है और उसमें सुनाई दे रही बातचीत की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
