बिजनेस

Sensex 552, Nifty 181 अंक लुढ़का, क्रूड सस्ता फिर, क्यों थमी बाजार की रफ्तार?

शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत में बिकवाली हावी रही। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 552 और निफ्टी 181 अंक तक लुढ़क गए। चौतरफा बिकवाली के चलते निवेशकों को 4 लाख करोड़ का नुकसान हुआ है।

Image

बाजार में बिकवाली हावी

Stock Market Today Sensex Nifty : शेयर बाजार में बुधवार, 18 नवंबर को तेजी की रफ्तार थम गई। इस सप्ताह लगातार 2 कारोबारी सत्रों की बढ़त के बाद बाजार में ऐसी बिकवाली आई कि सेंसेक्स 552 और निफ्टी भी 181 अंक लुढ़क गए। मार्केट ब्रेड्थ से भी बाजार में व्यापक कमजोरी का पता चल रहा है। BSE पर 3,718 शेयरों में कारोबार हो रहा है। इनमें 1,136 शेयरों में तेजी, जबकि 2,331 शेयरों में गिरावट है। इस गिरावट से निवेशकों की दौलत पर बड़ा असर पड़ा।

शुरुआत के करीब आधे घंटे के कारोबार में ही निवेशकों के पोर्टफोलिया से ₹4.26 लाख करोड़ साफ हो गए हैं। शुरुआती कारोबार में Nifty 25,206.20 और Sensex 81,979.64 अंक तक लुढ़क गया। खासतौर पर मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली है। इसकी वजह से Nifty Metal और Nifty Consumer Durables Index करीब 1.50 फीसदी तक लुढ़क गए।

दिलचस्प बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है। Brent Crude करीब 0.67% गिरकर 92.52 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। लेकिन, इसके बावजूद शेयर बाजार में बिकवाली क्यों बढ़ गई? इसके पीछे 3 बड़े कारण हैं।

लगातार तेजी के बाद प्रॉफिट बुकिंग

बाजार में गिरावट की पहली बड़ी वजह मुनाफावसूली है। पिछले 12 कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयर के बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स करीब 13% चढ़ चुके थे। खासतौर पर विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने बाजार को मजबूती दी। लगातार तेजी के बाद ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू कर दिया। इससे बाजार पर दबाव बढ़ गया।

अमेरिकी बाजारों की कमजोरी का असर

दूसरी बड़ी वजह ग्लोबल बाजारों से मिले कमजोर संकेत हैं। मंगलवार को अमेरिकी बाजार में बिकवाली देखने को मिली। S&P 500 में करीब 1.19% और Nasdaq में 0.74% की गिरावट दर्ज की गई। यूरोपीय बाजारों में भी कमजोरी रही। जर्मनी का DAX करीब 2.12% टूट गया। AI कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन और भविष्य की कमाई को लेकर निवेशकों की चिंता टेक शेयरों पर दबाव बना रही है। इसका असर भारतीय बाजार के सेंटीमेंट पर भी पड़ा।

US Fed के फैसले से पहले सावधानी

तीसरी और सबसे बड़ी वजह US Fed के पॉलिसी रेट पर आने वाला फैसला है। दुनियाभर के कैपिटल मार्केट से जुड़े निवेशकों की नजर अब फेड के फैसले पर टिकी है, जो अगले महीने के पहले सप्ताह में होना है। अगर फेड रेट हाइक करता है, तो निवेशकों को पोर्टफोलियो इसके मुताबिक एडजस्ट करना होगा। यही वजह है कि फिलहाल निवेशकों ने सावधानी बरतना शुरू कर दिया है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article