हेल्थ

सेहत का नया रोडमैप: ICMR ने बताई भारतीयों के लिए सही थाली की पूरी लिस्ट, जानिए क्या है हेल्दी, क्या बिल्कुल न छूएं

What To Eat And Avoid According to ICMR: भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (ICMR-NIN) ने हाल ही में अपनी नई डाइट्री गाइडलाइन शेयर की हैं। भारतीयों के लिए इन नई डाइट गाइडलाइन्स में हर उम्र के लिए सही थाली का फॉर्मूला बताया गया है। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं के लिए क्या है हेल्दी और क्या नहीं, इसके बारे में विस्तार से बताया गया है। चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.....

Image

What To Eat And Avoid According to ICMR

What To Eat And Avoid According to ICMR: क्या आपकी थाली में वो सब है जो शरीर को चाहिए? हम में से ज्यादातर लोग अपनी पसंद की चीजों को खाकर खुश होते हैं, लेकिन उससे शरीर को कितना पोषण मिल रहा है, इस पर कभी ध्यान नहीं देते। लेकिन स्वस्थ रहने के लिए यह बहुत आवश्यक है कि आप मनपसंद चीजें खाने के साथ इस बात का भी खास ध्यान रखें कि जरूरी पोषण कहीं छूट न जाए।

इसी कमी को पूरा करने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (ICMR-NIN) ने भारतीयों के लिए नई डाइट्री गाइडलाइन शेयर की है। 17-पॉइंट डाइट गाइडलाइन्स में बताया गया है कि सही थाली कैसी होनी चाहिए, किस चीज की कितनी मात्रा लें, और किन चीजों से दूरी बनाकर रखें। बच्चों से लेकर बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं तक हर किसी के लिए खास सलाह इसमें दी गई है, ताकि थाली सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि सेहतमंद भी हो।

थाली में हो विविधता का स्वाद

आईसीएमआर कहता है कि आपकी थाली में अनाज, दाल/प्रोटीन, और सब्जियां-फल का संतुलन होना जरूरी है। आधी थाली सब्जियों और फलों से भरें, बाकी हिस्से में अनाज, दाल, दूध-दही, नट्स और बीज शामिल करें। इससे शरीर को सभी जरूरी विटामिन, मिनरल्स और फाइबर मिलेंगे।

हर उम्र के लिए अलग जरूरतें

बच्चों को 6 महीने तक मां का दूध और उसके बाद घर का पौष्टिक खाना देना चाहिए। किशोरों को प्रोटीन और कैल्शियम ज्यादा चाहिए, जबकि बुजुर्गों को आसानी से पचने वाला, पोषण से भरपूर भोजन। गर्भवती महिलाओं को आयरन, फोलिक एसिड, कैल्शियम और विटामिन B12 की मात्रा बढ़ानी चाहिए।

तेल, नमक और चीनी पर लगाम

जितना कम, उतना अच्छा। तेल 25-30 ग्राम, नमक 5 ग्राम और चीनी 25 ग्राम से ज्यादा न लें। जंक फूड, मीठे पेय और पैकेट वाले प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाए रखें, क्योंकि ये वजन, शुगर और ब्लड प्रेशर बढ़ा सकते हैं।

फूड लेबल पढ़ना बनाएं आदत

खरीदारी के समय पैकेट का लेबल पढ़ें। इसमें छुपी हुई चीनी, नमक और फैट की मात्रा देखकर ही फैसला करें। इससे आप हेल्दी और अनहेल्दी के बीच सही चुनाव कर पाएंगे।

शारीरिक गतिविधि जरूरी

सिर्फ अच्छा खाना ही नहीं, रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज या तेज चलना भी जरूरी है। इससे खाना सही से पचेगा और शरीर फिट रहेगा।

निष्कर्ष

ICMR की ये गाइडलाइन्स थाली को सेहत का कंप्लीट पैकेज बनाने के लिए हैं। इसमें हर उम्र के लिए पोषण का सही फॉर्मूला है - क्या खाना है, कितनी मात्रा में खाना है और किन चीजों से बचना है। अगर इन नियमों को अपनाया जाए, तो न सिर्फ बीमारियों से बचा जा सकता है, बल्कि जिंदगी लंबी और सेहतमंद भी हो सकती है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article