हमारे शरीर में कुछ बीमारियां ऐसी होती हैं, जिनका खुद का कोई असर होता हुआ नहीं दिखाई देता है। लेकिन इनके साइड इफेक्ट पूरे शरीर में दिखाई देते हैं। ऐसी ही एक बीमारी का नाम है डायबिटीज। जिसका सीधा असर हमारी आंखों की रोशनी पर दिखाई देता है। डायबिटीज के पीड़ित लोगों की आंखों में रेटिनोपैथी, मोतियाबिंद और ग्लूकोमा जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यदि डायबिटीज को समय रहते कंट्रोल न किया जाए तो इससे आंखों की रोशनी पर काफी बुरा असर पड़ सकता है। आइए जानते हैं 4 ऐसे काम जो आंखों को बचाने के लिए डायबिटीज के मरीज को जरूर करने चाहिए।
डायबिटीज के मरीज ऐसे रखें आंखों का ख्याल - how to take care of eyes in diabetes
शुगर लेवल रखें कंट्रोल
आंखों की समस्या से बचने के लिए डायबिटीज के रोगियों को अपने शुगर लेवल को बहुत अधिक बढ़ने से रोकना चाहिए। शुगर लेवल का बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव हमारी आंखों को काफी नुकसान पहुंचाता है। जिससे आपको डायबिटिक रेटिनोपैथी की समस्या हो सकती है। इससे आपकी आंखों में सूजन आ सकती है, और नजर में धुंधलापन आ जाता है।
आंखों की नियमित हो जांच
शुगर पेशेंट को चाहिए कि वह अपनी आंखों की नियमित रूप से जांच कराएं। जिससे उनकी आंखों में बढ़ रही किसी भी तरह की समस्याओं को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। क्योंकि लंबे समय तक समस्या बने रहने से आपकी आंखों की ब्लड वेन्स क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इसलिए डायबिटीज को रोगी को साल में कम से कम 2 बार आंखो की जांच जरूर करानी चाहिए।
डाइट का रखें ध्यान
शुगर के मरीजों को अपनी डाइट का बहुत ज्यादा ध्यान रखना चाहिए। क्योंकि इससे आपके शुगर लेवल पर सीधा असर पड़ता है। डायबिटीज होने पर आपको एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर और लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फूड्स को डाइट में शामिल करना चाहिए। आपकी डाइट में ओमेगा-3 फैटी एसिड जरूर शामिल होना चाहिए।
एक्सरसाइज है जरूरी
डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए सबसे कारगर उपायों में से एक है एक्सरसाइज। यह आपके ब्लड फ्लो को दुरुस्त करती है। जिससे आपकी आंखों पर होने वाला असर भी कम हो जाता है। डायबिटीज को मरीजों को कम से कम 40 मिनट एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए। जिसमें वह योग, प्राणायाम के अलावा वॉक और स्विमिंग जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
