How to Lower Blood Pressure, ब्लड प्रेशर कम करने के उपाय: हाई ब्लड प्रेशर ऐसी समस्या है जिसका पता कई बार बिना किसी साफ लक्षण के चलता है। यही वजह है कि इसे हल्के में लेने के बजाय समय-समय पर अपना ब्लड प्रेशर जांचना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि रोजमर्रा की कुछ आदतों में बदलाव करके इसे नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। हार्ट सर्जन डॉ. जेरेमी लंदन ने अपने वीडियो में ब्लड प्रेशर को बेहतर रखने के लिए खान-पान, एक्सरसाइज और वजन पर ध्यान देने की बात कही है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - गुड्डू भैया जैसी तगड़ी बॉडी के लिए स्टेरॉइड्स लेते हैं? फायदे नहीं, पहले जान लें ये नुकसान
उनके मुताबिक अगर इन बदलावों के बावजूद ब्लड प्रेशर सामान्य नहीं हो रहा है, तो दवाओं की जरूरत पड़ सकती है और इसे किसी तरह की असफलता नहीं समझना चाहिए। क्योंकि हाई ब्लड प्रेशर के पीछे आनुवंशिक कारण और उम्र के साथ धमनियों में आने वाले बदलाव भी भूमिका निभा सकते हैं। आइए जानते हैं ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने के लिए किन बातों पर ध्यान देना चाहिए।
1. आहार में करें ये बदलाव
डॉ. जेरेमी लंदन के अनुसार ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने की कोशिश में खाने की आदतों पर ध्यान देना जरूरी है। अपनी डाइट में ताजे फल, सब्जियां और लीन मीट यानी कम फैट वाले मांस को शामिल करने पर ध्यान दें।
इसके साथ ही ज्यादा सोडियम यानी नमक वाले खाद्य पदार्थों और अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड से बचने की सलाह दी गई है। यानी ब्लड प्रेशर को लेकर बात सिर्फ दवा तक सीमित नहीं है, बल्कि रोज की प्लेट में क्या जा रहा है, यह भी महत्वपूर्ण है।
2. नियमित व्यायाम को बनाएं आदत
दूसरा महत्वपूर्ण बदलाव है एक्सरसाइज। डॉ. के अनुसार नियमित व्यायाम दिल की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में मदद करता है। व्यायाम के दौरान दिल लगातार काम करता है और नियमित गतिविधि से दिल की सेहत में सुधार होता है। इसलिए ब्लड प्रेशर को संभालने की कोशिश में नियमित शारीरिक गतिविधि को लाइफस्टाइल का हिस्सा बनाना जरूरी है।
3. वजन कम करने पर दें ध्यान
तीसरा बदलाव weight loss है। डॉ. लंदन के मुताबिक वजन कम करने से शरीर के tissues की ओर से दिल पर पड़ने वाला दबाव कम होता है। इसके साथ ही शरीर की ऑक्सीजन और ब्लड की डिमांड भी घटती है। इसलिए अगर किसी व्यक्ति का वजन ज्यादा है, तो उसे कम करना ब्लड प्रेशर को बेहतर तरीके से संभालने की कोशिश का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है।
इन 3 बदलावों के बाद भी BP सामान्य न हो तो?
डॉ. जेरेमी लंदन के मुताबिक अगर आहार, व्यायाम और वजन घटाने जैसे लाइफस्टाइल बदलाव करने के बाद भी ब्लड प्रेशर सामान्य नहीं होता, तो दवाइयां लेना एक सही विकल्प हो सकता है। दवा की जरूरत पड़ना किसी असफलता का संकेत नहीं है। उनके अनुसार जेनेटिक्स यानी आनुवंशिक कारण और धमनियों का सख्त होना भी हाई ब्लड प्रेशर के पीछे वास्तविक कारण हो सकते हैं।
खर्राटे और नींद की समस्या को भी समझें
डॉ. लंदन ने स्लीप एपनिया की जांच की जरूरत पर भी ध्यान दिलाया है। अगर किसी व्यक्ति को तेज खर्राटे आते हैं, सुबह उठने के बाद भी थकान रहती है या रात में सांस फूलने के कारण नींद खुलती है, तो स्लीप एपनिया की जांच करानी चाहिए। उनके अनुसार यह ब्लड प्रेशर नियंत्रित न होने के आम कारणों में से एक हो सकता है। इसी के साथ अपने ब्लड प्रेशर की नियमित जांच घर पर करते रहना भी जरूरी है। डॉ. लंदन ने 120 सिस्टॉलिक ब्लड प्रेशर को आदर्श स्तर के रूप में बताया है।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हेल्थ यूट्यूबर डॉ. जेरेमी लंदन के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
