हेल्थ

गुड्डू भैया जैसी तगड़ी बॉडी के लिए स्टेरॉइड्स लेते हैं? फायदे नहीं, पहले जान लें ये नुकसान

मसल्स जल्दी बनाने के लिए कुछ लोग स्टेरॉइड्स का सहारा लेते हैं, लेकिन इसका असर सिर्फ मांसपेशियों तक सीमित नहीं रहता। हार्मोन, दिल, लिवर समेत पूरे स्वास्थ्य पर भी इसके गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं।

Image

गुड्डू भैया जैसी तगड़ी बॉडी के लिए स्टेरॉइड्स लेते हैं?

वेब सीरीज और फिल्म ‘मिर्जापुर’ में गुड्डू भैया का किरदार निभाने वाले एक्टर अली फजल अपनी दमदार बॉडी और मसल्स के लिए जाना जाता है। फिल्म में गुड्डू भैया को कई जगहों पर दमदार बॉडी बनाने के लिए स्टेरॉइड्स का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया है। स्क्रीन पर कुछ ही समय में मसल्स का बढ़ना देखने में भले ही प्रभावशाली लग सकता है, लेकिन असल जिंदगी में शरीर को इस तरह बदलने की कोशिश इतनी आसान या सुरक्षित नहीं होती।

जिम जाने वाले कुछ लोग भी जल्दी मसल्स बनाने, ताकत बढ़ाने या शरीर को ज्यादा भारी दिखाने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉइड्स लेने लगते हैं। समस्या यह है कि स्टेरॉइड्स शरीर के नेचुरल हार्मोन बैलेंस को प्रभावित कर सकते हैं। शुरुआत में बदलाव अच्छे लग सकते हैं, लेकिन समय के साथ शरीर के कई हिस्सों पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए मसल्स बनाने की जल्दी में कोई भी दवा या इंजेक्शन लेना समझदारी नहीं है। आसान भाषा में समझें कि स्टेरॉइड्स शरीर के साथ क्या कर सकते हैं।

स्टेरॉइड्स आखिर होते क्या हैं?

मस्कुलर बॉडी बनाने के लिए जिस तरह के स्टेरॉइड्स यूज होते हैं। उन्हें आमतौर पर एनाबॉलिक स्टेरॉइड्स कहा जाता है। ये ऐसे पदार्थ हैं जो शरीर मे टेस्टोस्टेरोन के प्रभाव की नकल कर सकते हैं। इनसे मांसपेशियों का आकार और ताकत तेजी से बढ़ सकती है। हालांकि शरीर अपने हार्मोन का संतुलन खुद बनाए रखता है। ऐसे में इस तरह के हार्मोनल इम्बैलेंस पैदा करने वाले स्टेरॉइड्स शरीर के लिए हानिकारक हो सकते हैं।

हार्मोन का संतुलन बिगड़ सकता है

स्टेरॉइड्स लेने पर शरीर को लग सकता है कि उसे बाहर से पर्याप्त हार्मोन मिल रहा है। इसके बाद शरीर अपनी प्राकृतिक हार्मोन बनाने की प्रक्रिया को कम कर सकता है। पुरुषों में इससे स्पर्म काउंट की संख्या कम होना, अंडकोष का आकार घटना और फर्टिलिटी प्रभावित होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं महिलाओं में इससे पीरियड साइकल में बदलाव, आवाज भारी होना और चेहरे या शरीर पर अधिक बाल आने जैसी परेशानियां देखी जा सकती हैं।

दिल पर भी पड़ सकता है असर

तगड़ी बॉडी के पीछे भागते हुए लोग अक्सर दिल की सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन स्टेरॉइड्स ब्लड प्रेशर और शरीर में कोलेस्ट्रॉल बैलेंस को प्रभावित कर सकते हैं। इससे दिल और ब्लड वेसल्स से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है।

लिवर और त्वचा को नुकसान

कुछ स्टेरॉइड्स लिवर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकते हैं। लंबे समय तक या गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर लिवर से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।इसके अलावा त्वचा पर मुंहासे बढ़ना, बाल झड़ना और त्वचा में बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।

मानसिक स्वास्थ्य पर असर

स्टेरॉइड्स का असर मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। कुछ लोगों में चिड़चिड़ापन, मूड में तेज बदलाव, गुस्सा या बेचैनी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद इन्हें छोड़ना भी मुश्किल हो सकता है।

बॉडी बनाने का शॉर्टकट पड़ सकता है भारी

मसल्स बनाने में समय के साथ सही खान-पान, पर्याप्त प्रोटीन, नियमित व्यायाम, आराम और लगातार मेहनत लगती है। स्टेरॉइड्स इस प्रक्रिया को तेज कर सकते हैं, लेकिन इसके साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ सकते हैं। इसलिए किसी फिल्म या वेब सीरीज के किरदार को देखकर अपनी बॉडी के साथ ऐसा प्रयोग करना सही नहीं है। अगर कोई व्यक्ति स्टेरॉइड्स लेने के बारे में सोच रहा है, तो पहले योग्य डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी रिसर्च पर आधारित है और यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article