हेल्थ

हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम क्या होता है, क्यों सर्दी की छुट्टियों में बढ़ता है हार्ट अटैक का खतरा

Holiday Heart Syndrome: हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम सर्दियों की छुट्टियों में बढ़ने वाली हार्ट की गंभीर समस्याओं का समूह है। हमारे लिए ये छुट्टियों का मौसम दिल की कठिन परीक्षा का समय बन जाता है। पढ़ें हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम की पूरी कहानी। आइए जानते हैं क्या है हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम और कैसे होगा इससे बचाव?

Image

हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम

Holiday Heart Syndrome: सर्दियों का मौसम आते ही छुट्टियों की रौनक बढ़ जाती है। क्रिसमस, न्यू ईयर और पारिवारिक समारोह हम सभी खूब मनाते हैं। ये सब कुछ खुशियों से भरा होता है। लेकिन इसी जश्न के बीच एक साइलेंट खतरा भी पनपता है, जिसे डॉक्टर हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम कहते हैं। यह कोई एक बीमारी नहीं बल्कि दिल से जुड़ी कई समस्याओं का ऐसा समूह है, जो खासतौर पर सर्दियों की छुट्टियों के दौरान ज्यादा देखने को मिलता है। हमारे लिए सर्दियों की छुट्टियों का ये मौसम दिल की कठिन परीक्षा का समय बन जाता है। आगे पढ़ें हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम की पूरी कहानी।

क्या होता है हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम? - What is Holiday Heart Syndrome

हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम में सबसे आम समस्या एट्रियल फाइब्रिलेशन (AFib) मानी जाती है। इसमें हमारे दिल की धड़कन अनियमित हो जाती है, जिससे थकान, घबराहट, चक्कर और सांस फूलने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसके अलावा हार्ट फेल्योर और मायोकार्डियल इन्फार्क्शन यानी दिल का दौरा भी इसी श्रेणी में आते हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कीथ चर्चबेल के अनुसार, छुट्टियों में लाइफस्टाइल का अचानक बदल जाना इन समस्याओं को बढ़ा देता है।

सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम का खतरा?

विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों में छुट्टियां ज्यादा होती हैं और छुट्टियों के दौरान शराब का सेवन आम दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाता है। जरूरत से ज्यादा शराब दिल की इलेक्ट्रिकल एक्टिविटी को प्रभावित करती है, जिससे एट्रियल फाइब्रिलेशन (AFib) का खतरा बढ़ सकता है। यही कारण है कि दिसंबर और जनवरी के महीनों में अस्पतालों में हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम के मामलों की संख्या बढ़ जाती है।

ठंड का मौसम बनता है चुनौती

इसके अलावा ठंडा मौसम भी दिल के लिए चुनौती बनकर आता है। तापमान गिरने पर हमारी रक्त वाहिकाएं संकुचित हो जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ता है और खून को पंप करने में दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसके साथ ही छुट्टियों का तनाव, देर रात तक जागना, ज्यादा खाना और फिजिकल एक्टिविटी की कमी ये सभी कारण मिलकर दिल की सेहत पर बुरा असर डालते हैं।

कैसे होगा बचाव? How to Prevent Holiday Heart Syndrome

हॉलिडे हार्ट सिंड्रोम से बचाव मुश्किल नहीं है, बस थोड़ी समझदारी जरूरी है। हम आपको कुछ सिंपल टिप्स बताने जा रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर आप अपने दिल की सेहत को फिट रख सकते हैं।

  • शराब का सेवन सीमित रखें।
  • रोज थोड़ी देर टहलें या हल्का व्यायाम करें और नींद पूरी लें।
  • तनाव को कम करने के लिए गहरी सांस, मेडिटेशन या अपने पसंदीदा लोगों के साथ समय बिताएं।
  • यदि छाती में दबाव, तेज धड़कन या सांस लेने में परेशानी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

छुट्टियों का असली मजा तभी है, जब दिल भी स्वस्थ रहे। इसलिए जश्न के साथ सेहत का संतुलन भी बनाकर चलेंगे, तो यह सर्दी और छुट्टियों का मौसम यादों के साथ सेहत भी संजोकर बीत सकता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article