पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने अपने खराब प्रदर्शन को लेकर आलोचकों को जवाब दिया है। उन्होंने बताया कि कि वह बाहरी आलोचनाओं और लोगों की बातों पर ध्यान देने के बजाय प्रैक्टिस और मैदान पर अपना हंड्रेड पर्सेंट देने पर भरोसा करते हैं। बाबर की तुलना अक्सर विराट कोहली से की जाती है, लेकिन आंकड़ों में वह किंग के सामने कहीं नहीं टिकते। 2021 टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान को यादगार जीत दिलाने वाले पूर्व कप्तान का कहना है कि उन्होंने अब बाहरी बातों को नजरअंदाज करना सीख लिया है।
खेल पर देता हूं ध्यान
बाबर आजम फिलहाल आईएलटी20 टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। वह डेजर्ट वाइपर्स के लिए खेलने वाले हैं। इससे पहले उन्होंने अपनी फॉर्म और भविष्य की योजना को लेकर पीटीआई से बातचीत की है। उन्होंने कहा 'मैं जब भी खेलता हूं तो मेरा पूरा ध्यान इस बात पर रहता है कि अच्छा प्रदर्शन कैसे करना है, अपनी टीम को मैच कैसे जिताना है और मैं किस तरह योगदान दे सकता हूं।’’
बाहरी शोर को करता हूं नजरअंदाज
बाबर आजम ने आलोचकों को लेकर करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, ’’लोग कुछ भी कहें, मैं मैदान पर और अभ्यास सत्र में अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश करता हूं। हर किसी की अपनी राय और विचार होते हैं। कई लोग तारीफ भी करते हैं। दूसरे लोग क्या कह रहे हैं, यह मेरे हाथ में नहीं है। मेरे हाथ में सिर्फ यह है कि मैं मैदान पर क्या कर सकता हूं। इसलिए मैं ज्यादा बातों पर ध्यान नहीं देता और खुद पर फोकस रखता हूं।’’
मोहम्मद यूसुफ के सलाह पर बाबर का जवाब
बाबर की बल्लेबाजी तकनीक और प्रदर्शन की अक्सर चर्चा होती रहती है। हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने भी सोशल मीडिया पर उनके खेल में सुधार के लिए कुछ तकनीकी बदलावों का सुझाव दिया था। हालांकि, हर किसी की सलाह पर ध्यान देने के बजाय वह अपने करीबी कोच और पूर्व खिलाड़ियों से चर्चा करना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, ’’मेरे आसपास ऐसे कई लोग हैं, जिनसे मैं अपनी भावनाएं साझा कर सकता हूं और जान सकता हूं कि वे मेरे बारे में क्या सोचते हैं।’’
उन्होंने कहा, ’’मैं अपने करीबी लोगों, कोच और उन पूर्व खिलाड़ियों से इस बारे में बात करता हूं, जिनके साथ मैं अपनी बातें साझा करता हूं। वे हमेशा अच्छी सलाह और सुझाव देते हैं, जो मेरे लिए फायदेमंद होते हैं।’’
