प्यास लगने पर पानी की बोतल खरीदना हमारे लिए कितना आसान है। रेलवे स्टेशन हो, एयरपोर्ट, ऑफिस या फिर कोई छोटी दुकान, हर जगह पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर आसानी से मिल जाता है। बोतल पर किसी बड़े ब्रांड का नाम और सीलबंद पैकिंग देखकर हम निश्चिंत हो जाते हैं। हमें लगता है कि पानी साफ है तो सुरक्षित भी होगा। लेकिन क्या वाकई ऐसा है?
पानी की शुद्धता सिर्फ उसके पारदर्शी दिखने, स्वाद या गंध से तय नहीं होती। इसमें कुछ ऐसे रासायनिक प्रदूषक भी हो सकते हैं, जिन्हें सामान्य तौर पर पहचानना संभव नहीं है। ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) ऐसे ही दो केमिकल हैं, जिनकी मौजूदगी और मात्रा स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता का विषय हो सकती है।
बोतलबंद पानी को लेकर क्या है अपडेट
नवंबर 2026 में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सैंपल को असुरक्षित पाए जाने के मामले में कंपनी के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी है। शुरुआती जांच में नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं मिली। कंपनी की अपील के बाद रेफरल लैब में हुई जांच में PAHs की मौजूदगी भी दर्ज की गई।
हालांकि 23 नवंबर 2026 को द ट्रिब्यून में छपी के एक खबर के अनुसार कंपनी ने FSSAI की कार्रवाई के बाद अपने उत्पादों की सुरक्षा को लेकर सफाई दी है। बिसलेरी का कहना है कि उसने स्वतंत्र प्रयोगशाला से भी पानी के नमूने की जांच कराई थी, जिसमें ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। कंपनी के मुताबिक, उसने फरवरी 2026 में अपनी जांच रिपोर्ट FSSAI को सौंप दी थी। कंपनी ने नियामक जांच के निष्कर्षों पर स्पष्टीकरण मांगा है।
डॉक्टर्स से समझते हैं बात
बहरहाल, इस घटनाक्रम ने बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और उसकी नियमित जांच को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। इस बारे में सी.के. बिरला हॉस्पिटल, दिल्ली के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डायरेक्टर – डॉ. मनदीप सिंह मल्होत्रा और आर्टेमिस हॉस्पिटल्स, गुरुग्राम के चीफ – सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. दीपक झा से समझते हैं कि ये केमिकल शरीर को किस तरह प्रभावित कर सकते हैं और पानी खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
क्या होता है ब्रोमेट और पानी में कैसे पहुंचता है
ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को कीटाणुओं से मुक्त करने की कुछ प्रक्रियाओं के दौरान बन सकता है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की प्रोसेसिंग में कई बार ओजोन का इस्तेमाल किया जाता है। यह पानी में मौजूद सूक्ष्मजीवों को निष्क्रिय करने में मदद करता है। लेकिन अगर पानी में पहले से ब्रोमाइड मौजूद हो, तो ओजोनेशन की प्रक्रिया के दौरान उससे ब्रोमेट बन सकता है।
इसलिए पानी को साफ करने की प्रक्रिया के दौरान ब्रोमेट के स्तर को नियंत्रित रखना जरूरी है। इसकी अधिक मात्रा और लंबे समय तक संपर्क स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
डॉ. दीपक झा बताते हैं कि पानी में ब्रोमाइड की मौजूदगी और ओजोन से ट्रीटमेंट के दौरान ब्रोमेट बन सकता है। लंबे समय तक अधिक मात्रा में इसके संपर्क में रहने से किडनी की सेहत प्रभावित हो सकती है और कैंसर का जोखिम भी बढ़ सकता है।
ब्रोमेट को लेकर वैज्ञानिक चिंता का एक कारण यह भी है कि पोटैशियम ब्रोमेट को इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने संभावित कैंसरकारी पदार्थों की श्रेणी में रखा है। हालांकि, किसी रसायन की कैंसरकारी क्षमता और पीने के पानी के जरिए उससे होने वाला वास्तविक जोखिम अलग-अलग बातें हैं। इसका आकलन मात्रा और संपर्क की अवधि के आधार पर किया जाता है।
PAHs क्या हैं और बोतलबंद पानी में कैसे पहुंचते हैं
PAHs यानी पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (Polynuclear Aeromatic Hydrocarbons) कई रासायनिक यौगिकों का समूह है। ये मुख्य रूप से कोयला, पेट्रोल, डीजल, लकड़ी और दूसरे जैविक पदार्थों के अधूरे जलने से बनते हैं। औद्योगिक गतिविधियों, प्रदूषण और दूषित मिट्टी के जरिए ये पर्यावरण में फैल सकते हैं और कुछ परिस्थितियों में पानी भी इनसे दूषित हो सकता है।
हालांकि इस समूह के सभी केमिकल एक जैसे नहीं होते लेकिन कुछ PAHs को कैंसरकारी माना गया है। वहीं कुछ के स्वास्थ्य प्रभावों को लेकर रिसर्च जारी हैं।
डॉ. दीपक झा के मुताबिक, पर्यावरण में मौजूद प्रदूषण, इंडस्ट्रियल वेस्ट और दूषित पदार्थों के संपर्क में आने से PAHs पानी में पहुंच सकते हैं। इनमें से कुछ रसायन कैंसर का कारण बन सकते हैं। इसलिए पानी में इनकी मौजूदगी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
क्या ब्रोमेट और PAHs से कैंसर हो सकता है
ब्रोमेट और कुछ PAHs को लेकर सबसे बड़ी चिंता इनके संभावित कैंसरकारी प्रभावों की है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि एक बार दूषित पानी पीने से किसी व्यक्ति को कैंसर हो जाएगा। जोखिम का संबंध रसायन की मात्रा, संपर्क की अवधि, शरीर में पहुंचने वाली कुल मात्रा और व्यक्ति की अन्य स्वास्थ्य परिस्थितियों से होता है।
डॉ. मनदीप सिंह मल्होत्रा बताते हैं कि ये दोनों तरह के रासायनिक पदार्थ DNA को नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखते हैं और लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। उपलब्ध रिसर्च में कुछ PAHs का संबंध फेफड़ों और त्वचा के कैंसर से देखा गया है। वहीं, ब्रोमेट के संपर्क को किडनी से जुड़े नुकसान और कैंसर के जोखिम के संदर्भ में देखा जाता है।
डॉ. दीपक झा भी बताते हैं कि ब्रोमेट और कुछ PAHs समय के साथ शरीर की कोशिकाओं और DNA को नुकसान पहुंचा सकते हैं। अगर ऐसा संपर्क लंबे समय तक जारी रहे, तो किडनी, ब्लैडर, फेफड़ों और त्वचा के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है।
यहां यह समझना जरूरी है कि हर PAH का प्रभाव एक जैसा नहीं होता। इसी तरह ब्रोमेट के जोखिम को भी किसी एक बार के संपर्क से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय तक दूषित पानी का सेवन और निर्धारित सीमा से अधिक रसायनों के संपर्क में रहना ज्यादा चिंता की बात है।
ब्रोमेट और PAHs के लंबे समय तक सेवन से शरीर के किन अंगों पर पड़ सकता है असर
इन रासायनिक प्रदूषकों का असर उनकी किस्म, मात्रा और संपर्क की अवधि पर निर्भर करता है।
किडनी: ब्रोमेट की अधिक मात्रा से किडनी को नुकसान पहुंच सकता है। लंबे समय तक संपर्क को किडनी से जुड़े कैंसर के संभावित जोखिम के संदर्भ में भी देखा जाता है।
फेफड़े: कुछ PAHs के संपर्क और फेफड़ों के कैंसर के बीच संबंध पाया गया है। खासतौर पर प्रदूषण और धुएं के जरिए इनका संपर्क स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है।
त्वचा: कुछ PAHs के लंबे समय तक संपर्क को त्वचा के कैंसर से जोड़ा गया है।
ब्लैडर और पाचन तंत्र: कुछ PAHs के संपर्क को मूत्राशय और पाचन तंत्र से जुड़े कैंसर के जोखिम के संदर्भ में भी देखा गया है।
थायरॉइड और लिवर: ब्रोमेट के प्रभावों को लेकर पशुओं पर किए गए अध्ययनों में थायरॉइड से जुड़े बदलाव देखे गए हैं। कुछ PAHs का मेटाबॉलिज्म लिवर में होता है। हालांकि, इन प्रभावों को सामान्य बोतलबंद पानी के सेवन से सीधे जोड़ने के लिए पर्याप्त मानव साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए किसी एक केमिकल के आधार पर सभी लोगों के लिए एक जैसा स्वास्थ्य जोखिम तय करना सही नहीं होगा।
क्या साफ दिखने वाला पानी भी हो सकता है दूषित
हां, बिल्कुल। यह पानी की शुद्धता को लेकर सबसे आम गलतफहमियों में से एक है। हम अक्सर पानी का रंग, स्वाद और गंध देखकर उसकी गुणवत्ता का अंदाजा लगाते हैं। अगर पानी पारदर्शी है और उसमें कोई गंध नहीं है, तो उसे सुरक्षित मान लेते हैं। लेकिन ब्रोमेट और PAHs जैसे रासायनिक प्रदूषकों की मौजूदगी का पता आंखों से नहीं लगाया जा सकता। पानी का स्वाद सामान्य होने का मतलब भी यह नहीं है कि उसमें हानिकारक केमिकल नहीं हैं।
डॉ. दीपक झा के अनुसार, बोतलबंद पानी की सुरक्षा कई बातों पर निर्भर करती है। इसका स्रोत क्या है, उसे किस तरह ट्रीट किया गया है और किस परिस्थिति में स्टोर किया गया है, ये सभी बातें महत्वपूर्ण हैं। सिर्फ पानी का साफ दिखना या उसका स्वाद अच्छा होना उसकी शुद्धता की गारंटी नहीं है।
इसलिए पानी की वास्तविक गुणवत्ता का पता लगाने के लिए मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में रासायनिक जांच जरूरी है। सामान्य घरेलू तरीके इन प्रदूषकों की मौजूदगी की पुष्टि नहीं कर सकते।

क्या साफ दिखने वाला पानी पीने के लिए सेफ है
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान
बोतलबंद पानी खरीदते समय कुछ छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप खराब पैकेजिंग और संदिग्ध उत्पादों से बच सकते हैं।
1. FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर देखें
बोतल पर निर्माता का नाम और FSSAI लाइसेंस नंबर दिया होना चाहिए। उपभोक्ता FSSAI के आधिकारिक पोर्टल पर लाइसेंस की जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं।
2. मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जांचें
बोतल पर पैकिंग की तारीख, इस्तेमाल की अंतिम तारीख और बैच नंबर देखें। धुंधले लेबल या अधूरी जानकारी वाली बोतल खरीदने से बचें।
3. सीलबंद ढक्कन की जांच करें
बोतल का ढक्कन और उसकी सील ठीक होनी चाहिए। अगर सील टूटी हुई है, बोतल लीक कर रही है या पैकेजिंग के साथ छेड़छाड़ के निशान हैं, तो उसे न खरीदें।
4. पानी का स्रोत और निर्माता की जानकारी देखें
लेबल पर निर्माता और पैकेजिंग से जुड़ी जानकारी पढ़ें। केवल ब्रांड की लोकप्रियता को गुणवत्ता का प्रमाण न मानें।
5. जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो तो देखें
निर्माता की गुणवत्ता जांच और लैब टेस्ट से संबंधित जानकारी उपलब्ध हो, तो उसे जरूर देखें। खासतौर पर रासायनिक प्रदूषकों के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच महत्वपूर्ण है।
6. केवल ISI मार्क को सुरक्षा की गारंटी न मानें
अक्टूबर 2024 में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए अनिवार्य BIS प्रमाणन की शर्त हटा दी गई थी। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि गुणवत्ता मानक समाप्त हो गए हैं। FSSAI ने 1 जनवरी 2026 से इन उत्पादों के लिए अलग टेस्टिंग स्कीम लागू की है। इसलिए उपभोक्ताओं को FSSAI लाइसेंस और लागू खाद्य सुरक्षा मानकों को भी ध्यान में रखना चाहिए।

सुरक्षित पैकेज्ड पानी कैसे खरीदें
क्या घर पर पता लगा सकते हैं पानी में ब्रोमेट और PAHs हैं या नहीं
इसका सीधा जवाब है- नहीं। घर पर पानी का रंग, स्वाद या गंध देखकर ब्रोमेट और PAHs की मौजूदगी का पता नहीं लगाया जा सकता। इनकी जांच के लिए विशेष उपकरणों और मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला की जरूरत होती है।
अगर आपको किसी बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर संदेह है, तो बोतल, बैच नंबर और खरीदारी की रसीद सुरक्षित रखें। संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी या FSSAI के आधिकारिक शिकायत माध्यम पर शिकायत की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर मान्यता प्राप्त लैब से पानी की जांच भी कराई जा सकती है।
क्या रोजाना पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पीना सुरक्षित है
रोजाना बोतलबंद पानी पीना अपने आप में असुरक्षित नहीं है। अगर पानी निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार तैयार, जांचा और पैक किया गया है, तो उसका सेवन किया जा सकता है। समस्या तब होती है जब पानी की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग या स्टोरेज में गड़बड़ी हो।
डॉ. दीपक झा के मुताबिक, पानी की सुरक्षा उसके स्रोत, ट्रीटमेंट और स्टोरेज पर निर्भर करती है। इसलिए सिर्फ ब्रांड देखकर उसकी गुणवत्ता तय नहीं करनी चाहिए। उपभोक्ताओं को जांचे हुए और निर्धारित मानकों के अनुरूप पानी का चुनाव करना चाहिए।
घर में इस्तेमाल होने वाला नल का पानी भी पीने योग्य हो सकता है, बशर्ते उसकी गुणवत्ता की नियमित जांच की गई हो और वह निर्धारित मानकों पर खरा उतरता हो।
पानी की बोतल को घर या कार में किस तरह स्टोर करना चाहिए
पानी की गुणवत्ता बनाए रखने में स्टोरेज की भी अहम भूमिका होती है। बोतल को लंबे समय तक तेज धूप या अधिक गर्मी में रखने से बचें। खासतौर पर गर्मियों में कार के अंदर पानी की बोतल छोड़ना ठीक नहीं है।
घर में बोतलों को ठंडी, सूखी और साफ जगह पर रखें। इन्हें पेट्रोल, पेंट, कीटनाशक या तेज गंध वाले केमिकल के पास न रखें। एक बार बोतल खोलने के बाद उसका ढक्कन अच्छी तरह बंद करें और जल्द इस्तेमाल करें।
अगर बोतल की पैकिंग खराब हो, उसमें दरार हो या पानी में असामान्य रंग और गंध दिखाई दे, तो उसका इस्तेमाल न करें। बोतलबंद पानी की प्लास्टिक की बोतल को बार-बार इस्तेमाल करने के बजाय साफ और सुरक्षित पानी रखने के लिए उपयुक्त, अच्छी तरह धुलने वाले कंटेनर का इस्तेमाल करना बेहतर है।
BIS सर्टिफिकेशन हटने के बाद बोतलबंद पानी की जांच के क्या हैं नियम
अक्टूबर 2024 में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता को लेकर एक महत्वपूर्ण बदलाव हुआ था। FSSAI ने 17 अक्टूबर 2024 को जारी अधिसूचना के जरिए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए अनिवार्य BIS प्रमाणन की शर्त हटा दी थी।
इसके बाद 29 नवंबर 2024 को FSSAI ने इन उत्पादों को हाई-रिस्क फूड कैटेगरी में शामिल किया। इसका उद्देश्य इनकी मैन्युफैक्चरिंग और गुणवत्ता जांच पर अधिक निगरानी रखना था।
इसके बाद FSSAI ने 17 दिसंबर 2025 को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए टेस्टिंग स्कीम जारी की, जिसे 1 जनवरी 2026 से लागू किया गया। इसके तहत निर्माताओं को निर्धारित गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच करानी होती है।
इस बदलाव का मतलब यह नहीं है कि अब बोतलबंद पानी के लिए कोई गुणवत्ता प्रमाणन या जांच जरूरी नहीं है। बल्कि अब FSSAI की लाइसेंसिंग, निरीक्षण और निर्धारित टेस्टिंग व्यवस्था के तहत इन उत्पादों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है।
पानी चुनते समय सिर्फ ब्रांड नहीं, गुणवत्ता भी देखें
पानी हमारे शरीर की बुनियादी जरूरत है। इसलिए इसे खरीदते समय केवल ब्रांड, कीमत या आकर्षक पैकेजिंग पर भरोसा करना ठीक नहीं है। ब्रोमेट और PAHs से जुड़ा मामला बताता है कि खाद्य सुरक्षा के लिए नियमित जांच और नियामक निगरानी कितनी जरूरी है।
डॉ. मनदीप सिंह मल्होत्रा के मुताबिक, उपभोक्ताओं के लिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि वे जो पानी खरीद रहे हैं, उसे FSSAI की मंजूरी मिली हो और वह निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता हो। वहीं, डॉ. दीपक झा का कहना है कि पानी की शुद्धता सुनिश्चित करने का भरोसेमंद तरीका उसकी उचित लैब जांच है, क्योंकि कई हानिकारक रसायन न तो दिखाई देते हैं और न ही उनकी गंध या स्वाद से पहचान संभव है।
इसलिए अगली बार पानी की बोतल खरीदें, तो उसकी सील और लेबल के साथ गुणवत्ता की जानकारी भी जरूर देखें।
