Jama Masjid Stabbing Case: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर एक व्यक्ति ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह थाने से फरार हो गया और चितली कबर इलाके में गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान भी पुलिस टीम पर हमला किया। दोनों घटनाओं में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने आरोपी को काबू करने के लिए 8 राउंड फायरिंग की, जिसमें 6 गोलियां उसके पैरों में लगीं। आरोपी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान करीब 30 वर्षीय नबील के रूप में हुई है। वह जामा मस्जिद के काला महल इलाके का रहने वाला है। आइए जानते हैं कि सोमवार को दोपहर से शाम तक पूरा घटनाक्रम कैसे आगे बढ़ा।
कब और कैसे हुई पूरी घटना?
परिवार की शिकायत पर थाने बुलाया गया
नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि वह उन्हें परेशान करता है।
थाने में बातचीत के दौरान अचानक चाकू से हमला
पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान नबील ने अचानक चाकू निकाल लिया और थाने में मौजूद पुलिस स्टाफ पर हमला कर दिया। इसमें SI अजय, SI अरविंद और HC हरेंद्र को गंभीर चोटें आईं। वहीं ASI श्रीकृष्ण और HC बलजीत भी घायल हुए। पांचों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल पहुंचाया गया।
हमले के बाद थाने से फरार हुआ आरोपी
पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद नबील थाने से भाग निकला। फरार होने के लिए उसने कथित तौर पर एक आम नागरिक से स्कूटर छीन लिया और वहां से निकल गया।
शाम करीब 4:30 बजे चितली कबर में पुलिस ने घेरा
थाने से फरार आरोपी को सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की AATS और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने चितली कबर इलाके में ट्रैक किया। यह इलाका चांदनी महल थाना क्षेत्र में आता है। शाम करीब 4:30 बजे पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की।
गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान चार और पुलिसकर्मी घायल
पुलिस के मुताबिक, घिरने के बाद नबील ने दोबारा चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान स्पेशल स्टाफ के चार पुलिसकर्मी कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए LNJP अस्पताल भेजा गया।
छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं
आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, सभी गोलियां कमर के नीचे निशाना बनाकर चलाई गईं। इनमें से 6 गोलियां नबील के पैरों में लगीं। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार और स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर देवेश श्रीवास्तव सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की।
आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, नबील का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। साल 2022 में दरियागंज थाने में उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 324 के तहत मामला दर्ज हुआ था। जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में सोमवार की घटनाओं को लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
