हेल्थ

एक पैर छोटा, दूसरा बड़ा! पैरों की लंबाई अलग क्यों होती है और इससे क्या परेशानी हो सकती है? डॉ. Matthew Harb से जानें

क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि कुछ लोगों का एक पैर दूसरे से छोटा होता है। इस तरह की दिक्कत के पीछे कई कारण हो सकते हैं। डॉ से जानिए पैर बड़े-छोटे क्यों होते हैं, इससे क्या परेशानी हो सकती है।

Image

पैरों की लंबाई अलग क्यों होती है और इससे क्या परेशानी हो सकती है, डॉ Matthew Harb से जानें

क्या आपने कभी किसी व्यक्ति को चलते समय एक तरफ झुकते या एक पैर पर ज्यादा जोर देते देखा है? इसके पीछे पैरों की लंबाई में अंतर यानी Leg Length Discrepancy हो सकता है। इस स्थिति में व्यक्ति का एक पैर दूसरे पैर की तुलना में छोटा होता है। कई बार यह अंतर इतना कम होता है कि व्यक्ति को इसका पता भी नहीं चलता, लेकिन कुछ मामलों में यह चलने-फिरने, खड़े होने और शरीर का संतुलन बनाए रखने में परेशानी पैदा कर सकता है। खास बात यह है कि यह समस्या केवल जन्म से ही नहीं होती, कई अन्य कारणों से भी विकसित हो सकती है।

बच्चों और टीनएजर्स में हड्डियों का विकास ग्रोथ प्लेट्स के जरिए होता है। अगर इन प्लेट्स को चोट पहुंच जाए, तो एक पैर की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. Matthew Harb ने अपने यूट्यूब वीडियो में ग्रोथ प्लेट्स, उनकी भूमिका और चोट के कारण पैरों की लंबाई में होने वाले अंतर को समझाया है। आइए जानते हैं कि यह समस्या क्यों होती है और इसका इलाज कैसे किया जा सकता है।

ग्रोथ प्लेट्स क्या होती हैं

ग्रोथ प्लेट्स बच्चों और किशोरों की लंबी हड्डियों के सिरों के पास मौजूद कार्टिलेज के हिस्से होते हैं। ये जांघ, पिंडली और बांह की हड्डियों में पाए जाते हैं। इनका मुख्य काम हड्डियों की लंबाई बढ़ाना होता है। बच्चों के बड़े होने के साथ इन ग्रोथ प्लेट्स में मौजूद सेल्स बढ़ती और विकसित होती हैं। धीरे-धीरे कार्टिलेज की जगह हड्डी बनने लगती है। इस प्रक्रिया को Endochondral Ossification कहते हैं। जब ग्रोथ प्लेट पूरी तरह बंद हो जाती है, तो हड्डियों की लंबाई बढ़ना रुक जाता है।

एक पैर छोटा-बड़ा क्यों

बचपन या किशोरावस्था में गिरने, खेलते समय चोट लगने या फ्रैक्चर होने से ग्रोथ प्लेट को नुकसान पहुंच सकता है। दरअसल, ग्रोथ प्लेट आसपास की हड्डियों की तुलना में ज्यादा संवेदनशील होती हैं। डॉ. Matthew Harb के अनुसार, ग्रोथ प्लेट में चोट लगने से हड्डी का सामान्य विकास रुक सकता है। कुछ मामलों में ग्रोथ प्लेट का एक हिस्सा समय से पहले बंद हो जाता है। इससे एक पैर की लंबाई दूसरे पैर के मुकाबले कम रह सकती है। कभी-कभी ग्रोथ प्लेट के आसपास हड्डी का एक पुल बन जाता है, जिसे Physeal Bar कहते हैं। यह सामान्य विकास में रुकावट पैदा कर सकता है।

पैरों की लंबाई अलग होने से परेशानी

एक पैर छोटा होने पर शरीर का संतुलन प्रभावित हो सकता है। व्यक्ति चलते समय एक तरफ झुक सकता है या उसे चलने में असुविधा हो सकती है। पैरों की लंबाई में ज्यादा अंतर होने पर कमर, कूल्हों और घुटनों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। कुछ लोगों में चलने का तरीका बदल जाता है और समय के साथ दर्द या दूसरी शारीरिक परेशानियां भी हो सकती हैं।

इलाज क्या है

डॉक्टर कुछ स्थितियों में ग्रोथ प्लेट के असामान्य रूप से जुड़े हिस्से को हटाने, हड्डियों के टेढ़ेपन को ठीक करने या पैरों की लंबाई में अंतर कम करने के लिए सर्जरी की सलाह दे सकते हैं। हालांकि इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि दोनों पैरों की लंबाई में कितना अंतर है और ग्रोथ प्लेट को कितना नुकसान पहुंचा है। मामूली चोट या स्थिर फ्रैक्चर में प्लास्टर और नियमित जांच से इलाज किया जा सकता है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article