हेल्थ

हार्ट फेलियर के 5 शुरुआती लक्षण जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज करते हैं, इसमें ये कॉमन समस्या भी शामिल है...

Heart Failure ke 5 Shuruaati Lakshan: दिल आपको अचानक कभी धोखा नहीं देता है। बल्कि ये धीरे धीरे कई संकेतों के जिरए आपको बताने का प्रयास करता है कि वो बीमार है। यहां जानें हॉर्ट फेलियर 5 शुरुआती लक्षण जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर जाते हैं जिसका नतीजा गंभीर हो सकता है।

heart failure

हार्ट फेल होने के शुरुआती लक्षण क्या हैं (Pic: iStock)

Heart Failure ke 5 Shuruaati Lakshan: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हृदय रोग चुपचाप बढ़ते जा रहे हैं। खासतौर पर हार्ट फेलियर (Heart Failure), जो अक्सर धीरे-धीरे विकसित होता है और शुरुआती संकेतों को लोग थकान या उम्र का असर मानकर अनदेखा कर देते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, समय रहते लक्षण पहचानने पर इलाज आसान होता है और जान बचाई जा सकती है। नीचे दिए गए ये 5 शुरुआती लक्षण आपके दिल की सेहत के लिए चेतावनी हो सकते हैं। जानें और इन्हें हल्के में भूलकर भी न लें।

हार्ट फेल होने के शुरुआती लक्षण क्या हैं

1. लगातार थकान और कमजोरी

अगर आप हल्की-फुल्की गतिविधि करने पर भी थकान महसूस कर रहे हैं या सुबह उठने पर शरीर भारी लगता है, तो यह सिर्फ स्ट्रेस या नींद की कमी नहीं हो सकती। हार्ट फेलियर में दिल शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजनयुक्त खून नहीं पहुंचा पाता, जिसके कारण अचानक एनर्जी लेवल गिरता है और थकान बढ़ती जाती है।

2. सांस फूलना, खासकर लेटते समय

हार्ट फेलियर का एक सबसे प्रमुख संकेत है सांस लेने में परेशानी (Shortness of Breath)। यह चलते समय, सीढ़ियां चढ़ते समय या यहां तक कि बिल्कुल लेटने पर भी हो सकता है। इसका कारण है कि दिल सही से पम्प नहीं करता, जिससे फेफड़ों में फ्लूइड जमा होने लगता है। कई लोग इसे दमा या मौसम की समस्या समझ बैठते हैं, जबकि यह एक गंभीर चेतावनी है।

3. पैरों, टखनों और पेट में सूजन

क्या आपके पैरों या टखनों में हर शाम सूजन आ जाती है? या जूते टाइट लगने लगे हैं? यह लक्षण शरीर में फ्लूइड रिटेंशन का संकेत देते हैं, जो हार्ट फेलियर की वजह से बढ़ जाता है। दिल कमजोर होने पर किडनी तक पर्याप्त ब्लड सप्लाई नहीं पहुंचती और शरीर पानी रोकने लगता है, जिससे एडेमा (Edema) की समस्या हो जाती है।

4. अनियमित धड़कन या हार्टबीट तेज होना

कमजोरी की भरपाई करने के लिए दिल तेजी से धड़कने लगता है। अगर आपको थोड़ी सी एक्टिविटी पर ही अक्सर धड़कन तेज महसूस हो, पलपिटेशन हो, या ऐसा लगे जैसे दिल उछल रहा है तो यह इस अंग की मस्क्युलर वॉल कमजोर होने की शुरुआती निशानी हो सकती है। हालांकि लोग अक्सर इसे कैफीन या तनाव का असर मानकर टाल देते हैं। अगर आपके साथ ऐसा होता है तो कैफीन से ब्रेक लेकर देखें और चेकअप कराएं।

5. अचानक वजन बढ़ना या भूख कम होना

हार्ट फेलियर में शरीर में पानी रुकने से कुछ ही दिनों में 2–3 किलो तक वजन बढ़ सकता है। दूसरी ओर, पाचन तंत्र में खून की सप्लाई कम होने से भूख में कमी, जल्दी पेट भरने का अहसास या जी मिचलाना भी हो सकता है। अगर बिना किसी कारण आपका वजन बढ़ रहा है, तो यह हार्ट पर दबाव बढ़ने की चेतावनी हो सकती है।

हार्ट फेलियर क्यों बढ़ रहा है?

यहां हम आपको कुछ वजह बता रहे हैं जिसकी वजह से हार्ट फेलियर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और इसके निशाने पर युवा भी आ रहे हैं।

  • असंतुलित जीवनशैली
  • हाई ब्लड प्रेशर
  • डायबिटीज
  • ज्यादा नमक, चीनी और प्रोसेस्ड फूड
  • मोटापा और कम शारीरिक गतिविधि
  • लगातार तनाव और नींद की कमी

हार्ट फेलियर को कैसे रोक सकते हैं

  • रोज 30–45 मिनट पैदल चलें
  • नमक और तले खाद्य पदार्थों को सीमित रखें
  • शुगर और पैकेज्ड फूड कम करें
  • वजन नियंत्रित रखें
  • ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की नियमित जांच
  • किसी भी लक्षण पर तुरंत कार्डियोलॉजिस्ट से सलाह लें

ध्यान दें कि हार्ट फेलियर अचानक नहीं होता। यह महीनों तक धीरे-धीरे संकेत देता है। अगर आप इन 5 शुरुआती लक्षणों को समझ लें और समय रहते जांच करवा लें, तो गंभीर स्थिति और अस्पताल में भर्ती होने से बचा जा सकता है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

लेटेस्ट न्यूज

मेधा चावला
मेधा चावला Author

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वा... और देखें

End of Article