क्या होता है 14 दिन का शुगर डिटॉक्स-न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया दो हफ्ते तक चीनी न खाने का वजन, स्किन और एनर्जी पर असर
- Authored by: प्रभात शर्माExpert view: डॉ. मोहित शर्मा
- Updated Feb 14, 2026, 11:00 AM IST
Healthy Lifestyle: शुगर डिटॉक्स करना आपके शरीर के लिए एक रीसेट बटन जैसा हो सकता है। चीनी का सेवन 14 दिनों के लिए छोड़ने से आपके स्वास्थ्य में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन आते हैं। 14 दिनों के बाद, आपकी हेल्थ में क्या-क्या सुधार हो सकता है इसके बारे में यहां डिटेल में बात की गई है। एक्सपर्ट से जानें शुगर डिटॉक्स के फायदे।
14 दिन का शुगर डिटॉक्स
Sugar Detox: चाय में चीनी से लेकर बिस्किट, मिठाई तक आजकल हम बिना सोचे-समझे काफी शुगर खा लेते हैं। हम सेहतमंद रह सकें इसके लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ चीनी के सेवन को कम करने की सलाह देते हैं क्योंकि चीनी सिर्फ एक स्वादिष्ट सामग्री नहीं है, बल्कि यह हमारे स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालती है। अगर आप 14 दिनों के लिए चीनी का सेवन बंद कर दें तो इसके हैरान कर देने वाले परिणाण देखने को मिलेंगे। 14 दिन का शुगर डिटॉक्स के फायदे क्या हैं, चलिए डाइट एक्सपर्ट और क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. प्रियंका अग्रवाल से जानते हैं। साथ ही डायबिटीज एक्सपर्ट्स डॉ. मोहित शर्मा की इस पर राय भी जानते हैं।
पहले तीन दिन: सबसे मुश्किल फेज पहले 3 दिन ही होता है। जब आप चीनी छोड़ते हैं, तो पहले तीन दिन आपके लिए काफी ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। आपको मीठे खाने की तलब महसूस होगी, सिरदर्द हो सकता है, और आपका मूड भी खराब हो सकता है। इस समय आपको थकान और ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन घबराना नहीं है ये फेज अस्थायी है। ऐसे में आप पानी ज्यादा पिएं और नींद पूरी लें।
चौथे से सातवें दिन: चौथे दिन से आपक शरीर एडजस्ट करने लगता है और एनर्जी धीरे-धीरे स्टेबल होने लगती है। चीनी की आदत से आपका शरीर बाहर निकलने लगता है। दोपहर की थकान भी कम होने लगेगी और नींद या सुस्ती नहीं आएगी। क्रेविंग कम होगी, बार-बार भूख लगना भी थोड़ा कंट्रोल में आ जाएगा।
आठवें से चौदहवें दिन: आठवें दिन से, आपके पेट का आकार छोटा दिखने लगता है क्योंकि आप अपनी बॉडी में कम पानी स्टोर कर रहे होते हैं। यह सूजन कम होने और ब्लड शुगर कंट्रोल के संकेत हैं। आपकी भूख के संकेत भी बेहतर हो जाते हैं, जिससे आप केवल आदत या तलब के कारण नहीं, बल्कि असली भूख के कारण खाते हैं।
14 दिनों के बाद: 14 दिन में कोई जादुई 5–7 किलो वजन नहीं घटेगा, लेकिन 1–2 किलो तक कम होना संभव है। पेट की सूजन (ब्लोटिंग) कम हो सकती है। जब आप शुगर छोड़ते हैं, तो खाली कैलोरी कम हो जाती है और आप ज्यादा हेल्दी चीजें खाने लगते हैं यही असली फायदा है। आपका लीवर भी बेहतर कार्य करता है, क्योंकि उसे अब अधिक शुगर को मैनेज नहीं करना पड़ता। इसके अलावा अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थ आपको अब कम आकर्षित करते हैं।
इस 14 दिन की प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य आपके मेटाबॉलिज्म को फिर से सेट करना और आपके शरीर को स्वस्थ तरीके से भोजन को संसाधित करने में मदद करना है। यह सिर्फ वजन घटाने का मामला नहीं है, बल्कि यह आपके स्वास्थ्य में सुधार का एक महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए, अगर आप अपने स्वास्थ्य के प्रति गंभीर हैं और अधिक ऊर्जा, बेहतर नींद और संतुलित भूख के संकेत चाहते हैं, तो चीनी का सेवन छोड़ने पर विचार कर सकते हैं।
Expert Views By: डॉ. प्रियंका अग्रवाल, मैक्स अस्पताल, फरीदाबाद में डाइट एक्सपर्ट और क्लीनिकल न्यूट्रिशनिष्ट हैं। उनको इस फील्ड में लगभग 26 साल का अनुभव है। वहीं, डॉ. मोहित शर्मा, अमृता अस्पताल फरीदाबाद में इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट और एंडोक्रिनोलॉजिस्ट हैं। उनको इस फील्ड में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है।
