आंवला हमारी इम्यूनिटी के काफी फायदेमंद होता है। ये आपने अक्सर सुना होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि विटामिन-सी से भरपूर आंवले का सेवन सर्दी, गर्मी और बरसात किसी भी मौसम में किया जा सकता है। जी हां, भारत सरकार का आयुष मंत्रालय भी आंवला के सेवन की सलाह देता है। मंत्रालय के अनुसार, आंवला रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, जिससे हर मौसम में यह सेहत के लिए खास बन जाता है। इसे ‘रसायनों का राजा’ कहा जाता है। यह तेज दिमाग और मजबूत शरीर का राज है। यह शक्ति का एक प्राकृतिक स्रोत है, जो मस्तिष्क और आंखों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। आंवला शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। प्रतिदिन आंवला सेवन कर आप मजबूत शरीर, बेहतर स्वास्थ्य और तेज दिमाग पा सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
आंवला में पोषक तत्व
आईएएनएस की एक खबर में बताया गया कि, आंवला विटामिन सी का स्रोत है, जिसमें 600-700 मिग्रा विटामिन सी प्रति फल पाया जाता है। जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है, सर्दी-जुकाम से बचाव करता है और त्वचा को स्वस्थ रखता है। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सूजन कम करते हैं। दिल की सेहत के लिए भी आंवला लाभकारी है। इसमें मौजूद फाइबर और पोटेशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करते हैं और कोलेस्ट्रॉल को भी कम करते हैं, जिससे हृदय रोगों का जोखिम घटता है।
पाचन के लिए फायदेमंद
आईएएनएस की खबर की मानें तो, आंवला पाचन तंत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें मौजूद फाइबर कब्ज, एसिडिटी और पेट के विकारों से राहत दिलाने में विशेष रूप से लाभदायक है। यह आंतों की सफाई करता है और पेट के बैक्टीरिया का संतुलन बनाए रखता है।
त्वचा और बालों को लाभ
आईएएनएस की खबर के मुताबिक, जिन लोगों को अपने काले और घने, लंबे बालों से खास तौर पर प्रेम होता है, उन्हें रोज एक आंवला का सेवन जरूर करना चाहिए। यह बालों की जड़ों को मजबूत करता है, झड़ना कम करता है और डैंड्रफ से राहत देता है। आंवला तेल और इसका सेवन बालों को चमकदार बनाता है। त्वचा के लिए आंवला कोलेजन उत्पादन बढ़ाता है, जिससे झुर्रियां कम होती हैं और त्वचा चमकदार बनती है।
डायबिटीज और वेट कंट्रोल
खास बात है कि डायबिटीज रोगियों के लिए भी आंवला लाभकारी है, क्योंकि यह ब्लड शुगर को नियंत्रित करता है और इंसुलिन उत्पादन को बढ़ावा देता है। इसके अलावा, आंवला वजन घटाने में सहायक है। यह मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, शरीर से विषाक्त पदार्थ निकालता है और भूख को नियंत्रित रखता है।
इनपुट - आईएएनएस
