Gut Health: बारिश के मौसम में गर्मागर्म चाय और कुरकुरे पकौड़े की याद लगभग सभी को आती है। मौसम की वजह से ज्यादातर लोगों का बार-बार कुछ तला-भुना खाने का मन करता है। लेकिन, आपको ये जानकर हैरानी होगी कि ये आदत कई बार आपकी पेट की सेहत पर भारी पड़ सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि मानसून के दौरान बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग, डायरिया, उल्टी, गैस और अपच जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में अगर खान-पान और साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए, तो बरसात का मजा भी लिया जा सकता है और पेट भी स्वस्थ रखा जा सकता है।
बरसात में पेट ज्यादा क्यों खराब होता है
बरसात के मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है। यही नमी बैक्टीरिया और वायरस के पनपने के लिए अच्छा माहौल बनाती है। इसके अलावा इस मौसम में हमारा पाचन तंत्र भी थोड़ा धीमा काम करता है। इसलिए जो चीजें गर्मियों या सर्दियों में आसानी से पच जाती हैं, वे मानसून में पेट पर भारी पड़ सकती हैं। अगर इस दौरान बार-बार तला-भुना, मसालेदार या बाहर का खाना खाया जाए, तो गैस, एसिडिटी, ब्लोटिंग और अपच जैसी दिक्कतें होने लगती हैं।
चाय और पकौड़े खाना क्यों पड़ सकता है भारी
चाय और पकौड़ों का स्वाद बारिश में जरूर अच्छा लगता है, लेकिन अगर इसे रोज की आदत बना लिया जाए तो परेशानी हो सकती है। ज्यादा तला हुआ खाना पचने में समय लेता है। अधिक मसाले पेट में जलन और एसिडिटी बढ़ा सकते हैं। बार-बार चाय पीने से कुछ लोगों में गैस और डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। अगर पकौड़े साफ तेल में नहीं बने हैं या बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल में तले गए हैं, तो यह पेट के लिए और भी नुकसानदायक हो सकते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि आप चाय-पकोड़े बिल्कुल न खाएं, बल्कि इन्हें सीमित मात्रा में और साफ-सुथरे तरीके से बना हुआ ही खाएं।
मानसून में इन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है
डॉक्टरों के मुताबिक बरसात के मौसम में कई तरह की पेट संबंधी बीमारियां तेजी से फैलती हैं। इनमें शामिल हैं- डायरिया, फूड पॉइजनिंग, उल्टी, पेट दर्द, गैस और अपच, हेपेटाइटिस A, हेपेटाइटिस E। बता दें कि ये बीमारियां अक्सर दूषित पानी, गंदे खाने या खराब स्वच्छता की वजह से होती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीठा खाने के बाद फिर मीठा खाने का मन क्यों करता है? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे छिपी बड़ी वजहें
पेट को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये आसान आदतें
- सिर्फ साफ और सुरक्षित पानी पिएं
- ताजा खाना ही खाएं
- हाथ धोने की आदत डालें
- फल और सब्जियां अच्छी तरह धोएं
- तला-भुना कम खाएं
- बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक न लें
- किचन की सफाई भी है बेहद जरूरी
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
बारिश का मौसम घूमने-फिरने, चाय की चुस्कियों और पकौड़ों का आनंद लेने का होता है। लेकिन स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखना उतना ही जरूरी है।
