Fruits That Cause Bloating In Hindi: सेहत के लिए फलों का सेवन बहुत लाभकारी माना जाता है। इनमें कैलोरी की मात्रा बहुत कम होती है और ये पोषण से भरपूर होते हैं। इनमें डाइट्री फाइबर के साथ-साथ शरीर के लिए जरूरी विटामिन और मिनरल्स बहुत अच्छी मात्रा में होते हैं। सेहतमंद रहने के लिए यह सलाह दी जाती है कि दिन में कोई दो फल जरूर खाने चाहिए। ऐसा करने से गंभीर बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है। आमतौर पर ऐसा माना जाता है कि फल पचने में आसान होते हैं और बहुत जल्दी पच जाते हैं। लेकिन अक्सर हम देखते हैं कि कुछ फलों का सेवन करने से बाद बहुत से लोगों का पेट फूल जाता है। उन्हें ब्लोटिंग होने लगती है। ऐसे में लोग अक्सर इस बात को लेकर काफी परेशान रहते हैं कि आखिर उनके साथ ऐसा क्यों होता है? आपको बता दें कि इसमें घबराने की वाली बात नहीं होती है। क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन गरिमा गोयल की मानें तो कुछ फलों को खाने के बाद ब्लोटिंग होना आम बात है। कई फलों में मौजूद ऐसी प्राकृतिक शुगर होती है, जिसे पचाना मुश्किल होता है। इसलिए लोगों का पेट फूल जाता है। ऐसे कई फल हैं, जो पेट फूलने या ब्लोटिंग का कारण बन सकते हैं। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
कौन से फल खाने से ब्लोटिंग होती हैं- Which Fruits Cause Bloating In Hindi
तरबूज
बहुत से लोगों को तरबूज खाने बाद पेट फूलने की समस्या हो जाती है। ऐसा उन लोगों के साथ अधिक देखने को मिलता है, जिन्हें इसमें मौजूद प्राकृतिक शुगर फ्रुक्टोज से एलर्जी होती है। ऐसे लोगों को तरबूज खाने के बाद कई अन्य पेट से संबंधी समस्याएं भी परेशान कर सकती हैं।
ब्लूबेरी
इस खट्टे-मीठे फल में सोर्बिटोल नामक प्राकृतिक शुगर मौजूद होती है। जिसे कुछ लोगों के लिए पचा पाना मुश्किल हो सकता है। इसकी वजह से डाइजेशन प्रभावित होता है और पेट फूलने की समस्या हो सकती है।
खरबूज
तरबूज की तरह इस फल में भी फ्रुक्टोज मौजूद होती है, जिसके कारण लोगों को ब्लोटिंग और कई अन्य पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
सेब
सेब खाने के बाद कुछ लोगों को ब्लोटिंग और गैस जैसी समस्याएं होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि इनमें भी प्राकृतिक शुगर सोर्बिटोल मौजूद होती है। यह शुगर बच्चों में डायरिया का कारण भी बन सकती है।
सूखे खुबानी
इनमें भी फ्रुक्टोज की मात्रा काफी अधिक होती है, जो कुछ लोगों में एसिडिटी, पेट में सूजन और ब्लोटिंग का कारण बन सकती है।
आड़ू
इस फल में पॉलीओल्स नामक प्राकृतिक शुगर पाई जाती है। सभी के लिए चीनी के इस प्रकार को पचा पाना आसान नहीं होता है। यह आंत के बैक्टीरिया के संतुलन को बिगाड़ने में योगदान देती है। इसका सेवन करने बाद कई लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं होती हैं। यह ब्लोटिंग का भी कारण बन सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
