हेल्थ

मां बनने वाली महिलाओं को जरूर करना चाहिए ये योगासन, बच्चे को भी मिलेगा आरोग्य का वरदान

Yoga For Pregnant Ladies : गर्भवती महिलाओं को अपने साथ-साथ बच्चे की सेहत का ख्याल रखने की जरूरत होती है। इसलिए उन्हें काफी सावधानी के साथ सेहत का ख्याल रखना चाहिए। आज हम आपको एक ऐसे योगासन के बारे में बताने जा रहे हैं, जो गर्भवती महिलाओं के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।

Image

गर्भवती महिलाओं के लिए योगासन (Photo - Canva)

Yoga For Pregnant Ladies : योगासन शरीर और मन को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, भद्रासन एक ऐसा आसन है, जो विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए वरदान है। ‘भद्र’ यानी शुभ और ‘आसन’ यानी बैठने की मुद्रा से मिलकर बना यह आसन स्थिरता बढ़ाता है, मन को शांत करता है और गर्भावस्था व मासिक धर्म के दौरान होने वाली असुविधाओं को कम करता है।

आयुष मंत्रालय ने इसे घुटनों, कूल्हों और रीढ़ की हड्डी को मजबूत करने वाला बताया है, जो मासिक धर्म की ऐंठन, पाचन संबंधी समस्याओं और तनाव को दूर करने में कारगर है। भद्रासन जांघों, कमर और घुटनों की मांसपेशियों को मजबूत करता है, जिससे शरीर में लचीलापन बढ़ता है और दर्द कम होता है। गर्भवती महिलाओं के लिए यह कूल्हों और जांघों को मजबूती देता है, जिससे प्रसव आसान हो सकता है। यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है, कब्ज और वात की समस्या को दूर करता है। इसके अलावा, यह एकाग्रता बढ़ाता है, सिरदर्द, कमर दर्द और अनिद्रा में राहत देता है। किडनी और प्रोस्टेट के स्वास्थ्य के लिए भी यह लाभकारी है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, भद्रासन बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य का खजाना है। यह स्थिरता को बढ़ाता है, मन को शांत करता है, और गर्भावस्था और मासिक धर्म के दौरान होने वाली असुविधाओं को कम करने में कारगर है।"

आयुष मंत्रालय भद्रासन करने की सही विधि भी बताता है। इसके लिए जमीन पर पालथी मारकर बैठें। दोनों पैरों के तलवों को आपस में मिलाएं और हाथों से पैरों को पकड़ें। कोहनियों से घुटनों पर हल्का दबाव डालें, ताकि वे जमीन की ओर जाएं। रीढ़ को सीधा रखें, कंधों को ढीला छोड़ें और सामने देखें। इसके बाद गहरी सांस लें और 2-5 मिनट तक इस मुद्रा में रहें।

भद्रासन न केवल गर्भवती महिलाओं के लिए, बल्कि सभी के लिए फायदेमंद है। इसके नियमित अभ्यास से कई समस्याओं का समाधान हो सकता है। हालांकि, एक्सपर्ट कुछ सावधानियां बरतने की भी सलाह देते हैं। भद्रासन खाली पेट करें। घुटनों या कूल्हों में गंभीर दर्द होने पर डॉक्टर की सलाह लें। शुरुआत में ज्यादा जोर न दें और अभ्यास का समय धीरे-धीरे बढ़ाएं। गर्भवती महिलाएं इसे योग विशेषज्ञ की देखरेख में करें।

इनपुट - आईएएनएस

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article