देश

Durga Pandal Stampede: PM मोदी ने किया मुआवजे का एलान, शाह ने कार्यक्रम किए स्थगित, राष्ट्रपति मुर्मू सहित इन नेताओं ने जताया दुख

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति के बाद हुए हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 25 से ज्यादा लोग घायल हैं। हादसे को लेकर पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह,सीएम सुवेंदु अधिकारी तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी ने दुख जताया है।

Image

PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के दौरान भीड़ बढ़ने से बड़ा हादसा हो गया। बारिश और भारी भीड़ के कारण पंडाल का एक हिस्सा गिर गया जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में अभी तक 17 लोगों के मरने और 25 से ज्यादा के घायल होने की खबर सामने आई है। घायलों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राजनीतिक नेताओं ने दुख जताया है। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में रविवार के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का किया एलान

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जाहिर किया है। साथ ही प्रधानमंत्री ने भी आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री से की बात, कल के कार्यक्रम किए रद्द

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की दुखद खबर मिली है। उन्होंने इस संबंध में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से बात की है।

अमित शाह ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। शाह ने यह भी बताया कि वह पश्चिम बंगाल में रविवार के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल में घायलों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मां दुर्गा से घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह समाचार बेहद दुखद है। राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जेपी नड्डा ने जताई संवेदना

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कोलकाता के चोरबागान में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। नड्डा ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और प्रभावित लोगों की सुरक्षा व कुशलक्षेम की कामना की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

नितिन नवीन ने मां दुर्गा से की प्रार्थना

नितिन नवीन ने चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से उनका मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने मां दुर्गा से दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचा रहा है।

राहुल गांधी ने निष्पक्ष जांच की मांग की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है। राहुल गांधी ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राहुल गांधी ने प्रशासन से अपील की कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी त्रासदी दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत कार्यों में हरसंभव मदद करने की अपील भी की।

हिमंत बिस्वा सरमा ने जताई संवेदना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने असम की जनता की ओर से मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरमा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं तथा असम पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने मां दुर्गा से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

तेजस्वी और अखिलेश यादव ने जताया दुख

बिहार के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना में 17 लोगों की मौत की खबरों पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को संबल और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कोलकाता में हुए हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए घायलों को तत्काल बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की।

ममता बनर्जी ने भी जताया दुख

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना से उन्हें गहरा सदमा लगा है। ममता बनर्जी ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति व साहस देने की प्रार्थना की।

बारिश के बाद बढ़ी भीड़

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम बारिश शुरू होने के बाद चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर इंतजार कर रही भीड़ आगे बढ़ने लगी। इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वहीं यह भी सामने आ रहा है कि पंडाल का एक हिस्सा भी गिर गया था।

अधिकारी ने बताया कि कम से कम 25 लोगों को गंभीर हालत में कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है।

पूजा समिति और प्रशासन की जवाबदेही पर उठे सवाल

वहीं, तृणमूल कांग्रेस नेता कुनाल घोष ने भी घटना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूजा समिति के नेतृत्व, भीड़ प्रबंधन और नगर निगम की भूमिका पर सवाल करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना की जांच के दौरान पूजा समिति के जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी पड़ताल होनी चाहिए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article