डायबिटीज एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर का ब्लड शुगर लेवल नियंत्रण से बाहर हो जाता है। इस बीमारी में खानपान की सावधानी बहुत जरूरी होती है, खासकर मीठे खाद्य पदार्थों को लेकर ज्यादा सावधान रहना पड़ता है। यही कारण है कि कई लोगों के मन में यह सवाल आता है कि क्या गन्ने का जूस डायबिटीज के मरीजों के लिए सुरक्षित है? आइए जानते हैं इसका जवाब और इसके साथ-साथ डायबिटीज के मरीजों के लिए कुछ हेल्दी ड्रिंक्स के ऑप्शन भी।
क्या डायबिटीज में गन्ने का जूस पी सकते हैं?
गर्मियों में गन्ने का जूस पीना भला किसे पसंद नहीं होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गन्ने के जूस में नेचुरल शुगर की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो आपके शुगर लेवल को बढ़ा सकता है। यही कारण है कि डायबिटीज के मरीजों को गन्ने का जूस पीने से परहेज करना चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो जो लोग इंसुलिन के शॉट लेते हैं। उनको गन्ने का जूस पीने से परहेज करना चाहिए। हालांकि सामान्य ब्लड शुगर वाले लोग सप्ताह में 200 Ml तक गन्ने का रस पी सकते हैं।
डायबिटीज के मरीजों के लिए हेल्दी ड्रिंक्स
डायबिटीज एक गंभीर बीमारी है जिसमें ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करना मुश्किल होता है। गलत खानपान के कारण ये समस्या और भी बढ़ जाती है। आज हम आपको कुछ हेल्दी ड्रिंक्स बताने जा रहे हैं, जो डायबिटीज को कंट्रोल में रख सकते हैं।
1. करेले का जूस
करेले का जूस डायबिटीज के रोगियों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है। इसमें चारांटिन (Charantin) और पॉलीपेप्टाइड-P जैसे यौगिक होते हैं, जो शुगर लेवल को प्राकृतिक रूप से कम करने में मदद करते हैं। करेले का जूस स्वाद भले ही कड़वा हो, लेकिन इसके फायदे में कोई कमी नहीं है।
2. मेथी का पानी
मेथी दाने (Fenugreek seeds) का पानी पीने से डायबिटीज के रोगियों को काफी लाभ मिलता है। इसमें घुलनशील फाइबर होते हैं, जो शरीर में कार्बोहाइड्रेट्स के पाचन को स्लो करते हैं और शुगर लेवल को तेजी से बढ़ने से रोकते हैं।
3. ग्रीन टी
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर ग्रीन टी का सेवन हमारे शुगर लेवल को कंट्रोल करने में कारगर माना जाता है। आप रोज सुबह खाली पेट एक कप ग्रीन टी का सेवन करें। इससे आपको डायबिटीज में काफी लाभ मिलता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
