बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका कक्कर को लिवर में एक ट्यूमर का पता हाल ही में कुछ दिन पहले चला था। लेकिन बीते रोज आई खबर में उन्हें स्टेज-2 के कैंसर का पता चला है। टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ को स्टेज 2 का लिवर कैंसर है इस खबर ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है। लोग लगातार सवाल कर रहे हैं कि स्टेज 2 का लिवर कैंसर कितना खतरनाक होता है। और इससे क्या जान का खतरा भी हो सकता है? आपके इन सभी सवालों को ध्यान में रखते हुए हमने बात की अमृता हॉस्पिटल फरीदाबाद, के प्रिंसिपल कंसल्टेंट और लिवर ट्रांसप्लांट और एचपीबी सेवाओं के प्रमुख डॉ. शालीन अग्रवाल से...
बढ़ेगी जागरूकता
डॉ. शालीन अग्रवाल ने कहा कि अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ ने उनके स्टेज 2 लिवर कैंसर की जानकारी आम लोगों के बीच साझा की है मैं उनके इस साहस के लिए उनकी सराहना करता हूं। उनका खुलापन न केवल जागरूकता बढ़ाएगा बल्कि लिवर कैंसर की प्रारंभिक पहचान और सक्रिय स्वास्थ्य प्रबंधन के महत्व को भी रेखांकित करता है।
क्या होता है स्टेज 2 का लिवर कैंसर?
डॉ. शालीन अग्रवाल की मानें तो स्टेज 2 लिवर कैंसर में आम तौर पर 2 सेमी से बड़ा लेकिन 5 सेमी से छोटा एक ट्यूमर या 2-3 ट्यूमर होते हैं। जिनमें से कोई भी 3 सेमी से बड़ा नहीं होता है। इस तरह के लिवर कैंसर की शुरूआत में आपको अक्सर पेट में तकलीफ, थकान या तेजी से वजन घटने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। यही कारण है कि इसका समय से इलाज काफी मुश्किल हो जाता है।
लिवर कैंसर का उपचार कैसे करें?
डॉ. शालीन अग्रवाल ने बताया कि स्टेज 2 लिवर कैंसर के लिए कई तरह के उपचार विकल्प हैं लेकिन यह लिवर की कंडीशन, कैंसर की स्टेज और रोगी की वास्तविक कंडीशन पर अलग-अलग हो सकते हैं। उपचारात्मक दृष्टिकोणों में सर्जिकल रिसेक्शन या लिवर प्रत्यारोपण भी शामिल है। जो रोगी सर्जरी के लिए अनुपयुक्त होते हैं, वह ट्रांसआर्टेरियल कीमोएम्बोलाइजेशन (टीएसीई), ट्रांसआर्टेरियल रेडियोएम्बोलाइज़ेशन (टीएआरई) या रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (आरएफए) जैसे उपचारों का सहारा भी ले सकते हैं। ये सभी विकल्प ट्यूमर के विकास को नियंत्रित करने और कैंसर के लक्षणों को कम करने के लिए प्रभावी हो सकते हैं।
