World's First Single-Dose Dengue Vaccine: डेंगू हर साल ना जाने कितने परिवारों की खुशियों पर ब्रेक लगा देता है। इसकी वजह से लोगों को तेज बुखार, प्लेटलेट्स में गिरावट, थकान-कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, और गंभीर मामलों में यह मरीज की जान तक ले लेता है। लोगों को इसके लिए खूब अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
ऐसे में दुनिया की पहली सिंगल-डोज डेंगू वैक्सीन की मंजूरी किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। ब्राजील ने Butantan-DV को हरी झंडी दिखाकर पूरी दुनिया को उम्मीद दी है कि अब डेंगू से मौत का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह खबर दिल को सुकून देने वाली है और आने वाले समय में डेंगू से लड़ाई को आसान बना सकती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह वैक्सीन खासकर उन देशों के लिए उम्मीद है, जहां हर साल डेंगू से हजारों लोगों की जान चली जाती है। नई मंजूरी के बाद डेंगू से मौत का खतरा काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
पहली सिंगल-डोज डेंगू वैक्सीन को हरी झंडी
ब्राजील के हेल्थ रेगुलेटर ब्राजीलियाई राष्ट्रीय स्वास्थ्य निगरानी एजेंसी ने बुटान्टन इंस्टिट्यूट द्वारा तैयार की गई Butantan-DV वैक्सीन को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। यह दुनिया की पहली ऐसी डेंगू वैक्सीन है जो सिर्फ एक डोज में सुरक्षा देती है। इससे पहले मौजूद वैक्सीनों में कई डोज़ की जरूरत पड़ती थी। इस एक फैसले ने लाखों लोगों की जिंदगी में उम्मीद जगा दी है, खासकर उन देशों में जहां डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ता है।
एक ही डोज क्यों है गेम-चेंजर?
डेंगू वैक्सीन की सबसे बड़ी दिक्कत हमेशा से मल्टी-डोज शेड्यूल रही है। कई लोग समय पर दूसरी या तीसरी डोज नहीं ले पाते, जिससे सुरक्षा अधूरी रह जाती है। Butantan-DV एक ही इंजेक्शन में फुल प्रोटेक्शन देने की क्षमता रखती है, जिससे वैक्सीनेशन रेट बढ़ाना काफी आसान होगा। इसका मतलब है ज्यादा लोगों तक सुरक्षा, कम जटिलता और बीमारी पर बेहतर कंट्रोल।
वैक्सीन कैसे काम करती है?
असली डेंगू की समस्या उसके चार अलग-अलग वायरस स्ट्रेन हैं। कभी DENV-1 तो कभी DENV-2… और कई बार दूसरी बार संक्रमण ज्यादा खतरनाक होता है। यह नई वैक्सीन इन सभी चारों सीरोटाइप पर काम करती है और हल्के से लेकर गंभीर डेंगू तक सुरक्षा देती है। क्लीनिकल ट्रायल्स में भी इसके नतीजे काफी सकारात्मक रहे हैं, जिनमें कम साइड इफेक्ट्स और लंबे समय तक प्रोटेक्शन देखा गया।
हर साल लाखों लोग होते हैं प्रभावित
डेंगू पूरी दुनिया में तेजी से फैलने वाली बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। सिर्फ ब्राजील में ही हर साल लाखों केस आते हैं और हजारों मौतें होती हैं। भारत, एशिया और लैटिन अमेरिका में तो हालात और भी गंभीर हैं। ऐसे में सिंगल-डोज वैक्सीन हेल्थ सिस्टम पर दबाव कम कर सकती है और जानलेवा मामलों में तेजी से कमी ला सकती है।
आसान स्टोरेज और आसान डोज
Butantan-DV को ऐसे डिजाइन किया गया है कि इसे स्टोर करना आसान है और ये बड़े पैमाने पर आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती है। कम लागत, आसान स्टोरेज और एक ही डोज इसे उन देशों के लिए भी उपयोगी बनाते हैं जहां हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत नहीं है। इससे ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों तक वैक्सीन पहुंचाना आसान होगा।
भारत और दूसरे देशों पर क्या असर पड़ेगा?
ब्राजील की मंजूरी के बाद अब दुनिया भर में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में कई देश इस वैक्सीन के डेटा की समीक्षा करेंगे। अगर सब कुछ सही रहा, तो जल्द ही भारत समेत कई देशों में भी यह वैक्सीन उपलब्ध हो सकती है। इसका मतलब है डेंगू के खिलाफ एक बड़ी, मजबूत और वैज्ञानिक सुरक्षा।
सिंगल-डोज डेंगू वैक्सीन की मंजूरी एक ऐतिहासिक कदम है। इससे न सिर्फ मौत के मामलों में कमी आएगी, बल्कि डेंगू की रोकथाम भी पहले से कहीं आसान हो जाएगी। ब्राजील की यह पहल पूरी दुनिया के लिए उम्मीद की नई किरण बनी है।
