बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों छात्रों और अभ्यर्थियों का आंदोलन काफी गरमाया हुआ है। मंगलवार को BPSC अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर गांधी मैदान से शांतिपूर्ण मार्च शुरू किया और मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए डाकबंगला चौराहे की तरफ बढ़ गए। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस की तरफ से वॉटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया, जिसकी तस्वीरें दिनभर चर्चा में रहीं। इसी गहमागहमी के बीच एक 6 साल के मासूम बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने पूरे मामले में नया मोड़ ला दिया।
वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस वर्दी में कुछ जवान एक छोटे बच्चे को गोद में उठाकर वाहन की तरफ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंटस पर शेयर करते हुए तंज कसा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में छह साल के बच्चे को हिरासत में लिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि माथे पर चंदन का टीका लगाए इस बच्चे ने छात्रों के समर्थन में सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ कड़े सवाल पूछे थे, जिससे नाराज होकर पुलिस उसे उठाकर ले गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'मोदी-योगी दें जवाब...देश गुस्से में', राष्ट्रगान के बीच यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के जाने का VIDEO वायरल, कांग्रेस ने घेरा
CJP ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
CJP के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से भी इस दावे को शेयर कर शिक्षा प्रणाली और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए गए। इंटरनेट पर यह वीडियो सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। हालांकि, मामले को तूल पकड़ता देख बिहार पुलिस ने स्थिति साफ की। ऑपरेशंस और इंटेलिजेंस के डीजी कुंदन कृष्णन ने मीडिया से बातचीत में इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही बातें भ्रामक और बेबुनियाद हैं।
भ्रामक है दावा-बिहार पुलिस
बच्चे को बिल्कुल भी हिरासत में नहीं लिया गया था। प्रदर्शन के दौरान मची अफरातफरी और सुरक्षा के खतरों को देखते हुए पुलिस जवानों ने बच्चे को सिर्फ भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाके से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रशासन का कहना है कि जहां लाठीचार्ज और वॉटर कैनन चल रहे हों, वहां किसी छोटे बच्चे का मौजूद रहना उसके लिए जानलेवा साबित हो सकता था। इसी वजह से जवानों ने उसे वहां से हटाना जरूरी समझा। पुलिस ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से बिना जांच-पड़ताल के किसी भी भ्रामक खबर को शेयर न करने की अपील की है।
6 साल के बच्चे ने सीएम का मांगा इस्तीफा
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस 6 साल के बच्चे ने सीएम सम्राट चौधरी का इस्तीफा मांग लिया। इस छोटे से बच्चे Gen-Alpha ने कहा - छात्रों पर बंदूक चलाने का आदेश किसने दिया, जवाब दो या बिहार के CM सम्राट चौधरी इस्तीफा दो। " 307 का धारा लगना चाहिए, इन लोगों ने देश के भविष्य का माथा फाड़ा है। आपने नौकरी-रोडगार देने का वादा किया। कहां गया आपका नौकरी रोजगार सम्राट चौधरी जी, सबको आपने बेरोजगार कर दिया है, आप इस्तीफा दे दीजिए।" सोशल मीडिया पर वायरल यह बच्चा आगे कहता है कि अगर लाठी चलेगा तो पहला लाठी हम खाएंगे, गोली भी खाएंगे जेल जाना पड़े तो जेल जाएंगे, लेकिन इस भ्रष्टाचारी सरकार के खिलाफ लड़ेंगे ताकि जब मैं बड़ा होऊं तब शिक्षा में भ्रष्टाचार ना हो। बच्चा कहता है कि SP को लाठी चलाने का आदेश किसने दिया?
