एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही (Nora Fatehi) इन दिनों चर्चा में बनी हुई हैं। नोरा ने हाल ही में अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि जब उनका नाम 200 करोड़ रुपये के कथित ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrasekhar) से जुड़ा था, तब वह बुरी तरह टूट गई थीं। इस पूरे मामले का असर उनके करियर पर भी पड़ा और उन्हें कई काम और ब्रांड्स से हाथ धोना पड़ा। आइए इस रिपोर्ट में जानते हैं नोरा फतेही ने क्या कहा...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-'आप बहुत याद आओगे...' कुकू कोहली की मौत से Ajay Devgn का टूटा दिल)
नोरा फतेही का छलका दर्द
ड्रीम विद डॉ. शीन पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान नोरा फतेही ने कहा कि वह उस समय को कभी नहीं भूल सकतीं। उन्होंने बताया कि इस मामले ने उन्हें इतना डरा दिया था कि आज भी किसी इवेंट में जाने से पहले उनके मन में डर बना रहता है कि आगे क्या होगा। नोरा ने कहा कि इस विवाद के जरिए उनके बारे में कई झूठी बातें फैलाई गईं। नोरा ने कहा कि उनकी मां और करीबी दोस्त उन्हें अच्छी तरह जानते हैं, इसलिए उन्होंने इन बातों पर भरोसा नहीं किया। लेकिन अगर वे उन्हें करीब से नहीं जानते होते तो शायद उनके बारे में फैलाई गई झूठी बातों पर विश्वास कर लेते। उन्होंने बताया कि इस विवाद के कारण उन्हें कई ब्रांड्स और काम गंवाने पड़े। आज भी कुछ लोग कहते हैं कि वह सुकेश को जानती थीं या उन्होंने उन्हें डेट किया था, जबकि नोरा ने इन बातों को पूरी तरह गलत बताया।
नोरा ने आगे कहा कि वह एक इवेंट में गई थीं और वहां सुकेश के परिवार और उनकी पत्नी से मिली थीं। उन्हें कार और कुछ गिफ्ट्स भी मिले थे, लेकिन उन्हें बताया गया था कि यह सामान्य बात है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल सोच-समझकर करने की अपील करते हुए कहा कि किसी के बारे में झूठी बातें फैलाने से पहले लोगों को उसके असर के बारे में सोचना चाहिए। नोरा ने ईडी की पूछताछ को लेकर भी बात की। उस दौर को याद करते हुए उन्होंने इसे बेहद डरावना बताया। उन्होंने कहा कि करीब दो साल तक चली इस मुश्किल स्थिति में वह खुद को काफी अकेला महसूस करती थीं और उन्हें ज्यादा मदद भी नहीं मिली। नोरा ने कहा कि इन दो सालों में उन्होंने बहुत कुछ झेला। उन्हें दुख इस बात का था कि उनके बारे में यह कहानी बनाई गई कि वह सुकेश को जानती थीं, उन्हें डेट करती थीं और उनसे पैसे लिए थे। नोरा ने कहा कि यह समय उनके लिए बेहद मुश्किल, उलझन भरा और दर्दनाक था।
