Brain Health: हमारा दिमाग- याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता, भावनाओं और फैसले लेने की ताकत को कंट्रोल करता है। लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में हम कई ऐसी आदतें अपना लेते हैं, जो धीरे-धीरे हमारे दिमाग की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं। उम्र बढ़ना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन गलत लाइफस्टाइल की वजह से दिमाग समय से पहले कमजोर होने लग सकता है। लंबे समय तक खराब आदतें अपनाने से याददाश्त कमजोर होने, ध्यान लगाने में परेशानी और कई न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। अच्छी बात यह है कि इन आदतों में बदलाव करके दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है। आइए जानते हैं उन आदतों के बारे में जिन्हें आपको अपनी जिंदगी से धीरे-धीरे दूर करना चाहिए।
हाई ब्लड प्रेशर को नजरअंदाज करना और कम सोना
ब्लड प्रेशर बढ़ना शरीर के साथ-साथ दिमाग के लिए भी खतरनाक हो सकता है। ज्यादा समय तक हाई बीपी रहने से दिमाग की नसों पर दबाव पड़ता है और स्ट्रोक या याददाश्त से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच करवाना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इसे कंट्रोल में रखना जरूरी है। इसके अलावा कम सोना सिर्फ थकान की वजह नहीं बनता, बल्कि इसका असर दिमाग पर भी पड़ता है। अच्छी नींद के दौरान हमारा दिमाग खुद को साफ करता है और दिनभर की थकान को दूर करता है। अगर आप लगातार कम नींद लेते हैं तो याददाश्त, फोकस और सोचने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। कोशिश करें कि रोज 7 से 9 घंटे की नींद जरूर लें।
हमेशा तनाव में रहना और पूरा दिन बैठे रहना
लगातार तनाव में रहना दिमाग के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ज्यादा तनाव से शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ता है, जिसका असर याददाश्त और सीखने की क्षमता पर पड़ सकता है। इसके अलावा अगर आपकी दिनचर्या में ज्यादा समय बैठकर बिताना शामिल है, तो यह दिमाग के लिए अच्छा संकेत नहीं है। शारीरिक गतिविधि कम होने से शरीर में ब्लड फ्लो प्रभावित हो सकता है। रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज चलना या कोई एक्सरसाइज करना दिमाग को एक्टिव रखने में मदद कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीठा खाने के बाद फिर मीठा खाने का मन क्यों करता है? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे छिपी बड़ी वजहें
ज्यादा जंक और प्रोसेस्ड फूड खाना, धूम्रपान और ज्यादा शराब पीना
बर्गर, चिप्स, ज्यादा मीठी चीजें और पैकेज्ड फूड स्वाद में अच्छे लग सकते हैं, लेकिन इनका ज्यादा सेवन शरीर और दिमाग दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इनमें मौजूद ज्यादा चीनी, नमक और खराब फैट शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं, जिसका असर ब्रेन हेल्थ पर भी पड़ता है। दिमाग को स्वस्थ रखने के लिए फल, सब्जियां, नट्स और पौष्टिक खाना खाएं। इसके अलावा सिगरेट और ज्यादा शराब का सेवन दिमाग की सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। धूम्रपान से शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई कम होती है और ब्लड वेसल्स प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, ज्यादा शराब पीने से समय के साथ याददाश्त और सोचने की क्षमता कमजोर हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ रखने के आसान तरीके
दिमाग की उम्र को धीमा रखने के लिए अपनी लाइफस्टाइल में छोटे-छोटे बदलाव करें। अच्छी नींद लें, रोज थोड़ा एक्सरसाइज करें, हेल्दी खाना खाएं और तनाव को कम करने की कोशिश करें। याद रखें, दिमाग की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है जितनी शरीर की। आज की अच्छी आदतें ही आने वाले समय में आपकी याददाश्त और मानसिक क्षमता को मजबूत बनाए रख सकती हैं।
