Ayurvedic Remedies For Constipation And Bloating In Hindi: क्या आप भी सुबह उठते ही भारीपन महसूस करते हैं? शौच के लिए जाते हैं मगर पेट साफ नहीं होता, गैस बनती है और पूरा दिन चिड़चिड़ा सा गुजरता है? आजकल ये शिकायतें आम हो गई हैं, लेकिन इसका हल भी हमारे घर में ही है।
आयुर्वेदिक डॉक्टर और हेल्थ इंफ्लुएंसर डॉ. चैताली राठौर बताती हैं कि कुछ आसान सी आदतें और घरेलू नुस्खे अपनाकर हम इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं। न तो कोई भारी दवाएं चाहिए और न ही महंगे ट्रीटमेंट। बस, रोजमर्रा की चीजों को सही समय पर और सही तरीके से लेने की जरूरत है। चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं....
कब्ज और पेट फूलने के लिए आयुर्वेदिक नुस्खे - Natural Herbal Remedies Bloating And Constipation In Hindi
भीगे मुनक्का से दिन की सही शुरुआत
डॉ. चैताली बताती हैं कि मुनक्का यानी काले किशमिश को आयुर्वेद में द्राक्षोत्तम फल कहा गया है। यह पेट को साफ करने में बेहद मददगार है। अगर आप सुबह उठते ही 5-6 मुनक्का जो रातभर पानी में भिगोए गए हों, उन्हें खा लें, तो यह पाचन सुधारता है और शरीर से विषैले तत्व भी बाहर निकालता है। इससे पित्त संतुलन भी बना रहता है और पेट हल्का महसूस होता है।
गर्म पानी यानी उषापान से मिलेगी राहत
सुबह उठते ही गुनगुना पानी पीना आयुर्वेद में उषापान कहा जाता है। यह छोटी सी आदत शरीर के मेटाबॉलिज़्म को एक्टिव कर देती है और कब्ज की परेशानी को जड़ से खत्म करती है। अगर रोजाना एक गिलास गर्म पानी से दिन की शुरुआत करें, तो पेट फूलना, गैस और भारीपन जैसी दिक्कतें खुद-ब-खुद कम हो जाएंगी।
हर्बल चाय से पाचन होगा दुरुस्त
अगर आप बार-बार गैस और ब्लोटिंग की परेशानी से जूझते हैं, तो डॉ. राठौर की बताई हुई हर्बल चाय जरूर ट्राय करें। इसमें धनिया के बीज, सौंफ, अदरक, मेथी और पुदीना होता है, जिसे 5-7 मिनट उबालकर पिया जाता है। यह चाय ना सिर्फ पेट को ठंडक देती है, बल्कि पाचन को भी सुधारती है और सुबह पेट आसानी से साफ हो जाता है।
अंजीर से मिलेगा फाइबर और आराम
अंजीर यानी अंजीर को आप पका हुआ ताजा फल के रूप में खा सकते हैं या फिर सूखा अंजीर रातभर पानी में भिगोकर सुबह सेवन कर सकते हैं। इसमें मौजूद फाइबर मल को नरम बनाता है, जिससे मलत्याग में परेशानी नहीं होती। यह कब्ज के पुराने मामलों में भी असरदार साबित होता है।
हर खाने में जरूर हो देसी गाय का घी
आयुर्वेद के अनुसार, देसी गाय का घी न सिर्फ पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है बल्कि शरीर में ओज भी बढ़ाता है। डॉ. चैताली की सलाह है कि हर मील यानी दोपहर और रात के खाने में एक-एक चम्मच देसी घी जरूर शामिल करें। इससे खाना जल्दी पचता है और पेट हल्का रहता है।
अगर आपको भी रोज सुबह पेट साफ नहीं होने, कब्ज और पेट फूलने की शिकायत है, तो ये 5 आयुर्वेदिक नुस्खे आपकी दिनचर्या में शामिल करें। डॉ. चैताली राठौर के ये टिप्स आसान हैं, घर पर मौजूद चीजों से बनाए जा सकते हैं और इनका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। बस थोड़ा धैर्य और नियमितता की जरूरत है। एक बार आदत बन जाए, तो पेट की ये आम लेकिन परेशान करने वाली समस्या हमेशा के लिए दूर हो सकती है।
