Gut Health Rules Ayurveda: आजकल ज्यादातर लोग गैस, कब्ज, पेट फूलना या भारीपन जैसी परेशानियों से जूझ रहे हैं। कई बार हम इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन सच यह है कि पेट की सेहत ही हमारी पूरी बॉडी का बेस होती है। अगर डाइजेशन सही नहीं है, तो इसका असर एनर्जी लेवल, मूड और इम्यूनिटी तक पर दिखने लगता है। आयुर्वेद में गट हेल्थ को बहुत अहम माना गया है। आयुर्वेदिक डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट चैतली राठौर बताती हैं कि पेट को स्वस्थ रखने के लिए आपको बहुत बड़ी-बड़ी चीजें करने की जरूरत नहीं है। बस रोज की लाइफ में कुछ आसान आदतें जोड़ लें, तो फर्क साफ नजर आने लगता है। ये नियम सुनने में छोटे लग सकते हैं, लेकिन असर लंबे समय तक रहता है।
खाने से पहले थोड़ा मीठा खाने की आदत
आयुर्वेद के अनुसार, खाना शुरू करने से पहले थोड़ा मीठा खाने से पाचन प्रक्रिया एक्टिव होती है। इससे पेट खाने के लिए तैयार हो जाता है और डाइजेश (digestion tips) न बेहतर होता है। हालांकि यह बात ध्यान रखें कि अगर आपको डायबिटीज है, तो इस आदत से बचना चाहिए या डॉक्टर से सलाह लेकर ही अपनाना चाहिए।पेट को थोड़ा खाली छोड़ना भी जरूरी
अक्सर हम स्वाद के चक्कर में जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं, जिससे पेट पर दबाव पड़ता है। आयुर्वेद कहता है कि हमेशा अपनी भूख का लगभग 80% ही खाना चाहिए। इससे खाना आसानी से पचता है और गैस या भारीपन की समस्या नहीं होती।
खाने के बाद थोड़ी वॉक का रखें ध्यान
खाने के बाद तुरंत लेट जाना या एक जगह बैठ जाना पाचन को धीमा कर देता है। इसलिए कोशिश करें कि खाना खाने के बाद कम से कम 5-10 मिनट हल्की वॉक जरूर करें, यानी करीब 100 कदम चलें। इससे पेट हल्का रहता है और खाना जल्दी पचता है।
लंच के साथ छाछ को बनाएं आदत
घर की बनी छाछ पाचन के लिए बहुत फायदेमंद मानी जाती है। इसमें मौजूद अच्छे बैक्टीरिया पेट को ठंडक देते हैं और डाइजेशन को सुधारते हैं। खासकर दोपहर के खाने के साथ छाछ लेने से गैस और एसिडिटी की समस्या कम हो सकती है।
सौंफ और मिश्री से करें दिन का आखिरी निवाला
खाने के बाद सौंफ और मिश्री खाना सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है। सौंफ पेट को ठंडक देती है और पाचन को शांत करती है, वहीं मिश्री हल्की मिठास देकर खाने को संतुलित बनाती है। इससे मुंह भी फ्रेश रहता है और पेट भी आराम महसूस करता है।
अगर आप चाहते हैं कि आपका पेट हमेशा हल्का और स्वस्थ रहे, तो इन छोटे-छोटे आयुर्वेदिक नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें। जैसा कि चैतली राठौर समझाती हैं, नियमित रूप से अपनाई गई छोटी आदतें ही बड़े बदलाव लाती हैं। धीरे-धीरे आपका डाइजेशन बेहतर होगा और गैस-कब्ज जैसी समस्याएं अपने आप कम होने लगेंगी।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
