सावन का महीना चल रहा है। बहुत से लोग सावन के सोमवार का व्रत भी रखते हैं। व्रत के दौरान सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि ऐसा क्या बनाया जाए जो स्वादिष्ट भी हो, पेट भी भर दे और बनाने में ज्यादा समय भी न लगे। अगर आप भी हर बार साबूदाना खिचड़ी या आलू की टिक्की बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार समा के चावल और कच्चे आलू से बना क्रिस्पी चीला ट्राई कर सकते हैं।
इस रेसिपी की खासियत यह है कि इसमें समा के चावल, कच्चे आलू और मूंगफली का ऐसा मेल है, जो स्वाद के साथ-साथ अच्छी टेक्सचर भी देता है। ऊपर से धनिया और मूंगफली की व्रत वाली चटनी इसका स्वाद और बढ़ा देती है। फूड ब्लॉगर कबिता सिंह ने इसकी रेसिपी अपने यू ट्यूब चैनल Kabita's Kitchen पर शेयर की है।
सबसे पहले तैयार करें व्रत वाली चटनी
इस रेसिपी के साथ परोसी जाने वाली चटनी बहुत आसान है। इसके लिए मिक्सर जार में ताजा धनिया, हरी मिर्च, एक इंच अदरक, भुनी हुई मूंगफली, सेंधा नमक, दो चम्मच दही और थोड़ा-सा पानी डालकर पीस लें। मूंगफली की वजह से चटनी का टेक्सचर गाढ़ा और क्रीमी बनता है। दही इसमें हल्की खटास जोड़ देता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सामान्य हल्दी की तुलना में क्यों खास है मेघालय की ये लकाडोंग हल्दी
समा के चावल का बैटर ऐसे करें तैयार
एक कप समा के चावल को करीब आधे घंटे तक पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद चावल को आधा कप दही के साथ मिक्सर में पीस लें। बैटर थोड़ा पतला रहेगा, लेकिन बाद में बाकी सामग्री मिलाने पर इसकी कंसिस्टेंसी अपने आप ठीक हो जाएगी। अब इस बैटर को एक बड़े बाउल में निकाल लें।
कच्चा आलू और मूंगफली बढ़ाएंगे स्वाद
इस रेसिपी का सबसे खास हिस्सा है कच्चे आलू का इस्तेमाल। एक आलू को छीलकर कद्दूकस कर लें। ध्यान रखें कि आलू को सबसे आखिर में ही कद्दूकस करें, ताकि वह काला न पड़े। इसके बाद एक चौथाई कप भुनी हुई मूंगफली को दरदरा कूट लें। दरदरी मूंगफली खाने में अच्छा क्रंच देती है।
अब बैटर में कद्दूकस किया हुआ आलू, मूंगफली, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
चीला बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
एक नॉन-स्टिक तवा अच्छी तरह गर्म करें। उस पर थोड़ा-सा घी या तेल लगाएं। अब बैटर डालकर उसे चीले की तरह फैला दें। गैस की आंच लो से मीडियम रखें। क्योंकि इसमें कच्चा आलू डाला गया है, इसलिए इसे सामान्य चीले की तुलना में थोड़ा ज्यादा समय देकर पकाएं। जब नीचे की सतह सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तब पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेक लें।
अगर चाहें तो छोटे-छोटे पैनकेक भी बना सकते हैं। वहीं बड़े आकार का चीला बनाकर उसे चार टुकड़ों में काटकर परोसने से प्लेटिंग भी आकर्षक लगती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जब नवाब की बेबसी से बदली बिरयानी की सूरत
क्यों खास है यह रेसिपी?
इस चीले में समा के चावल की हल्की खुशबू, आलू की नरमी और मूंगफली का कुरकुरापन एक साथ मिलता है। यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। धनिया और मूंगफली की चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। इसे दही के साथ नाश्ते, ब्रंच या हल्के भोजन के रूप में भी परोसा जा सकता है। वैसे आपके घर में व्रत के नियम अलग हैं और कुछ सामग्री नहीं खाई जाती, तो आप अपनी परंपरा के अनुसार हरी मिर्च, धनिया या अन्य सामग्री को आसानी से हटा सकते हैं।
अगर आप इस बार सावन के व्रत में कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो समा के चावल और आलू का यह क्रिस्पी चीला एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। कम सामग्री, आसान विधि और शानदार स्वाद- यही इस रेसिपी की सबसे बड़ी खूबी है।
