Watery Eyes: अगर आंखों से निकलता रहता है पानी, तो हो जाएं सतर्क, जानें क्या हैं इसके कारण और घरेलू उपाय

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 4, 2022, 04:16 PM IST

Watery Eyes : गर्मी के मौसम में अक्सर आंखों में जलन और पानी बहने की समस्या देखने को मिलती है। हालांकि, मौसम बदलने के साथ होने वाली ये समस्या आम होती है, लेकिन लगातार आंखों से पानी आना चिंता की बात हो सकती है। इस समस्या के कई कारण हो सकते हैं, जिनसे कुछ घरेलू उपायों के जरिए छुटकारा पाया जा सकता है।

Watery Eyes: अगर आंखों से निकलता रहता है पानी, तो हो जाएं सतर्क, जानें क्या हैं इसके कारण और घरेलू उपाय

Causes Of Watery Eyes: आंसू आंखों की नमी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंसू में पानी और नमक होता है, जो पलकों की त्वचा के नीचे की ग्रंथियों में बनते हैं। ये आंसू आंखों में जमा धूल और गंदगी को धोने और आंखों में से बाहर निकालने का काम करते हैं। यह सामान्य है, लेकिन आंखों से अगर लगातार पानी आ रहा है तो ये चिंता का विषय हो सकता है। इसका कारण आई एलर्जी, कंजक्टिवाइटिस (आंख आना) और कॉन्टैक्ट लैंस पहनना भी हो सकता है। अगर समस्या गंभीर है तो डॉक्टर को दिखाना जरूरी होता है, लेकिन सामान्य परेशानी से छुटकारा पाने के लिए आप कुछ घरेलू उपाय कर सकते हैं। हम आपको बताते हैं आंख से पानी आने की समस्या से छुटकारा पाने के कुछ घरेलू नुस्खें, लेकिन पहले जान लेते हैं आंखों से पानी आने का कारण।

आंखों से पानी आने का कारण

​कंजक्टिवाइटिस की दिक्कत

आंख से पानी आने का कारण कंजक्टिवाइटिस (आंख आना) की समस्या हो सकती है। ये परेशानी एक आंख से शुरू होकर दोनों आंखों में हो सकती है। ये समस्या दो तरह की होती है एक एलर्जी और दूसरा वायरल। अगर एलर्जी है तो इसके लिए ड्रॉप्स और ठंडी सिकाई बेहतर रहेगी।

​कॉन्टेक्ट लैंस बन सकता है पानी आने की वजह

कई बार लंबे समय तक कॉन्टैक्ट लैंस पहनना भी आंख से पानी आने का कारण बन सकता है। अगर लैंस पहनने से आंखों में पानी आने के साथ-साथ जलन और चुभन भी होती है तो लैंस को निकाल देना बेहतर होता है। इस समस्या से बचने के लिए चश्मे का प्रयोग किया जा सकता है।

पिंकआई

आंखों से पानी आने का एक सामान्य कारण होता है पिंक आई। इस समस्या में आंखें गुलाबी हो जाती है और उनमें जलन और खुजली होती है। ऐसा अमुमन बैक्टीरिया या वायरल की वजह से होता है, जिसे आई ड्रॉप और कुछ घरेलू नुस्खों से ठीक किया जा सकता है।

आंखों की समस्याओं से निजात पाने के लिए करें ये घरेलू उपाय

ठंडी सिकाई से मिलेगा आराम

आंखों से लगातार आ रहे पानी की समस्या को दूर करने के लिए ठंडी सिकाई बेहतर मानी जाती है। इससे आंखों की जलन दूर करने में मदद मिलती है। इसके लिए एक बर्फ के टुकड़े को सूती कपड़े में बांधकर कुछ देर तक आंख पर रखें। इसके अलावा ठंडे पानी में कपड़े को भिगोकर भी आंखों की सिकाई की जा सकती है।

शहद से मिलेगी राहत

कंजक्टिवाइटिस(आंख आना) की समस्या से राहत पाने के लिए आयुर्वेद में शहद काफी कारगर माना गया है। शहद में एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं। शहद को पलकों पर लगाने से कंजक्टिवाइटिस की समस्या से निजात मिलता है।

टी बैग रहेगा फायदेमंद

रिसर्च में पाया गया है कि टी बैग में एंटी-ऑक्सीडेंट्स और इनफ्लेमेंटरी गुण होते हैं, जो कई तरह की आंखों की समस्याओं से छुटकारा दिलाने में सहायक होते हैं। इसे यूज करने के लिए ठंडे पानी में भिगोकर निचोड़ने के बाद 15 मिनट तक आंखों पर रखें, आराम मिलेगा।

आंखों की जलन को दूर करे गुलाब जल

आंखों की जलन को दूर करने के लिए गुलाब जल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक कॉटन पैड को गुलाब जल में भिगोकर 10-15 मिनट आंखों पर रखे। इससे आंखों की जलन और सूजन दोनों में आराम मिलेगा।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article