भारत में 2025 तक कैंसर के होंगे 15 लाख से ज्यादा मरीज, महिलाओं को ज्यादा खतरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 24, 2022, 05:48 PM IST

PM Modi Inaugurate Cancer Hospital in Chandigarh: कैंसर अब धीरे-धीरे भारत में एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। अनुमान के मुताबिक साल 2025 तक देश में 15 लाख से ज्यादा कैंसर के मरीज होंगे।

भारत में 2025 तक कैंसर के होंगे 15 लाख से ज्यादा मरीज, महिलाओं को ज्यादा खतरा
Photo Credit: BCCL

PM Modi Inaugarate Cancer Hospital in Chandigarh:पीएम नरेंद्र मोदी ने आज चंडीगढ़ में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कैंसर से डरे नहीं। पीएम मोदी ने कहा कि अच्छे हेल्थकेयर सिस्टम का मतलब सिर्फ चार दीवारें बनाना नहीं होता है। हेल्थकेयर सिस्टम तभी मजबूत होता है, जब वो हर तरह से समाधान दे। इसलिए बीते 8 वर्षों में देश में होलिस्टिक हेल्थकेयर को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा गया है। 

कैंसर अब धीरे-धीरे भारत में एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। अनुमान के मुताबिक 2025 तक देश में 15 लाख से ज्यादा कैंसर के मरीज होंगे। यही नहीं पुरूषों की तुलना में महिलाओं में कैंसर के ज्यादा मामले आ रहे हैं। नैशनल कैंसर रजिस्‍ट्री प्रोग्राम रिपोर्ट के अनुसार, साल 2020 में 13.92 लाख कैंसर के मरीज रजिस्टर्ड थे।

तंबाकू सबसे बड़ा खतरा

रिपोर्ट के अनुसार भारत में कैंसर के लिए सबसे बड़ा खतरा तंबाकू है। जिसकी कुल कैंसर के मामले में करीब 27 फीसदी हिस्सेदारी है। और यही स्थिति 2025 तक बने रहने की आशंका है। इसके बाद गैस्ट्रो और स्तन कैंसर के सबसे ज्यादा मामले पाए जाते हैं।

कैंसर का प्रकार साल 2020 में कुल मामले साल 2025 में कुल मामले (संभावित)
तंबाकू से संबंधित 377830 (27.1%) 427273
पेट और आंत संबंधित 273982 (19.7 %) 310142
कर्विक्स यूटेरी 75209   (5.4 %) 85241
स्तन 205424 (14.8 %) 232832
गर्भाशय और उससे संबंधित 70400  (5.1 %) 79765
प्रोस्टेट 41532  (3.0 %) 47068
तंत्रिका तंत्र 32729 (2.4%) 36258
कुल 1392179 1569793

महिलाएं ज्यादा कैंसर से पीड़ित

रिपोर्ट के अनुसार साल 2020 में देश में  712758 महिलाएं कैंसर से पीड़ित थी। वहीं कैंसर से पीड़ित पुरूषों की संख्या 679421 थी। यानी देश के कुल कैंसर मरीजों में करीब 51 फीसदी महिलाएं हैं। जबकि 49 फीसदी पुरूषों की संख्या है। परेशान करने वाली बात यह है कि 2025 तक भी ऐसी ही स्थिति रहने वाली है। उस समय देश में कुल 15.69 लाख लोग कैंसर से पीड़ित होंगे। इसमें 806218 लाख मामले महिलाओं से संबंधित होंगे। जबकि 763575 मामले पुरूषों से संबंधित होंगे।

बच्चों में भी मामले बढ़े

नैशनल कैंसर रजिस्‍ट्री प्रोग्राम की साल 2021 की रिपोर्ट एक और अहम खुलासा करती है। रिपोर्ट के अनुसार 0-14 साल के बच्चों में भी कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। और कुल मामलों में इनकी संख्या करीब 4 फीसदी है। यानी कैंसर से पीड़ित हर 100 व्यक्ति में से 4 बच्चे हैं। बच्चों में पाए जाने वाले कैंसर में सबसे ज्यादा मामले ल्यूकोमिया, हड्डियों में ट्यूमर के पाए जाते हैं। जहां तक सबसे ज्यादा कैंसर के मामले किस उम्र के लोगों में पाए जाते हैं, तो उसमें 45-64 की उम्र के लोग सबसे ज्यादा पीड़ित हैं।

End of Article